Tuesday 11 February 2020

कल्पना में अनहद स्वतंत्रता

निर्मल वर्मा मुझे उदासी के माहौल में ज्यादा समझ आते हैं। कुलदीप नैयर की किताब खत्म हुई तो निर्मल को पढ़ना था लेकिन आज शुरू नहीं किया। कई पत्रिकाएं भी ले आए थे। उन्हें भी नहीं पढ़ा गया। कारण सबका एक है। आज हृदय पर उदासी का चश्मा नहीं लगा पाए। अपनी उदासी कुछ देर के लिए कहीं चली गई है। शायद, कल लौट आए, तब पढ़ेंगे। उसके लौट आने का पक्का विश्वास है क्योंकि वही तो है जो कभी कोई वादा नहीं करती मगर लौट आती है अपने आप। जैसे मेरे हृदय के अलावा उसका कहीं घर न हो।

अपनी उदासी से अक्सर मुझे अपनी गइया याद आ जाती है। हमारे घर की गाय, जिसके साथ की बचपन की कई यादें हैं। खेतों में जब फसलें नहीं होती थीं तब बाबा उसे सुबह चरने के लिए छोड़ देते थे। पगहा खुलते ही वह तेजी से भागती। खेतों में दूर तक चरने के बाद वह शाम को अपने आप घर भी लौट आती। ऐसा भी हुआ कई बार कि वह वापस नहीं आई। दो दिन बीतते। तीन दिन बीतते। फिर अचानक एक सांझ वह फिर लौट आती। जैसे, उसे पता हो कि उसका ठिकाना यही है। उसका घर यही है। कई बार नहीं आती तो उसे ढूंढने के लिए जाना पड़ता। पगहा लेकर हम गांव के प्रांतरों में घूमते। वह हमें देखते ही भागने लगती। हम उसके पीछे दौड़ते। वह हमसे तेज भाग सकती थी लेकिन कुछ देर बाद जैसे उसे अपराधबोध हो जाता हो और वह रुक जाती। फिर हम पगहा उसके गले में डाल देते और उसे घर वापस ले आते।

गइया को तब मैं जब भी देखता था थोड़ा-सा द्रवित हो जाता था। मेरी नज़र उसके आंसुओं पर जाकर टिक जाती थी। आंसू होते थे या नहीं, मुझे इसकी जानकारी नहीं है लेकिन उस श्वेतकाय की आंखों के कोरों पर एक दाग था। जिसे हम आंसू का दाग ही मानते थे। हमें लगता था कि जब हम सब सो जाते हैं तब वह अंधेरे में अकेले बैठकर रोती है। उसका दर्द क्या है, यह पता नहीं है लेकिन ऐसा लगता था कि कुछ तो है जिससे वह दुखी रहती है। जिसकी वजह से वह रात के अंधेरे में अकेले बैठकर रोती भी है।

गइया को देखकर लगता कि सांझ की तरह उसके जीवन में कैसी उदासी पसरी हुई है। उसकी भौहें ऐसी लगतीं जैसे वह निराश हो लेकिन कुछ बेहतर होने की आशा को भी छोड़ न पा रही हो। मैंने सिर्फ अनुमान लगाया कि उसके जीवन का दुख उसकी पराधीनता भी हो सकती है। वह दिन भर पगहे से तो बंधी रहती है। मड़ई के प्रतिकूल वातावरण में एक खूंटे के इर्द-गिर्द जीना उसकी विवशता है। उसके पास दुखी होने के पर्याप्त कारण हैं क्योंकि वह स्वतंत्र उतनी ही है जितना उसका स्वामी उसे स्वतंत्रता की इजाजत देता है।

बोनसाई बना दी गई स्वछंदतात्मक चेतना
मैं अक्सर यह सोचता था कि वह चरने के लिए छोड़े जाने के बाद वापस क्यों आ जाती थी? उसके पास भाग जाने का अवसर होता था। बाबा को भी कभी डर नहीं लगा कि वह जाएगी तो वापस नहीं आएगी। क्या वह दिन भर के भरपेट भोजन के बाद और थोड़ी-सी स्वतंत्रता का भी स्वाद चख लेने के बाद पगहे से बांधे जाने की वेदना भूल जाती थी? अपने उदास अन्तःस्थल से क्या वह सर्वथा निरपेक्ष हो जाती थी? या फिर बोनसाई बना दी गई उसकी स्वछंदतात्मक चेतना उसे भयभीत कर देती थी, जिससे बचने के लिए उसे वापसी के अलावा कोई दूसरा रास्ता नहीं सूझता था।

भाग क्यों नहीं जाती?
मुझे कई बार लगा कि अगर वह मेरी भाषा समझती तो उसके कान में धीरे से जाकर कह देता कि क्यों लौट आती है, पागल? स्वतंत्र होना दो जून के भूसे-चोकर की नियमित व्यवस्था के आश्वासन से कहीं ज्यादा श्रेष्ठ और सुंदर है। इसे क्यों नहीं समझती! पगहा छूट जाने के बाद यह धरती वहां तक तेरी है जहां तक तू अपने चार पैरों से जा सकती है। अपनी अनहद हद को पहचानती क्यों नहीं? मैं तुझे बता रहा हूँ, तेरे इस मालिक ने तेरी स्वतंत्रता को प्रशिक्षित कर दिया है। तेरी प्रशिक्षित आज़ादी बार-बार गांव के सीमांत चारागाह से वापस लौट आती है। वह फिर-फिर ग़ुलाम हो जाती है। यह बार-बार की ग़ुलामी से आज़ाद क्यों नहीं हो जाती। तू भाग क्यों नहीं जाती?

लेकिन, हमारे बीच सम्प्रेषण के लिए भाषायी व्यवधान हमेशा ही बना रहा। फिर, एक दिन गइया ने एक बछरू को जन्म दिया। प्यारा- सा बछरू अपनी मां के पास अचेत पड़ा था। सोया हुआ। लालिमायुक्त मस्तक। श्वेतार्द्र शरीर। बग़ल में सद्यप्रसूता मां भी अचेत। बछरू का नाम हमने 'मिन्टन' रखा। मिन्टन का जाने क्या अर्थ होता है लेकिन उसका नाम यही था। पैदा होने के कुछ ही घंटों बाद उसने धमाचौकड़ी मचाना शुरू कर दिया। पूरा दुआर नाप लिया। दुआर से बाहर भी चला गया।


तंत्र-भंग की संभावना
एक पल को लगा कि यह नवजात, नव गोवंश, नई प्रजाति, उदास-मजबूर गइया की नई पीढ़ी अपने समुदाय की अधीनता के सारे तंत्रों को तोड़ देगा। वह अपनी मां की तरह न तो रुकेगा और न वापस ही आएगा। बंधन इसकी प्रवृत्ति के प्रतिकूल की चीज होगी और वह भाग जाएगा। वह अपनी माँ की तरह पगहे से बंधने की बेवकूफी नहीं करेगा।

मैं खुश हो रहा था और उसकी उछलकूद का आनंद ले रहा था। साथ ही इंतज़ार भी कर रहा था कि वह अपनी प्रजाति-अपनी गायता की स्वतंत्रता के बोन्साईत्व को ध्वस्त कर दे और बंधन की ओर कभी न लौट आने के लिए भाग जाए। फिर एक दिन पता चला कि बछरू भाग गया। बाबा के आदेश पर हम सभी भाई उसे ढूंढने खेतों की ओर चले गए। खूब ढूंढा लेकिन वह नहीं मिला। इस बीच गइया दुआर पर लगातार उसे पुकारती रही। उसकी भाषा में सिर्फ एक ध्वनि थी। उसी ध्वनि में अलग-अलग भाव होते थे।

उसकी भौहें और चढ़ गईं। आंखें गीली हो गईं। उसकी रोजाना के रम्भाने की ध्वनि आज थोड़ी-सी द्रवित थी। वह अपने नवजात को पुकार रही थी। मैंने उसकी एकध्वन्यात्मक भाषा के उस अकेले वाक्य में चिंता के कई सेंटेंस सुने। उसकी उस चिंता में हमारे खिलाफ भी रोष था कि हमने उसके अभी जन्मे बच्चे का ख्याल क्यों नहीं रखा।

गइया की आवाज़ दूर तक हमारे पीछे-पीछे आई। हम उसी के दबाव में मिन्टन को ढूंढते रहे लेकिन वह कहीं नहीं मिला। कुछ देर बाद गाय की पुकार भी बंद हो गई और शाम भी होने लगी। हम निराश घर की ओर लौटने लगे। गोधूलि की वेला थी। चरने के लिए छोड़ी गईं गांव की सभी गाएं अपनी मड़ई की ओर लौटने लगीं। चरवाहे लाठी हाथ में लिए अपनी भैसों को हांककर घर ले जाने लगे। धीरे-धीरे माहौल में शीतल नीरवता छाने लगी। अंधियार होने लगा। दादी अपनी जपमाली लेकर छत पर चली गईं। बाबा अपना बिस्तर ठीक करने लगे।

बोनसाईत्मक स्वतंत्रता में वापसी
तभी हम घर पहुंचे तो देखा कि मिन्टन अपनी मां के पास आंखे बंद किए बैठा है। मैं ठहरकर उन्हें देखने लगा। बहुत देर तक देखता रहा। मन में आया कि यह क्या दृश्य है? इसे किस तरह से देखा जाए। ममता का गुरुत्वाकर्षण, जिसके ईर्द-गिर्द बंधित होकर अंतरिक्ष की समस्त स्वतंत्रता को चक्कर लगाना ही पड़ता है। अभी तो मैं गाय की नस्ल की इस नई पीढ़ी की सम्भावनाओं को लेकर कैसा आशान्वित था। यह आशा भी बहुत दूर नहीं चल पाई। वह भी लौट आई। अपने बोनसाईत्मक स्वतंत्रता में। मिन्टन भी।

कुछ दिन बाद से मिन्टन के लिए नया पगहा आ गया। वह एक अलग खूंटे में बांधा जाने लगा ताकि अपनी मां का दूध न पी सके। गृहस्वामी का परिवार भी तो गइया के दूध का अधिकारी था। सारा दूध मिन्टन के ही पी जाने पर मनाही थी। आह! एक तो पराधीनता। वह भी सशर्त। मिन्टन के आने के बाद गइया में एक परिवर्तन आया कि वह अब कभी घर का रास्ता नहीं भूलती। आखिर वह मां है। अपने बच्चे को किसी और के भरोसे नहीं छोड़ सकती थी। वह दिन में चरने जाती और शाम ढलने से पहले लौट आती। यह उसकी परतंत्रता का नया संस्करण था और इस परतंत्रता का कोई विरोध न था। इसमें उदासी का स्वरूप एक संतोष में बदल जाता है। एक संतोष, जो ममता, स्नेह और जिम्मेदारी के संयोजन से बनती है और यह तो विश्वविदित है कि संतोष कभी भी स्वतंत्रता के खिलाफ ही होता है।

उदासी की तानाशाही
आत्मावलोकन करें तो पाएंगे कि एक अंतहीन उदासी का आना-जाना हमारे जीवन में भी है। इस उदासी में जो असंतोष है उससे हम मुक्ति की ओर नहीं जाना चाहते। हम संकुचित होते जाना चाहते हैं, संतोषित होते जाना चाहते हैं। हम जब उदासी के परिसर में होते हैं तो वह हमारे ऊपर किसी तानाशाह की तरह होती है। हम वही करने लगते हैं जो वह चाहती है। आप सोचिए तो पाएंगे कि उदासी के माहौल में आप ऐसी ही चीजें देखना-पढ़ना-सुनना चाहने लगते हैं, जो उसी के मिजाज की हो। इसीलिए, डॉक्टरों ने कहा कि उदास महसूस कर रहे हो तो हंसी-खुशी वाली चीजें देखो। उदासी से बाहर आने का यही तरीका है। उन्हें उदासी से कोई दुश्मनी नहीं है बल्कि वह आपको उदासी का दास बनने की अवस्था में फंसने से बचाने की कोशिश करते हैं।

निर्मल वर्मा इसीलिए उदासी के वक्त ज्यादा समझ आते हैं क्योंकि उनके साहित्य में किसी उदासमना के अनुकूल भरपूर बातें मिलेंगी। वह कई बार इस स्थिति से निकलने के बारे में भी बात करते हैं लेकिन यह बात समझने के लिए आपको उस स्थिति में होना भी तो पड़ेगा। अपने एक उपन्यास में वह लिखते हैं, 'इस दुनिया में कितनी दुनियाएँ ख़ाली पड़ी रहती हैं, जबकि लोग ग़लत जगह पर रहकर सारी ज़िंदगी गँवा देते हैं।'

गइया की दुनिया की कितनी जगहें सच में खाली थीं लेकिन वह उन जगहों को देख नहीं सकती थी क्योंकि स्वतंत्रता की उसकी कल्पना में पगहे से छूट जाना और गांव के अंतिम छोर के खेत तक घास चर आने से ज्यादा कुछ नहीं था। हमारी स्वतंत्रता का परिसर गइया से थोड़ा ज्यादा है इसलिए हमारे लिए पगहे से बंधी वह करुणा की पात्र बन जाती है जबकि हम खुद भी किसी दूसरे तरह के पगहे से बंधे हैं।

जीवन की गइया-गति
हम ठीक से देखें तो अपने जीवन की गइया-गति को भी ढूंढ सकते हैं। स्वतंत्रता की जो कल्पना हमारे मन में है, जिसको हम छूना चाहते हैं, जहां से लौटकर हम उसके सुंदर स्वप्नों के आनन्द में खो जाते हैं, क्या वह बस उतनी सी ही है? क्या हम अपने पगहे की पीड़ा को भूलकर बार-बार अवसरों की पुकार से मुंह नहीं मोड़ लेते और लौट नहीं आते उस मड़ई की ओर जहां जीवन के सुचारु संचालन की बेहतर व्यवस्थाएं हैं लेकिन आज़ादी नहीं है? पगहा है, खूंटा है, सांझ जैसी पसरी उदासी है और आंखों के नीचे आंसुओं के दाग!

मुझे ऐसा लगता है कि आज़ादी अभी भी कुछ वो है जिससे हमारी कल्पना का भी सम्पर्क नहीं है और कोई तो है जो इस चीज को देख रहा है लेकिन वह भी संप्रेषण के भाषायी व्यवधान के आगे विवश है। वह भी हमारे पास आकर हमारे कान में यह रहस्य नहीं बता सकता कि तुम्हारी आजादी तुम्हारे आकलन, तुम्हारी कल्पना से कहीं बड़ी है। जैसे ही पगहा छूटे, भाग जाओ और कभी वापस न आओ क्योंकि स्वतंत्रता दो जून के भूसे-चोकर की नियमित व्यवस्था के आश्वासन से कहीं ज्यादा श्रेष्ठ और सुंदर है।

बनारसः वहीं और उसी तरह

फोटोः शिवांक बनारस की चारों तरफ की सीमाएं गिनाकर अष्टभुजा शुक्ल अपनी एक कविता में कहते हैं कि चाहे जिस तरफ से आओ, लहरतारा, मडुआडीह, इलाहाबा...