Wednesday 19 December 2018

मनीष पोसवाल की कविताः सड़कें धरती की नसें हैं


एक सड़क सही मायनों में
कभी नहीं चलती, आगे बढ़ती।
और कमाल तो ये है कि
ना ही कभी रुकती, खत्म होती।
बस पगडंडियों, दगड़ों और बटियाओ में बंट जाती है,
बंटवारा कर देती है बसवाटों का,
खेतों का, पहाड़ों का ,मैदानों का।
सड़क नहीं खिसकती बिलांद भर भी,
सड़क नहीं सरकती सुई बराबर भी,
दुनिया की तमाम सड़कें
धरती की नसें हैं,
जो जिंदा रख रही हैं उसे,
और इन नसों में दौड रहे हैं हम।
नदी भी सड़कें हैं,
बस वहाँ बहता है पानी
आदमी की जगह।
सड़कें कहीं नहीं आ रही-जा रही,
वो तो हम हैं जो निकले हैं चिरयात्रा पर
जो मरकर ही खत्म होगी।

मनीष पोसवाल
Image result for roads art

Sunday 16 December 2018

समानांतरः उदासी का उत्सव

यह जीवन रिक्त स्थानों के कदम दर कदम चलने का बिंदुपथ है

Image result for depression
जब आप उस अजीब सी अनुभूति की छाया में होते हैं तब तक आप अलग ही एहसास से गुजर रहे होते हैं। वहां जीत-हार जैसी प्रतियोगिताएं भी होती हैं। दुख-आनंद से मनोभाव भी होते हैं। बहुत कुछ वाजिब लगता है। बहुत कुछ गलत लगता है। इन सबसे इतर रात के सन्नाटे में कभी शांत स्थिर दिमाग से सोचिए तो लगता है कि किस कहानी का हिस्सा बन गए हैं? क्या सच में जो कुछ भी आपके साथ हो रहा है उसके नायक आप ही हैं? हां, नायक ही। कहानी को आगे ले जाने वाला नायक भर ही।

नायकत्व के तमाम आधुनिक परिभाषाओं से अलग, अयोग्य और सर्वथा दूर। एक ऐसी स्थिति, जो आपसे बिल्कुल ही अनियंत्रित हो गई हो। जिसके कारणों का पता बिल्कुल ही सृष्टि के सृजन की कथा की तरह अजान हो। रहस्यमयी हो। जहां से दुख निकलता हो। दुख भी ऐसा कि आप गहराई में उतरते चले जाएं। जिसकी आपको आदत लग जाए। जो अगर किसी वजह से न हो तो आपको बेचैनी होने लगे और ऐसा भी लगे कि आप कुछ बहुत भारी और कीमती चीज खो रहे हैं।

हर वक्त विचारों में गोते लगाना। शांत हो जाना। गंभीर हो जाना। गूढ़ से गूढ़ जीवन-सूत्रों के अर्थ ऐसे उद्घाटित होने लगते हों जैसे मन-मस्तिष्क किसी अज्ञात ज्ञान उपग्रह के सिग्नल से संलग्न हो गया हो। गहराई ऐसी स्थापित हो जाए जैसे संसार का सारा ही ज्ञान आपमें समाहित हो जाएगा। जिसे लोग उदासी कहते हैं वो आपके लिए आनंद और जीवन के सुचारु संचार की अहम आवश्यकता लगने लगे। यह कौन सा वातावरण है? यह कौन से सृजन की उथल-पुथल है? यह कौन सी चीज है जिसमें एक बीज सी बेचैनी भरती जा रही है?

क्या करें जब लगातार आनंद की चेष्टाएं असफल होती जाएं? आनंद भी क्या जीवन का परम लक्ष्य है? फिर दुख किसलिए हैं? फिर उदासी किसलिए है? यह किसी का उद्देश्य क्यों नहीं है जबकि यह सहज प्राप्य है? क्या इनकी सहज उपलब्धता इनका मूल्य कम कर देती है? उदासी भी एक उत्सव क्यों नहीं हो सकती? दुख भी एक त्योहार क्यों नहीं हो सकता? क्यों ऐसा लगता है कि हम दुखी हैं तो यह एक जीवन के प्रतिकूल घटना है? हम उदास हैं तो इससे जीवन का स्वास्थ्य सही नहीं रहेगा?

उदासी हमें गहराई प्रदान करती है। दुख हमें द्रव्यमान देते हैं। हमें सीखों से भर देते हैं। हमें विचारों से परिपूर्ण कर देते हैं। हम सघन हो जाते हैं। गहरे हो जाते हैं। ऐसे में ज्यादा चीजें हममें समा सकती हैं। सुख हमें उथला बनाते हैं। हम जब हंस रहे होते हैं तब चीजों को सतही तौर पर लेते हैं लेकिन संसार ने नियम बना लिया है कि सुख ही सही है। आनंद ही जीवन की अच्छी सेहत का संकेत है। दुख है तो बीमार हो। उदासी है तो मृतप्राय हो। यह तय कौन करे?

अभाव ही जीवन की गति हैं। असंतोष ही ईंधन है जीवन गाड़ी का। अभाव प्रेरित करते हैं। शून्य बनाते हैं ताकि नया जीवन समा सके। यह जीवन रिक्त स्थानों के कदम दर कदम चलने का बिंदुपथ है। हमारी उम्र अभावों की एक यात्रा है। मोशन ऑफ अ वैकेंट प्लेस इज़ आवर लाइफ। अभाव होंगे तो उदासी भी होगी इसलिए उदासी जीवन के आधारों की तासीर जैसी है। यानी कि अगर जीवन का स्थायी भाव कुछ है तो उदासी है। दुख है। ऐसा मेरा मानना है। इसलिए, जीवन में उदासी देने वालों और दुख देने वालों के प्रति कृतज्ञ होना हमारा नैतिक दायित्व है। यही धन्यवाद ज्ञापन हमारी उदासी का उत्सव है।

Saturday 8 December 2018

विद्रोहीः 'मैं मानता ही नहीं कोई मुझसे बड़ा होगा'

Image result for vidrohi
रमाशंकर यादव 'विद्रोही'
पुण्यतिथिः 'बास्टर्ड' सोसायटी में 'आसमान में धान' की तरह उग आने वाले कवि थे विद्रोही

"मैं किसी से प्रतिवाद नहीं करता तो उसका सिर्फ एक कारण है। मैं इस इंडियन सोसायटी का नेचर जानता हूं। यह एक बास्टर्ड सोसायटी है जो न कवि को इनाम देती है और न दंड।" नीतिन पमनानी की फिल्म 'मैं तुम्हारा कवि हूं' में बोलते हुए विद्रोही इस बात से कतई अनजान तो नहीं रहे होंगे कि वह जिस सोसायटी की बात कर रहे हैं वह हजारों साल पहले ही श्रुति परंपरा को नकारकर लिखित परंपरा के रास्ते पर चल पड़ी है। वह उसी को प्रमाणिक और ऐतिहासिक मानती है जो लिखित में है। इसमें संदेह की बात नहीं कि अगर धर्मदास ने कबीर को लिखा नहीं होता तो शायद वाचिक परंपरा का वह युगकवि सैकड़ों साल पहले अपनी समस्त दार्शनिक साखियों के साथ कहीं गायब हो गया होता। हालांकि, यह खुशी की बात है कि ऐसे हालात में भी कबीरों को उनके धर्मदास मिल जाते हैं।

हमारे युग के कबीर हैं विद्रोही
विद्रोही हमारे युग के कबीर हैं। अपने समय की संकीर्णताओं पर हथौड़ा मारने वाले कबीर। जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय की सड़कों, ढाबों से लेकर संसद मार्ग तक के प्रोटेस्ट तक में उस कबीर की कविता गूंजती थी और आज तक गूंज रही है। उम्मीद है कि वह आगे भी गूंजेगी क्योंकि वह लिखी नहीं गई है। वह दहाड़ी गई है। वह बोली गई है। विद्रोही का लिखने पर विश्वास ही नहीं था। वह कबीर की तरह 'मसि कागद छूयो नहीं' की स्थिति में नहीं थे। पढ़े-लिखे थे। अपने छोटे से गांव अहिरी फिरोजपुर से जेएनयू तक पहुंचे थे लेकिन फिर भी उन्होंने अपने आप को लिखने की बात नहीं सोची। जैसे वह लिखित रूप में दर्ज ही नहीं होना चाहते हों। जैसे वह आवाज के रूप में आसमान में फैल जाना और हवा में घुल जाना चाहते हों। इस बात से बिल्कुल भी अप्रभावित कि जो लिखा नहीं जाएगा वह मूल्यांकित भी नहीं होगा।

विद्रोही के समकालीन कवियों को उन्हें कवि मानने से ही ऐतराज है। उस समय हिंदी के विख्यात आलोचक नामवर सिंह भी जेएनयू में थे और विद्रोही भी। लेकिन नामवर सिंह के लिए विद्रोही कभी कवि नहीं बन पाए। शायद इसी वजह से कवि विद्रोही न तो कभी छपे और न ही उनका मूल्यांकन किया गया। इस 'बास्टर्ड' सोसायटी में विद्रोही घूम-घूमकर कहते रहे

"मैं चाहता हूं कि
पहले जनगणमन अधिनायक मरें
फिर भारत भाग्य विधाता मरें
फिर साधू के काका मरें
यानी सारे बड़े लोग पहले मर लें
और फिर मैं मरूं"

लेकिन कोई इस कवि के इस 'विवादित' कविता को संज्ञान में नहीं लेना चाहता। कोई कवि को दंड नहीं देना चाहता। कोई कवि को ईनाम नहीं देना चाहता। एक तरह से समकालीन लोगों द्वारा समूचे तौर पर इग्नोर कर दिया जाना ही इस कवि को ऐसी लीक पर खड़ा कर देता है जो सबसे अलग है। जिस पर विद्रोही अकेले हैं। समकालीन साहित्य के पास विद्रोही को लिखने की स्याही भले न हो लेकिन वह दर्ज होने से नहीं रहेंगे। समय हर चीज को दर्ज कर लेता है। विद्रोही को समय ने दर्ज कर लिया है। जब-जब लोगों को 'मोहनजोदड़ो की आखिरी सीढ़ी पर पड़ी औरत की लाश' और 'इंसानों की बिखरी हुई हड्डियों' पर अथाह तकलीफ होगी, अपने बच्चों और पुरखों को बचाने की चिंता होगी तब-तब लोग अपने कवि की आवाज ढूंढ लेंगे और ऐसे वक्त में विद्रोही तमाम साजिशो, षडयंत्रों के लिखित इतिहास की बंजर धरती से आसमान में धान की तरह उग पड़ेंगे।
Image result for vidrohi

'मैं मानता ही नहीं..'
"मुझे मसीहाई में यकीन है ही नहीं,
मैं मानता ही नहीं कोई मुझसे बड़ा होगा।"

जिसके पास आत्ममूल्यांकन का सामर्थ्य हो वह किसी और से अपने मूल्यांकन की उम्मीद नहीं करता। विद्रोही की कविता पढ़ेंगे तो लगेगा कि वह 'काव्यशास्त्र विनोदेन कालो गच्छति धीमताम' जैसे लोगों के लिए नहीं थे। ऐसे लोग जो ड्राइंग रूम्स या पुस्तकालयों में बैठकर धीरे-धीरे समझ-समझकर, रस लेकर कविता पढ़ते हों, विद्रोही शायद उनके कवि नहीं हैं। विद्रोही की कविताओं में प्रतिध्वनि सुनाई देती है। संबोधन होता है। पुकार होती है। विद्रोही-साहित्य में कवि और श्रोता अलग-अलग नहीं है। दोनों ही कविता में विराजमान हैं। कविता में ही श्रोता भी है और कवि भी। विद्रोही की कविता किसी सुधी श्रोता से वार्तालाप की प्रक्रिया है। इसमें वह तीसरा पक्ष भी शामिल है जिसकी उलाहना देनी हो या जिसकी मजम्मत करनी हो।

मैं किसान हूँ
आसमान में धान बो रहा हूं।
कुछ लोग कह रहे हैं
कि पगले! आसमान में धान नहीं जमा करता
मैं कहता हूँ पगले!
अगर ज़मीन पर भगवान जम सकता है
तो आसमान में धान भी जम सकता है
और अब तो दोनों में से कोई एक होकर रहेगा
या तो ज़मीन से भगवान उखड़ेगा
या आसमान में धान जमेगा।

हजार साल पुराना गुस्सा और नफरत
अपनी कविताओं में पीरगाथाओं को वीरगाथाओं के व्याकरण में ढालकर विद्रोही ब्राह्मणवाद के 'गौरवाशाली' इतिहास की खिल्ली उड़ाते हैं। वह अपने आप को पंडित और ज्ञान का अगुआ कहने वाले लोगों के बनाए समाज का आईना भी विद्रोही तरीके से रखते हैं। ऐसे में उनके अंदर से गोरख पांडे की कविता की तरह 'हजार साल पुराना गुस्सा और हजार साल पुरानी नफरत' अपनी पूरी तीव्रता के साथ बाहर निकलती है।

बाम्हन का बेटा
बूढ़े चमार के बलिदान पर जीता है।
भूसुरों के गांव में सारे बाशिंदे
किराएदार होते हैं
ऊसरों की तोड़ती आत्माएं
नरक में ढकेल दी जाती हैं
टूटती जमीनें गदरा कर दक्षिणा बन जाती हैं,
क्योंकि
जिनकी माताओं ने कभी पिसुआ ही नहीं पिया
उनके नाम भूपत, महीपत, श्रीपत नहीं हो सकते,
उनके नाम
सिर्फ बीपत हो सकते हैं।
Image result for vidrohi

विद्रोही! तुम करते क्या हो?
जंगलों में 'नराः वानराः' की तर्ज पर रहने वाले विद्रोही, नहाने-धोने से परहेज करने वाले विद्रोही, जेएनयू के शहर में छात्रों की संगत के सहारे जीने वाले विद्रोही, प्रोटेस्ट, सभा-कार्यक्रमों में महज अपनी कविता सुनाने के लिए लंबा इंतजार तक मंजूर करने वाले विद्रोही, प्रतिरोध के अपने वैचारिक विरासत को अपने बेटे को भी सौंपने की मंशा रखने वाले विद्रोही दिसंबर 2015 की आज ही की तारीख को दुनिया छोड़कर चले जाते हैं और वैसे ही जैसे एक योद्धा के लिए वीरगति ही उसकी सर्वोच्च उपलब्धि होती है विद्रोही भी जेएनयू छात्रसंघ की 'ऑक्यूपाई यूजीसी' प्रोटेस्ट के दौरान वीरगति को प्राप्त हुए। कविता उनके लिए खेती थी, उनके लिए वैसा ही काम था जैसा काम लोग अपनी सांसे चलाने के लिए करते हैं।
कर्म है कविता
जिसे मैं करता हूं
फिर भी लोग मुझसे पूछते हैं
विद्रोही! तुम करते क्या हो?

दर्द का दवा हो जाना भी सही नहीं
विद्रोही की बहुत सी कविताएं उल्लेखनीय हैं लेकिन सभी यहां संभव नहीं। उनकी कविताओं का संग्रह नवारुण ने प्रकाशित किया है। नितिन के पमनानी ने 'मैं तुम्हारा कवि हूं' नाम से उन पर एक डॉक्युमेंट्री फिल्म भी बनाई है। विद्रोही ने जनभाषा में कविताएं लिखी हैं। जन सरोकारों पर कविताएं लिखी हैं। हलवाह, नानी, कहांर, नूर मियां, अहीर, औरत, आदिवासी जैसे बिम्बों-शब्दों का सहारा लेकर अपनी बात कही है। लोग उनमें नागार्जुन देखते हैं। कबीर देखते हैं लेकिन विद्रोही इस बात से खुश होते हैं कि लोग उनमें तुलसीदास नहीं देखते। वह दर्द का इलाज करना जरूरी समझने वाले साहित्य-समाज के इकलौते कवि होंगे। उनके मुताबिक दर्द ठीक है। दर्द आगे भी मिले तो इनकार नहीं है लेकिन दर्द की आदत बन जाना सबसे ज्यादा खतरनाक है। वैसे ही जैसे पाश के शब्दों में मुर्दा शांति से भर जाना सबसे खतरनाक है। इसीलिए विद्रोही गालिब को खारिज करते हैं और कहते हैं -

दर्दों का आगे और भी सिलसिला हो,
पर ये तो न हो कि दर्द ही दवा हो।

Thursday 15 November 2018

पुराणों से आधुनिक निष्कर्ष लाने वाले प्रसाद


जयशंकर प्रसाद: ऐतिहासिक-पौराणिक आख्यानों से आधुनिक निष्कर्ष निकालने वाले रचयिता

धुनिक हिंदी साहित्य जब किशोर हो रहा था उस समय जयशंकर प्रसाद का जन्म साल 1890 में काशी में हुआ था। आर्थिक संपन्नता के वातावरण में पले-बढ़े प्रसाद का विषाद और करुण भावनाओं के तट पर आना तब होता है जब 12 साल की उम्र में पिता का साया उनके सर से उठ जाता है। कुछ ही साल बाद माता की भी मृत्यु से काशी के समृद्ध सुंघनी साहू परिवार का यह वंशज घोर आर्थिक संकट के झंझावातों के फेर में पड़ता है। कहते हैं कविता व्यथा की पुत्री है। महज 9 साल की अवस्था से ही लेखन में रमे जयशंकर प्रसाद ने भी अपनी जीवन-पीड़ा का आलम्ब लेकर तमाम दार्शनिक और मनोवैज्ञानिक काव्य रचे। हालांकि, प्रसाद के परिवार को उनका लिखना पसंद नहीं आता था इसलिए जयशंकर कलाधर हो जाते हैं और इसी नाम से लेखन जारी रहता है। बड़े भाई का भी असमय निधन होने के बाद जयशंकर प्रसाद संन्यास की ओर भी प्रेरित होते हैं लेकिन कहते हैं कि विधवा भाभी के अनुनय-विनय पर वह सांसारिक जीवन में वापस लौट आते हैं। हालांकि, यह लौटना समूचा नहीं हो पाता है क्योंकि प्रसाद की रचनाएं और उनका शेष जीवन बताता है कि वह केवल देह से वापस आए हैं। उनका मन तो कहीं संन्यासी ही हो गया है।

साल 1918 में प्रसाद की पहली रचना 'चित्राधार' प्रकाशित हुई। इसमें उनकी ब्रज कविताएं शामिल हैं। हिंदी साहित्य में उनके पूर्ववर्ती भारतेंदु हरिश्चंद ने हिंदी गद्य को खड़ी बोली से समृद्ध तो किया लेकिन पद्य में वह ब्रज भाषा लेखन के रथ से नहीं उतर पाए थे। बहुत लंबे समय तक हिंदी खड़ी बोली का हिंदी काव्य से साक्षात्कार नहीं हुआ था। हिंदी का यह इंतजार तब खत्म हुआ जब जयशंकर प्रसाद ने 'आंसू' लिखी। इसे हिंदी पद्य साहित्य का पहला ऐसा काव्य संग्रह माना जाता है जो खड़ी बोली हिंदी में लिखी गई है। लेकिन, जयशंकर प्रसाद को हिंदी साहित्य के इतिहास में इस युगांतकारी परिवर्तन के अलावा भी कई कारणों से याद किया जाता रहा है। इन्हीं में से एक मजबूत कारण है ‘कामायनी’।

'कामायनी' तकरीबन 47 साल जीने वाले जयशंकर प्रसाद का आखिरी महाकाव्य है। इसे जयशंकर प्रसाद की उपलब्धि से ज्यादा हिंदी साहित्य की उपलब्धि के लिए जाना-बताया जाए तो इसमें किसी को भी कोई आपत्ति नहीं होगी। 'कामायनी' मानवता के मनोविज्ञान का अद्भुत शास्त्र है। ज्ञान, भाव और कर्म की बुनियाद पर लिखे इस महाकाव्य में मानव के देवत्व पर श्रेष्ठता की उद्घोषणा का भी संकेत मिलता है। 'कामायनी' के पहले सर्ग चिंता में ही यह बात स्पष्ट रूप से दिखाई देती है।

हिमगिरि के उत्तुंग शिखर पर बैठ शिला की शीतल छांह,
एक पुरु, भीगे नयनों से देख रहा था प्रलय प्रवाह।

नंददुलारे वाजपेयी प्रसाद पर लिखे अपने लेख में बताते हैं कि कामायनी की शुरुआत ही आदर्शवादी देवसृष्टि के विध्वंस के साथ होती है। इस विध्वंस में देव-सृष्टि विनष्ट हो जाती है और मानव सृष्टि का आरंभ होता है। प्रथम मानव मनु है जो उन अमर देवों का वंशज है जो प्रलय में मर गए हैं। प्रसाद कामायनी के शब्दों से कहना चाहते हैं कि जब देव-सृष्टि विनष्ट होती है तब मानव-सृष्टि आकार लेती है। साल 1936 में प्रकाशित हुए इस महाकाव्य में प्रसाद ने प्रथम मानव मनु के माध्यम से तकरीबन संपूर्ण मानवीय संवेदनाओं का विस्तृत व्याख्यान लिखा है। कुल 15 सर्गों वाली कामायनी का हर सर्ग किसी स्थान, घटना या पात्र के नाम के शीर्षक के साथ आरंभ होने की बजाय मानव मन की वृत्तियों के आधार पर होता है।

छायावाद की समस्त प्रवृत्तियां प्रसाद की कामायनी में सम्पूर्ण रूप से विद्यमान हैं। वहीं, अगर आप निराला में छायावाद के प्रतीक-चित्रों की खोज करेंगे तब आपको उनका समूचा साहित्य उलटना पड़ेगा। यही छायावाद के अन्य स्तंभ-लेखकों के साथ भी है। तमाम विद्वान जयशंकर प्रसाद में बुद्ध का अंश देखते हैं। जीवन में इतने प्रिय लोगों का अकाल दुनिया छोड़कर चले जाना प्रसाद को मृत्यु-व्यथा के प्रश्नों की ओर लेकर जाता है। इन्हीं सवालों के जवाब में 'आंसू' और 'झरना' की सृष्टि होती है।

इस करुणा कलित ह्रदय में एक विकल रागिनी बजती।
क्यों हाहाकार स्वरों में वेदना असीम गरजती।

प्रसाद घोर आधुनिक कवि हैं। उनकी रचनाओं में आधुनिक प्रश्नों के जवाब तलाशने और सामाजिक वैषम्य पर सवाल उठाने की घटनाएं विशेष रूप से मिलेंगी। बौद्ध दर्शन की ओर झुके प्रसाद ने बुद्धकालीन चरित्रों से दो चीज़ें सीखीं। पहली तो अहिंसा और करुणा भाव। दूसरा स्त्री-सम्मान। प्रसाद ने तात्कालिक सामाजिक परिस्थितियों को आधार मानकर स्त्री-विषयक आधुनिक सवाल उठाकर स्वयं की दूरदर्शिता का परिचय भी दिया है।

नारी तुम केवल श्रद्धा हो

श्रद्धा के बिना जीवन निर्वाह असंभव है। कामायनी यही बताती है। आप कामायनी के सर्गों पर जाएंगे तो पहला सर्ग है चिंता। सृष्टि की चिंता कि पुनर्निर्माण कैसे हो? चिंता के बाद उपजती है आशा। उसके बाद श्रद्धा। श्रद्धा के बिना आशा की कल्पना नहीं हो सकती। श्रद्धा कामायनी की महिला पात्र है, जो कामायनी है। श्रद्धा से अलग हो जब कामायनी का नायक मनु इड़ा यानि की बुद्धि की ओर प्रयाण करता है तभी उसे दुखों से दो-चार होना पड़ता है। बुद्धि की अति होने से महत्वकांक्षाओं में भी बढ़ोतरी होती है। मनु पहले तो इड़ा के साम्राज्य में मंत्री होता है लेकिन फिर वह सम्राट बनने का दुःसाहस करता है। यही उसके पतन की वजह बनने लगती है। अंत में उसे कामायनी के संसर्ग से ही राहत मिलती है। यह स्पष्ट करता है कि प्रसाद अति-बुद्धिवाद यानि कि बुद्धि के एकांगी विकास पर सहमत नहीं थे। वह जीवन में सुख-दुख की समरसता का दर्शन कामायनी में स्थापित करने के प्रयास में लगे दिखाई देते हैं।

प्रसाद की रचनाओं में घोर दार्शनिक तत्वों का समावेश है लेकिन इससे वह अपने युग की प्रगतिशील चेतना से दूर नहीं हुए। उनकी कहानियों में उत्थानमूलक प्रसंगों की प्रचुरता है। उनके द्वारा स्थापित आदर्शों में यथार्थ का मिश्रण है। उनकी कहानियों, कविताओं, नाटकों के केंद्र में अधिकांशतः सामाजिक पृष्ठ पर हाशिये पर स्थित लोगों की चर्चा है। कामायनी में जहां नायिका श्रद्धा की अतिरिक्त महत्ता है वहीं कंकाल में उन्होंने रुढ़िबद्ध जाति-प्रतिष्ठा के विरुद्ध कलम चलाई है। उनका एक अन्य उपन्यास तितली मजदूरों और किसानों के जीवन-चित्र से सज्जित है। उपन्यास की नायिका तितली एक किसान पुत्री है जिसके माध्यम से प्रसाद ने ग्राम्य-नवनिर्माण संबंधी अपने विचार रखे हैं। हिंदी साहित्य में आधुनिक चेतना के प्रभात काल में नारी-स्थिति पर प्रसाद काफी मुखर हैं। प्रसाद के तत्कालीन सवाल आधुनिक नारी-विमर्श की धुरी हैं तो इससे जयशंकर प्रसाद की दूरदर्शी सर्जनात्मक क्षमता और अपने युग से आगे की सामाजिक और सांस्कृतिक चेतना का संकेत मिलता है।

तुम भूल गए पुरुषत्व मोह में कुछ सत्ता है नारी की।
समरसता है संबंध बनी अधिकार और अधिकारों की।

या

मैं जभी तौलने का करती उपचार, स्वयं तुल जाती हूं।
भुज लता फंसाकर नर-तरू से झूले-सी झोंके खाती हूं।

उनकी ज्यादातर रचनाओं में पौराणिक या ऐतिहासिक आख्यानों का सहारा लिया गया है लेकिन इससे प्रसाद ने पुरातनपंथ और रुढ़िवाद को पोषण देने की बजाय आधुनिक निष्कर्ष निकालकर सही अर्थों में प्रगतिशील, पुष्ट और प्रतिभाशाली लेखन का परिचय दिया है। प्रसाद की गैर-पौराणिक या गैर-ऐतिहासिक रचनाओं में भी कल्पना की अंध उड़ान नहीं है। उनकी समस्त कृतियों में जीवनानुभवों के निष्कर्षों का दस्तावेज है।

साहित्यिक जीवन से इतर प्रसाद का व्यक्तिगत जीवन बड़ा ही सरल था। पुत्र, पत्नी और भाभी के सम्मिलन से उनका परिवार बनता था। प्रसाद बड़े ही सामाजिक थे लेकिन गोष्ठियों, समारोहों इत्यादि में भाग लेने से कतराते थे। साहित्य की लगभग हर विधा नाटक, उपन्यास, कविता, निबंध, ग़जल इत्यादि में हाथ आजमाने वाले प्रसाद किसी की भी पुस्तक की भूमिका लिखने में बिल्कुल रूचि नहीं रखते थे। इस संबंध में तो उन्होंने उपन्यास सम्राट प्रेमचंद तक की पैरवी ठुकरा दी थी। नाटकों में प्रसाद की प्रतिभा खुलकर सामने आई है। जैसे मुंशी प्रेमचंद 'उपन्यास सम्राट' कहे जाते हैं वैसे ही प्रसाद को भी 'नाटक सम्राट' कहा जा सकता है। उनके तमाम नाटक ऐतिहासिक आख्यानों पर आधारित हैं। अंग्रेजों की गुलामी के दौर में जब राष्ट्रीय भावनाओं से ओत-प्रोत और राष्ट्रीय स्वाभिमान और आजादी की चेतना के जागरण वाली रचनाओं पर सरकारी निगरानी और दंड-विधान का अत्याचार चरम पर था तब प्रसाद इस काम के लिए ऐतिहासिक आख्यानों का ही सहारा लेते हैं। नाटक 'चंद्रगुप्त' एक हिस्से में यवन आक्रमणकारी सेल्यूकस भारत की ओर कूच करता है। इसी कथा का आधार लेकर प्रसाद तक्षशिला की राजकुमारी अलका के शब्दों में भारतवासियों का आह्वान करते हैं –

हिमाद्रि तुंग श्रृंग से प्रबुद्ध शुद्ध भारती।
स्वयं प्रभा समुज्ज्वला स्वतंत्रता पुकारती।
अमर्त्य वीर पुत्र हो, दृढ़ प्रतिज्ञ सोच लो।
प्रशस्त पुण्य पंथ है बढ़े चलो, बढ़े चलो।

जीवन-दर्शन, आध्यात्मिकता के अलावा राष्ट्रीय भावनाएं भी प्रसाद साहित्य का श्रृंगार हैं। उन्हें अपने देश से प्रेम है। इसी प्रेम के अधीन प्रसाद भारत को अनजान क्षितिज को प्राप्त किनारा और लघु सुरधनु-से पंख पसारे खगों का नीड़ घोषित करते हैं।

लघु सुरधनु से पंख पसारे, शीतल-मलय समीर सहारे।
उड़ते खग जिस ओर मुंह किए समझ नीड़ निज प्यारा।

अरुण यह मधुमय देश हमारा।

जहां पहुंच अनजान क्षितिज को मिलता एक किनारा।

प्रसाद का जीवन बहुत संक्षिप्त रहा है। उनका अंतिम उपन्यास इरावती उनके असामयिक निधन के चलते अधूरा रह गया। साल 1937 के नवंबर की 15 तारीख को प्रसाद सदेह इहलोक से प्रयाण कर गए। इस समय तक उनकी उम्र महज 47 साल रही थी। लेकिन, अल्प जीवनकाल में ही जयशंकर प्रसाद ने जो कुछ भी हिंदी साहित्य को सौंपा वह उनकी अखंड, अजर और अमर कीर्ति का प्रमाणपत्र है। उनकी कृति 'कामायनी' को विश्व साहित्य की सदी की सर्वश्रेष्ठ कृतियों में गिना जाता है। श्यामनारायण ने इसे विश्व साहित्य का 8वां महाकाव्य घोषित किया है। वहीं, प्रकृति के सुकुमार कवि सुमित्रानंदन पंत ने कामायनी को 'हिंदी के ताजमहल' की संज्ञा दी है।

Wednesday 31 October 2018

प्रधानमंत्री जी! देश बांटने की गतिविधियों के साथ 'एकता की मूर्ति' के फीते नहीं काटे जा सकते

हम अपने 'राष्ट्रवाद' को पूंजीपति होने से नहीं रोक पाए। हमारा राष्ट्रवाद अब 182 मीटर ऊँची प्रतिमा पर चढ़कर उन लोगों पर थूकेगा जो आज कहेंगे कि 3000 करोड़ रूपए की सरदार की मूर्ती बनाने से अच्छा था कि लाखों नर्मदा पुत्र किसानों के फसलों की सिंचाई की व्यवस्था कर दी जाती। उन्हें पानी उपलब्ध कराया गया होता। उनके खेतों में अगर हमारा शस्य श्यामल राष्ट्रवाद लहराता तो सरदार कितना खुश होते! सरदार का जब निधन हुआ था तब उनके खाते में महज़ 260 रुपए थे। अहमदाबाद में कहीं किराए पर कमरा लेकर वह रहते थे। सरदार से हम राष्ट्रीय सम्पत्तियों की अहमियत भी सीख नहीं पाए।

हमारी अंतरराष्ट्रीय स्पर्धा है किस चीज़ से? हंगर इंडेक्स में हम 103वें नम्बर पर हैं। इसे गम्भीर संकट के बतौर चिन्हित किया गया है। स्वास्थ्य के मामले में भी हम दुनिया में फिसड्डी ही हैं। शिक्षालयों की तो बात करना ही बेकार है। खुद को विश्वगुरू बताने के अलावा हमने शिक्षा के क्षेत्र में क्या काम किये हैं? लेकिन, फिर भी। हमने चुनौती स्वीकारी तो यह कि हम दुनिया की सबसे ऊंची मूर्ति बनाकर दिखाएंगे। पता नहीं इससे महापुरुषों का सम्मान होता है या अपमान? लौह पुरुष सरदार पटेल की सबसे ऊंची प्रतिमा बनने पर लहालोट होने वालों से इतर भी भारत का एक ऐसा कोना है जहाँ से स्टेचू ऑफ़ यूनिटी देखें तो सरदार लज्जित दिखाई देंगे। प्रतिमा के लिए आस-पास के गांवों के लोगों की जमीन ली गई। उन्हें विस्थापित किया गया।

बताते हैं कि सरदार सरोवर बांध बनाने के लिए ही जिन लोगों को विस्थापित किया गया था वह लोग आज तक अपने मुआवजे की प्रतीक्षा में हैं। सरकार की घोषणा और फिर उसका क्रियान्वन, दो अलग चीजें हैं। सबको केवल घोषणाओं की मुनादी सुनाई जाती है। उसके क्रियान्वन की हकीकत जानने और बताने की जरूरत किसी को नहीं लगती। हम राष्ट्रवाद का पानी पी पीकर आलोचकों को कोसते हैं। बाकी, जो लोग भूखे-प्यासे, जमीन से महरूम हैं, उनसे पूछिए तो बताएंगे कि मूर्ति कितनी भव्य है और कितनी सुंदर है? मूर्तिस्थल के समीप रहने वाले आदिवासियों ने प्रधानमंत्री के नाम खुला खत लिखा था। उन्होंने लिखा था कि जब आप मूर्ति के लोकार्पण के लिए आएंगे तो हम आपका स्वागत नहीं करेंगे। लेकिन प्रधानमंत्री को आदिवासियों के स्वागत की क्या पड़ी है? उनके स्वागत के लिए तो तमाम लोग तैयार और इंतजार में बैठे हैं।

सरदार को सरदार की उपाधि किसान पत्नियों ने दिया था। वह सबसे पहले किसान नेता ही थे। ऐसे में उनकी मूर्ति स्थापित होने से किसानों को सबसे ज्यादा खुश होना चाहिए। लेकिन ऐसा है नहीं। किसान नाराज हैं। आदिवासी किसानों ने विरोध स्वरूप भूख हड़ताल की घोषणा की है। आदिवासियों के एक नेता ने कहा है कि हम मूर्तिस्थल पर विरोध के लिए जाएंगे लेकिन उम्मीद है कि हमें वहां घुसने नहीं दिया जाएगा। इसलिए, हमारे समुदाय के बच्चे, जवान, महिलाएं और बुजुर्ग विरोध स्वरूप उपवास रखेंगे। किसानों का यह भी कहना है कि सरदार की मूर्ति के चारों ओर जो पानी इकट्ठा किया गया है, अगर वही किसानों को मिल जाता तो उनकी फसल नहीं सूखती। लेकिन, यह सौंदर्य का मामला है। अंतरराष्ट्रीय ईगो का मामला है। हमने संसार की सबसे ऊंची मूर्ति स्थापित की है। कांग्रेस के नेता रहे सरदार पटेल की। उनके निधन के कई साल बाद उनका राजनैतिक नहीं बल्कि वैचारिक दल परिवर्तन कराने की कोशिश की जा रही है। भाजपा और मोदी के इस सरदार प्रेम के कई सारे कारण हैं।

मोदी का दावा है कि सरदार के साथ कांग्रेस ने न्याय नहीं किया। नेहरू परिवार को आगे बढ़ाने के चक्कर नें उन्होंने सरदार को कम महत्व दिया। कांग्रेस में नेहरू-गांधी परिवार के वर्चस्व के बारे में हर कोई जानता है। यह कुछ बिंदुओं पर आलोच्य भी है। इंदिरा गांधी के बाद का कांग्रेस देखें तो मोदी की बात पर आसानी से भरोसा किया जा सकता है। नेहरू परिवार के बरअक्स सरदार को कम याद किया गया है लेकिन उन्हें भुला दिया गया या फिर उनका अपमान कर दिया गया, इस बात पर न सिर्फ यकीन करना मुश्किल है बल्कि यह अल्पज्ञान और इतिहास के अज्ञान का उद्घोषक बयान ही ज्यादा लगता है। सभी को पता है कि बीजेपी या नरेंद्र मोदी सरदार के साथ हुए अन्याय से दुखी नहीं हैं। बार बार आरएसएस और बीजेपी नेताओं की स्वतंत्रता संग्राम से जुड़ी विरासत को लेकर उठने वाले सवाल से वह काफी समय से परेशान थी। उसे किसी ऐसे लोकप्रिय नेता की तलाश थी जिससे वह अपनी विरासत जोड़ सके और अपने आपको जिसका राजनैतिक न सही कम से कम वैचारिक वारिस सिद्ध कर सके।

आजादी के संग्राम के लोकप्रिय नेताओं में गांधी और सरदार आरएसएस के लिए विकल्प हो सकते थे। नेहरू प्रगतिशील तथा धर्मनिरपेक्ष राजनीति के लिए जाने जाते थे। हिंदुत्व के प्रति उनका कोई नरम रुख नहीं था। गांधी शुद्ध आस्तिक थे। हिंदुत्व के तमाम प्रतीकों पर उनकी गहरी आस्था थी। लेकिन, वह आरएसएस या हिंदू महासभा के हिंदुत्व के कभी समर्थक नहीं रहे। उनका मानना था कि हिंदुस्तान में हिंदू-मुस्लिम दंगों को रोकने के लिए हिंदुओं को पूरी तरह से अहिंसा के साथ हो लेना चाहिए। इसके लिए अगर उन्हें मर मिटना पड़ता है तो भी मुसलमानों के अंदर सुरक्षा का विश्वास पैदा करने के लिए उन्हें ऐसा करना चाहिए।

संघ महात्मा गांधी के इस सिद्धांत से असहमत था। सरदार पटेल भी गांधीजी की इस विचारधारा के समर्थन में नहीं थे। यहीं बीजेपी को सरदार अपने वैचारिक गोत्र के लगते हैं। इसके अलावा सोमनाथ मंदिर के लिए वल्लभ भाई पटेल के प्रयास को भी दक्षिपंथी खेमा काफी सराहता रहा है। सिर्फ इतना ही नहीं, गांधी जी की हत्या के बाद जब कई जगहों पर हिंदू महासभा और आरएसएस के लोगों पर हमले बढ़ने लगे थे तब सरदार ने जिम्मेदार अधिकारियों को इसके लिए फटकार लगाई थी। इन सब चीजों की वजह से हिंदुत्व की तथाकथित झंडाबरदार आरएसएस और भाजपा के लोगों के मन में सरदार पटेल को लेकर सॉफ्ट कॉर्नर है। सरदार पटेल की मूर्ति भाजपा और मोदी द्वारा अपनी विरासत आजादी के एक बड़े नेता से जोड़ने की कवायद भर है। मोदी के सरदार प्रेम में पटेल का गुजराती और पाटीदार होना भी शामिल है। उन्हें लगता है कि गुजरात में प्रभावी वोटबैंक के रूप में मौजूद पाटीदार समूहों की नाराजगी आगामी चुनावों में इस मूर्ति अनावरण के साथ दूर हो जाएगी।

यह सच है कि स्टैच्यू ऑफ यूनिटी गहरे राजनीतिक मंथन का फल है। इसके पीछे केवल सरदार का कथित खोया सम्मान लौटाना ही उद्देश्य नहीं है। सरदार पटेल को लेकर कांग्रेस के गांधी परिवार के प्रति देश की जनता में घृणा भाव भरने की दुर्भावना की गंध भी भाजपा से आती दिखाई देती है। यह आजादी के अब तक के पढ़े गए इतिहास में भावनात्मक परिवर्तन लाने का अभियान है। सरदार की प्रतिमा से दिक्कत नहीं है। यह महापुरुषों को उनकी विचारधारा के प्रतीक के तौर पर स्थापित करने सबसे सुदृढ़ और प्रभावी विकल्पों में से एक है। लेकिन, हमें इसे स्थापित करने के योग्य पहले हो लेना चाहिए था। भारत जैसे देश के लिए 3हजार करोड़ रुपए बहुत मायने रखते हैं। और फिर सरदार स्वयं सादगी और किफायतशारी के प्रतीक पुरुष थे।

 ऐसे में उनकी प्रतिमा की स्थापना में इतनी धनराशि खर्च करना एक गरीब विकासशील देश के लिए फिजूलखर्ची से ज्यादा कुछ नहीं है। वो भी ऐसा देश जहाँ आज भी राजधानी इलाके में 3 बच्चे भूख से मर जाते हों। राष्ट्र की मूलभूत समस्याएं सुलझाकर और राष्ट्रवादी महापुरुषों के सपनो का भारत निर्मित कर भी हम उन्हें अंतरराष्ट्रीय सम्मान दिला सकते हैं। एक ओर पंथ-जाति में देश को बांटने की प्रक्रिया में मशगूल होकर दूसरी ओर एकता की मूर्ति के फीते नहीं काटे जा सकते। प्रधानमंत्री ने आज कहा कि हम महापुरुषों का सम्मान करते हैं तो हमारी आलोचना होती है। प्रधानमंत्री जी का सम्मान बहुत महंगा है। इसलिए, आलोचना से कैसे बचेंगे। वो अपनी जिम्मेदारियों से महापुरुषों को सम्मानित नहीं करते बल्कि उसके लिए विशेष भव्य आयोजन होते हैं। प्रचार होता है। लोगों को दर्शाया जाता है कि देखिये हम सम्मान कर रहे हैं। पहले वालों ने केवल अपमान किया। जैसे ये सुभाष चंद्र बोस और सरदार पटेल का सम्मान न करते तो वे लोग सदैव अपमानित रहते। पता नहीं नैतिक दृष्टि से यह सम्मान ही है या परोक्ष अपमान। क्योंकि, आज तक देश में कोई सुभाष बोस और पटेल के अपमान की चर्चा नहीं करता था। प्रधानमंत्री की सवालिया ऊँगली केवल कांग्रेस पर नहीं उठी है। यह स्वतंत्रता संग्राम के बाद के हमारे पुरखों और इस देश की जनता पर भी उठायी गई है।

प्रधानमंत्री को सोचने की जरूरत है कि महापुरुषों का सम्मान कैसे करना है। किसी ने कहा है कि किसी भी महापुरुष की प्रतिमा स्थापित करना उसकी विचारधारा और सिद्धांतों की हत्या का बहाना ढूंढ लेना है। हम देश में गोरक्षा के नाम पर हो रही हत्याओं पर चुप रहेंगे। हम मॉब लिंचिंग पर चुप रहेंगे। मुम्बई और गुजरात से यूपी-बिहार के लोगों के साथ हिंसा कर खदेड़े जाने की घटना पर मौन साध लेंगे। हम अपने मंत्रियों को द्वेष फैलाने वाले बयानों पर कुछ नहीं कहेंगे। हम पूर्वोत्तर के लोगों के लिए दिल्ली रहने लायक न होने पर भी कोई प्रतिक्रिया नहीं देंगे। जातिगत हिंसा पर मुंह नहीं खोलेंगे। और फिर 3000 करोड़ की स्टेचू ऑफ़ यूनिटी बनाकर कहेंगे कि देश की एकता और अखंडता हमारी प्राथमिकता है। यह छलावा क्यों है? यह धोखा किसे है? यह झूठ आप किससे बोलते हैं?

देश के लोगों को यह सच्चाई भांपनी होगी। उन्हें सतर्क होना होगा। क्योंकि, राज्य का मूल अर्थ है। आपके अर्थ का सही इस्तेमाल नहीं होगा तो आपकी राजनीति बेपटरी हो जाएगी। आपका राज्य, आपका देश भ्रष्टाचार की ओर जाने लगेगा। इसलिए, जरुरी है कि वक़्त से साथ बदली देशभक्ति की परिभाषा को समझें। अपने महापुरुषों से प्यार करें। उनके विचारों का सम्मान करें लेकिन प्रतीकात्मक राष्ट्रवाद से बाहर आएं। राष्ट्र के लिए जिस तरह की लड़ाई हमारे हिस्से आई है उसके लिए जी जान से लड़ें। भ्रष्टाचार से लड़ें। गरीबी-भुखमरी से लड़ें। अशिक्षा से लड़ें। साम्प्रदायिकता से लड़ें। यही सच्ची देशभक्ति है। आज हमें देशभक्ति के नए प्रतीकों की जरूरत है। हमें देशभक्ति की नई परिभाषा चाहिए। हमें केवल महापुरुषों की मूर्तियां नहीं बनानी हैं। हमें नए महापुरुष भी तो चाहिए। वो भी जीवंत, सक्रिय और अमूर्त।

Tuesday 25 September 2018

यात्राएं रुकी नदी की तरह ठहरी जिंदगी को गतिशील करती हैं

मानक के हिसाब से स्थिर हो जाने की अलग-अलग परिभाषा होती है। साइकिल के पहिए घूमते रहें लेकिन साइकिल अगर स्टैंड पर खड़ी हो तो पहिए की इस गतिशीलता को भी स्थिर होना ही कहेंगे। काफी दिनों से कुछ ऐसी ही अनुभूति के दलदल से ऊबकर प्रतापगढ़ जाने का कार्यक्रम बना। प्रतापगढ़ ननिहाल है। पिछले साल 3 सितंबर को नाना का देहांत हो गया था। तब जाना नहीं हो पाया था। एक साल होने के बाद 1 सितंबर को उनकी पहली बरसी का कार्यक्रम था। हर लिहाज से जाना उचित लगा। यात्रागत असुविधाएं जो अब आदत में शामिल हो जाना चाहिए, हुईं। ट्रेन कैंसिल होने से लेकर सीट न मिलने और ट्रेन लेट होने तक की सारी दिक्कतें साथ चलीं। लेकिन, 3 साल बाद ननिहाल जाने का उत्साह था, सो ये दिक्कतें झेलने में दिक्कत नहीं हुई। पारिवारिक सम्मेलन के अलावा भी यह टूर कई मायनों में दिलचस्प रहा। इनमें वापसी के रास्ते में मधुबन गोष्ठी, बनारस हिंदू विश्वविद्यालय और उसके कुछ उत्साही, सशक्त और निर्भीक छात्र तथा लखनऊ यात्रा ने यात्रा को सफलता से एक कदम आगे तक पहुंचा दिया।

शुभम, सत्यम, पुरू और किरन मौसी – प्रतापगढ़ में नानी से मिलना सबसे आवश्यक प्रयोजन था। उनकी हमेशा की नानी से मिलने न आने की शिकायतों के निस्तारण के लिए तथा इस मामले में सफाई देने के लिए स्वतः निर्धारित समय सीमा भी कबकी पूरी हो चुकी थी। इसलिए जाना तो था ही। लेकिन, नानी से अपेक्षाकृत कम मुलाकात-बातचीत रही। ज्यादा समय बीता शुभम, सत्यम और पुरू के साथ। ये समय कितने अमूल्य और मजेदार होते हैं इस बारे में बता पाना संभव नहीं होगा। पुरू के साथ काफी देर तक राजनीति, समाजनीति की बहसें चलतीं। राफेल डील से लेकर आर्यन थ्योरी तक। कई पूर्वाग्रह उसकी डिबेट के साथ चलते रहे। शाखा अर्जित ज्ञान का संदर्भ भी देता। लेकिन, उसमें डिबेट करने की स्किल है, इस बात को मानने से कोई इनकार नहीं कर सकता। पढ़ता भी खूब है। जिस बारे में पढ़ता है उस विषय की ठीक याद्दाश्त होती है उसकी। उसके ऐसा मानने पर कि आर्य भारत के मूल निवासी हैं, दलितों का लंबे समय तक ब्राह्मणों ने शोषण किया था और राफेल डील भ्रष्टाचार नहीं है मेरे गहरे मतभेद हैं लेकिन इसे साबित करने के लिए मेरे जो भी संदर्भ थे उसके बारे में मेरी आशंका थी कि वह उसे खारिज कर देगा। इसलिए, हमने दलित विमर्श पर डॉ. तुलसीराम और ओमप्रकाश वाल्मीकि का संदर्भ देना उचित नहीं समझा। वह पुराणों के संदर्भ देता जिसका मैंने उसके मुकाबले कम अध्ययन किया है। खैर, जो भी हो, उसकी अपने तर्कों को मनाने के लिए तैयारी अच्छी थी। पुरू के साथ बहस में अच्छा-खासा समय बीत जाता।

शुभम सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहने वाला व्यक्ति है। वन लाइनर हास्य-व्यंग्य में उसकी काफी रूचि है। उससे इस बारे में काफी चर्चा होती। सोशल मीडिया पर कीर्तीश भट्ट से लेकर आशुतोष उज्ज्वल तक के लोगों की पोस्ट पर चर्चा होती। बाहर जाने पर तस्वीरें खींचने का काम भी शुभम का था। तस्वीरें वह अच्छी खींचता है। उसकी पुरानी कई तस्वीरें वाकई बेहतरीन थीं। सत्यम के साथ इनडोर गेम्स में समय बीतता, वहीं सुंदरम के पास अपने गांव-घर और स्काउट टीम को लेकर ढेर सारी कहानियां होतीं। जो वह समय-समय पर सुनाता रहता था। किरन मौसी मां की सबसे छोटी बहन हैं। उस पूरे परिवार में सबसे ज्यादा प्रगतिशील सोच रखने वाली महिला। हालांकि, वह एक ऐसे परिवार का भी हिस्सा हैं जहां अभी भी रूढ़िवादी जड़ें मजबूत हैं। उनसे महिला अधिकारों और बच्चों की पसंद-नापसंद संबंधी आजादी को लेकर काफी देर तक बहस हुई। इस मामले में उनका कहना यही है कि बच्चों को उनकी पसंद के मुताबिक शादी इत्यादि का अधिकार है। यह अरैंज्ड मैरिज से ज्यादा बेहतर होता है। इस मुद्दे पर उन्हें मां की ओर से कड़ा प्रतिरोध मिल रहा था। पर्दा प्रथा, पितृसत्तात्मक व्यवस्थाओं पर उनका स्पष्ट मत था। वह इन सबकी विरोधी थीं। लेकिन, धारा 377 पर शायद सहमत नहीं दिखीं। हालांकि, इस पर हमारी बहुत कम बात हुई।

वापसी और बनारस – 23 सितंबर को वापसी थी। प्रतापगढ़ से इलाहाबाद जाने का प्रोग्राम था। लेकिन, 23 को रविवार होने के नाते बनारस जाने का कार्यक्रम तय कर लिया। रविवार को बनारस इसलिए कि इस दिन वहां मधुबन गोष्ठी आयोजित होती है। बनारस के छात्रों और पूर्व छात्रों द्वारा किए जाने वाले इस आयोजन से परिचय आर्य भारत ने करवाया था। इस गोष्ठी में नए रचनाकारों को कविता पाठ का मौका दिया जाता है और उस पर वरिष्ठ कवियों द्वारा टिप्पणी की जाती है। यह शानदार था। इसमें शामिल होने को लेकर जो उत्साह था उसका वर्णन करना मुश्किल है। आर्य भारत का मुझ पर विश्वास कभी-कभी चकित कर देता है। मेरे लिए अपनी कविता पर आर्य भारत की ही प्रतिक्रिया का मिल जाना बहुत उत्साहित करता है। लेकिन, वहां सुशांत शर्मा भी मौजूद थे। आर्य की हमेशा की तरह दिल हिरोशिमा नागासाकी कविता की मांग वहां भी रही लेकिन, मेरे पास यह कविता उस समय मौजूद नहीं थी। इसलिए, गीत गाना चाहता हूं और तब जागता है कविता सुनानी पड़ी। पहली कविता पर टिप्पणी करते हुए सुशांत भइया ने मुझे भवानी प्रसाद मिश्र की परंपरा-सूची में रख दिया। यह बिल्कुल ही आशातीत प्रतिक्रिया थी। दूसरी कविता चूंकि कादंबिनी पत्रिका में प्रकाशित हो चुकी थी, इसलिए उस पर बोलते हुए उन्होंने कादंबिनी के प्रति आशान्वित नजरिया प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि अगर कादंबिनी इस तरह की भाषा वाली कविताएं प्रकाशित कर रहा है तो यह सुखद संकेत है। मेरे लिए दोनों तरह की प्रतिक्रियाएं अनमोल थीं। यह भाव-विभोर होने के लिए काफी था।

बनारस की साहसी छात्राएं – मधुबन गोष्ठी से हम सभी को वहां जाना था जहां एक सफल आंदोलन के एक साल पूरा होने पर छात्राओं ने कार्यक्रम आयोजित किया था। वहां बारी-बारी से छात्राएं विश्वविद्यालय में छात्राओं की स्वतंत्रता और उस पर प्रशासनिक हस्तक्षेप संबंधी भाषणों से लोगों को संबोधित कर रही थीं। वहां पहुंचने पर देखा कि महिला महाविद्यालय के सामने एक ओर छात्राओं का कार्यक्रम चल रहा है, जिसमें छात्र भी शामिल हैं। वहीं उससे सटे हुए ही एबीवीपी के कार्यकर्ता नारेबाजी कर रहे हैं। कार्यकर्ताओं के धैर्य और सूझबूझ की वजह से न सिर्फ कार्यक्रम प्रभावित नहीं होता बल्कि झगड़े की नौबत भी बार-बार टलती रहती थी।

देश में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, धर्म के प्रचार-प्रसार की स्वतंत्रता और सभा करने की स्वतंत्रता का संवैधानिक अधिकार सभी को प्राप्त है। इस दृष्टि से यह कार्यक्रम किसी तरह की कोई गलती नहीं थी। न ही ये राष्ट्र अहित का ही कोई कार्य था। यह महज अपनी स्वतंत्रता के लिए संघर्ष की सफलता का एक तरह से जश्न था। नारेबाजी कर रहे एबीवीपी के कार्यकर्ता कार्यक्रम कराने वालों को वामपंथी बोलते और धमकाते कि महामना की बगिया को जेएनयू नहीं बनने देंगे। उनका मतलब होता कि यहां वामपंथी विचारधारा को फलने-फूलने नहीं देंगे। और ऐसा करते हुए वह भूल जाते हैं कि यह खुलेआम संवैधानिक अधिकारों का अतिक्रमण है। अपने इस अपराध पर वह लज्जित नहीं हैं। इसके परिणामों से वह भयभीत नहीं हैं। उलटे, उनके नारों में ऐसी बद्तमीजी और अभद्रता है कि सामने से गुजरने वाला कोई भी सभ्य नागरिक शरमा जाए। वह केवल कानूनन अपराधी नहीं लगते बल्कि वह नैतिक और सांस्कृतिक अपराध के लिए भी दंडित किए जाने योग्य हैं। कार्यक्रम के दौरान उनका साहस यहां तक बढ़ आया कि आर्य भारत की कविता के बाद वे सभी हाथापई पर उतर आए।

भारत माता की जय और वामपंथ का एक ही मोटो, खाओ, पीओ, साथ में लोटो जैसे नारे एक साथ लगाने वाले महामना की बगिया के वे तथाकथित संरक्षक मानवीय चरित्र के सबसे अधम स्तर पर पहुंच गए। उन्होंने साउंड सिस्टम को लात से मारकर सड़क पर फेंक दिया। कार्यकर्ताओं के बाल खींचे। छात्राओं को पीटा। आर्य भारत के कंधे पर किसी ने जोर से मार दिया। वह काफी देर तक दर्द से परेशान रहे। वह सब कुछ भयावह था। महाविद्यालय प्रशासन की महिला प्राधिकारियों ने छात्राओं को जबर्दस्ती अंदर जाने को कहा। छात्राएं प्रतिरोध करती रहीं लेकिन उन्हें जबर्दस्ती अंदर भेजकर गेट बंद कर दिया गया। बाहर लड़कों के बीच हाथापाई जारी रही। कुछ देर बाद लड़कियां समूह में जबर्दस्ती बाहर आ गईं। वह चीख रही थीं कि हमारे साथियों को एबीवीपी के गुंडे पीट रहे हैं और हमें अंदर क्यों बंद किया जा रहा है। प्रशासन के ये लोग हमें अंदर भेजने की बजाय कुछ कर क्यों नहीं रहे। अपने छात्र साथियों के लिए लड़ने की हिम्मत करने वाली इन लड़कियों का मैं मुरीद हो गया। अपनी इस हिम्मत से उन्होंने पितृसत्तात्मक व्यवस्था के संरक्षक सेनापतित्व के किले को भी भेद दिया। उन्होंने बताया कि वह अब न सिर्फ अपनी रक्षा करने में समर्थ हैं बल्कि अपने साथियों को बचाने के लिए भी वह कुछ भी कर सकती हैं।

अस्सी घाट और लाल साफे वाले कार्यकर्ता – कार्यक्रम तो था कि वहां से अस्सी घाट जाएंगे। और काफी देर वहां बैठेंगे। लेकिन आर्य भारत को कंधे पर चोट लगी थी। इस वजह से वह कमरे पर जाना चाहते थे। कार्यक्रम के सभी कार्यकर्ता जिनमें अधिकतर काले कपड़ों और लाल गमछों से लैस थे, अस्सी घाट के पास एक चाय की टपरी पर एकत्रित थे। वहीं पर शाश्वत उपाध्याय से ठीक तरीके से मुलाकात हुई। और भी लोगों से परिचय हुआ। आर्य ने परिचय कराया कि मैं जनसत्ता में सब-एडिटर हूं। ऐसे में सभी इस घटना को मीडिया में लाने के प्रति मुझसे आशान्वित थे। चाय पीने के बाद हम अस्सी घाट की ओर बढ़े। वहां कत्थक नृत्य और संगीत का कोई कार्यक्रम चल रहा था। काफी देर तक हम वही देखते रहे। टीम दो हिस्सों में बंट चुकी थी। एक में हम, आर्य भार, गरिमा और माधुरी थे। दूसरी में कार्यक्रम के सभी साथी जो चाय की दुकान पर थे, शामिल थे। वो लोग गंगा किनारे की ओर चले गए। हम घाट से ही आशुतोष के कमरे की ओर चल पड़े। रास्ते में गरिमा ने पूरे प्रकरण पर बहुत सी बातें बताईं। उन्होंने बताया कि पिछले साल लड़कियों के संघर्ष में जब पुलिस ने लाठी चार्ज किया तब एक छात्र को बचाने के लिए उसकी छात्रा दोस्त उसके ऊपर लेट गई थी। यह सच में भावुक कर देने वाला किस्सा था।

मां का फोन और पापा से बात – कार्यक्रम में मारपीट शुरू होने के बाद मैंने आर्य भारत को फोन किया। वह अस्सी पहुंच चुके थे। हमसे रिक्शा करके वहां आने को कहा। जैसे ही हम रिक्शे पर सवार हुए, मां का फोन आया। हाल-चाल देने के बाद फोन रखने ही वाले थे कि मां ने बताया कि पापा के मकान मालिक ने उनके कमरे का ताला तोड़कर अपना ताला लगा दिया है और उसकी चाभी नहीं दे रहा। पापा उसी दिन सुबह प्रतापगढ़ से दो दिन की छुट्टी के बाद वापस आए थे। मेरा क्रोध से भर उठना लाजिमी था। मां को बोला कि पापा से बात करें और मकान मालिक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराएं। और तो और चोरी की धारा भी लगा दें। उन्होंने बात करके बताने को कहकर फोन रख दिया। यह दोहरा तनाव था। एक ओर एबीवीपी की गुंडागर्दी से दिमाग तनाव में था। अब उस मकानमालिक पर गुस्सा आ रहा था। समझ में नहीं आ रहा था कि क्या करें। भदोही जाने का मन बना लिया। कुछ देर बाद मां का फोन आया। उन्होंने बताया कि पापा का फोन नहीं लग रहा है। फिर मैंने खुद फोन लगाया। पापा ने बताया कि उसने चाभी दे दी है। मैंने एफआइआर कराने की बात कही तो बोले कि करा दिया है। सामाजिक धूर्तता के इस नमूने से बहुत देर तक मन दुखी रहा। ऐसी घटनाएं आत्मविश्वास को और गिरा देने का काम करती हैं और दुनिया से और भरोसा उठता जाता है।

बनारस से रवानगी और अपरिचित ‘दोस्त’ – रात में थकान ज्यादा होने की वजह से जल्दी नींद आ गई। माधुरी, गरिमा और आशुतोष ने मिलकर शानदार खाना बनाया था। खिलाने के लिए हमें जगाना पड़ा। खाना खाने के बाद माधुरी और गरिमा हॉस्टल चली गईं। हम भी सो गए। सुबह उठे तो साढ़े 4 बज रहे थे। 5 बजकर 10 मिनट पर इंटरसिटी एक्सप्रेस से लखनऊ जाना था। वहीं शताक्षी और नीलेश हमारा इंतजार कर रहे थे। आशुतोष ने कहा रुक जाइए, दूसरी ट्रेन से जाइएगा लेकिन मैंने हार नहीं मानी। संयोग से 5:10 बजे स्टेशन पहुंच गए। ट्रेन में सीट भी मिल गई लेकिन टिकट नहीं ले पाए। मेरे सामने एक लड़की बैठी थी। उसे भी लखनऊ जाना था। टिकट उसने भी नहीं लिया था। इसलिए, हमसे पूछा कि कौन से स्टेशन पर ट्रेन ज्यादा देर तक रुकेगी। मैंने इंटरनेट से चेक किया तो सभी स्टेशनों पर 5 मिनट का स्टॉपेज था। इतनी देर में टिकट कहीं से भी नहीं लिया जा सकता था। हम इसी बारे में चर्चा कर रहे थे कि टीटीई को क्या जवाब देना है। बात आगे बढ़ी तो और भी बहुत सी बातें हुईं। नीलम या लवली नाम था उसका। बनारस की ही रहने वाली थी। काशी विश्वनाथ की गलियों में कहीं उसका घर था। वहीं उसका बचपन बीता था। खेलते, साइकिल चलाते, शरारतें करते।

अपने परिवार से उसे काफी लगाव था। बुआ की कोई लड़की उसकी अच्छी सहेली भी थी। यात्रा के दौरान उसका फोन भी आया था। खुद के अंतर्मुखी होने को खारिज करते हुए उसने बताया कि वह अपनी तकलीफों के बारे में किसी को बताना नहीं चाहती। चाहे कोई उसका कितना ही करीबी क्यों न हो। नए दोस्त बनाने से शायद परहेज था उसे। बचपन के कुछ दोस्त ही उसके आज तक खासम-खास दोस्तों में शामिल थे। वह बताती कि कैसे लखनऊ के उस कॉलेज में जहां से वह एमबीए कर रही है, उसका कोई दोस्त नहीं है। या कहें कि उसने किसी को न तो दोस्त बनने दिया और न ही बनाया। उसका मानना है कि मेरे दोस्त पहले से ही हैं और मैं उनकी जगह किसी और को नहीं दे सकती। बनारस की बहुत तारीफ करती। बीएचयू का एग्जाम इसलिए दिया कि लोग उससे कहते कि वहां सेलेक्शन होना आसान नहीं है। फिर वहां पढ़ाई छोड़ दी और बीबीए कर लिया। अब लखनऊ से एमबीए कर रही है और एक नौकरी छोड़ चुकी है।

उसने बनारस की कई सारी तस्वीरें दिखाईं। अपने बारे में इतना सब कुछ बता दिया कि मुझे सोचना पड़ा कि यह सब कुछ मुझे क्यों बता रही है। खैर, यह तो वही जाने। उसने मुझे सर्दियों में बनारस आने का निमंत्रण दिया। बोला कि बनारस घुमाने की जिम्मेदारी मेरी। लेकिन ट्रेन से उतरते ही सोशल मीडिया और संपर्क के तमाम संसाधनों के इस दौर में भी वह भीड़ में कहीं गुम हो गई। या उसके लिए शायद मैं गुम हो गया। क्योंकि, ट्रेन से उतरने के बाद हमने एक-दूसरे को देखा ही नहीं। एक अपरिचित दोस्त, जिससे मैंने उसका नाम भी नहीं पूछा और जिसने मेरा नाम नहीं जाना मेरे लिए फिर उसी तरह अपरिचित हो गई जैसे 7 घंटे पहले ट्रेन के मिलने के पहले हम एक-दूसरे के लिए थे। बात-बात में उसने खुद ही अपना नाम बता दिया था। बनारस शायद सर्दियों में जाना हो भी लेकिन उस जिम्मेदारी का क्या जो उसके भीड़ में खो जाते ही अधूरेपन की अनिवार्यता को प्राप्त हो गई।

लखनऊ की एनबीटी यात्रा – इस यात्रा में एनबीटी के ऑफिस में बीते वक्त का हिस्सा काफी ज्यादा था। चारबाग स्टेशन से नीलेश के रूम तक और फिर एनबीटी के ऑफिस पहुंचने तक कुल 2-3 घंटे लगे थे। नीलेश को ऑफिस जाना था। ऐसे में यह एक मुलाकाती यात्रा से ज्यादा कुछ नहीं था। यात्रा के इस पड़ाव में दो सबसे अच्छे दोस्तों से मुलाकात हुई। दोनों स्टेशन तक लेने आए। जाम से लड़कर जब दोनों चारबाग मेट्रो स्टेशन के नीचे हमारे साथ बैठे तो एक बार फिर लखनऊ को कोसना शुरू कर दिया। खैर, यह यात्रा का अंतिम पड़ाव था और इसके बाद नोएडा के लिए रवाना होना था। इसलिए इसमें थोड़ा सा उदासीपन भी था।

अच्छे दोस्त आपसे कभी दूर नहीं होते। वो आपकी चर्चाओं में, बातों में, यादों में, दिमाग में स्थापित से हो गए होते हैं। आप जहां कहीं भी रहें उनकी उपस्थिति रहती है। बशर्ते दोस्ती अच्छी और गहरी हो। शताक्षी के ऑफिस में उसके एक सहकर्मी से परिचय के दौरान जब वह बोल पड़ा कि "वही, जिन्हें तुम शुक्ला-शुक्ला करती रहती हो?" तब लगा जैसे इस ऑफिस में मैं अपने सबसे अच्छे दोस्त के साथ अपनी चर्चाओं के रूप में हमेशा मौजूद रहता हूं। यह मेरी वहां हमेशा ही उपस्थिति को प्रमाणित करने वाला वाक्य था। इस उपस्थिति ने हमारी दोस्ती के प्रमाण-पत्र को और भी ज्यादा विश्वसनीय बना दिया। इससे मिलने वाला सुकून भी अवर्णनीय है। चर्चाएं चाहे जैसी होती रही हों, मैं इस बारे में सोचकर इस पावन भावना का अनादर नहीं करना चाहता।

हालांकि, इतने अच्छे दोस्तों के साथ होने पर भी लखनऊ में काफी बोर हुए। एक तो अपना मूड भी सही नहीं रह गया था। प्रतापगढ़ छोड़ने, बनारस और भदोही वाले मसले की वजह से मन खराब हो चला था। इसके अलावा अगले दिन से फिर जिंदगी के उसी ढर्रे पर चलने की कल्पना भी बार-बार मन को निराश कर रही थी। रात तकरीबन साढ़े 9 बजे लखनऊ से नोएडा की ओर रवाना हो गए।

यात्राओं से नदी के रुके हुए पानी की तरह ठहरा जीवन फिर से चलने लगता है। स्थिर मनस को गतिमान करने का यह शानदार तरीका है। इसलिए, यात्राओं को जारी रखने की दिशा में कोशिश करना उन सभी निराशाओं और उदासीनता से पीछा छुड़ाना है जो जीवन में प्रकृति के परिवर्तन सिद्धांत का रास्ता रोकती हैं। न जाने कितनी बार छुट्टियों पर यात्राएं करने का मन बना। अलग-अलग कारणों से यह कार्यक्रम टलता रहा। अब इसे टालने की कोशिश को विराम देकर जीवन गतिशील करना होगा। वरना, निराशाओं के जानलेवा होने में वक्त नहीं लगेगा।

Wednesday 5 September 2018

सब कुछ छोड़कर हम आदमखोर बनते जा रहे हैं

तरकशः बीते साल पर साल, आजादी का क्या हाल!

निर्दोष और वैचारिक भिन्नताओं के खिलाफ हिंसा किसी भी सूरत में गलत है। अगर आप उसे जस्टिफाइ कर रहे हैं तो एक आजाद और शांतिप्रिय देश के लिए आपसे बड़ा दुर्भाग्य कुछ नहीं हो सकता। सालों, युगों और कल्पांतरों पहले क्या हुआ था या सालों, युगों और कल्पांतरों से क्या हो रहा है जैसे वाहियात और गैर-जरूरी कुतर्क भी किसी की हत्या को जायज नहीं ठहरा सकते। हिंदू, मुसलमान, सिख - की धार्मिक भावना, के अस्तित्व पर खतरा या के संरक्षण के लिए भी किसी की हत्या नहीं की जानी चाहिए। देशद्रोही को भी मारने का अधिकार हमें नहीं है।

कानून है। लाखों-करोड़ों खर्च करके हमने अपना संविधान बनाया है। और इस संविधान बनाने के लायक बनने के लिए बहुत खून बहाया है। यह खून इसलिए बहा है कि आगे निरर्थक खून बहने से रोका जा सके। लेकिन, क्या ऐसा हो पाया है। 70 साल भी ठीक से नहीं बीते और हमने आजादी के समस्त मूल्यों को लहूलुहान कर दिया है। अंग्रेजों को जिनकी बात पसंद नहीं आती थी उनके साथ वो हिंसक सुलूक से नहीं हिचकते थे। आजादी की नींव यहीं से पड़ी थी। शासन के चरित्र से हमें दिक्कत थी। शासन के उसी चरित्र की ओर हम क्या नहीं बढ़े जा रहे आजादी के 70 साल बाद।

बहुत से लोग कहेंगे कि इतना भी बुरा हाल नहीं है भाई। वो जान लें कि है। जितना वो सोचते हैं या हम सोचते हैं उससे भी बुरे हालात हैं। हम जब विचारधारा, देश और धर्म के नाम पर मनुष्यों की हिंसा को जस्टिफाइ करने लगें तो समझिए हालात बुरे ही नहीं अनियंत्रित भी हैं। आजादी के बाद हमें अपने कृषि क्षेत्र में काम करना था कि आत्मनिर्भर ही नहीं दुनिया में पोषक भी बन सकें। हमें अपनी शिक्षा पर काम करना था कि शिक्षित ही नहीं विश्व-शिक्षक भी बन सकें। हमें अपने स्वास्थ्य क्षेत्र में काम करना था कि निरोग ही नहीं विश्व-चिकित्सक भी बन सकें। उद्योग की दिशा में मेहनत करनी थी कि उद्यमी ही नहीं विश्व में पालक भी बन सकें। खेल की दिशा में आगे बढ़ना था कि खिलाड़ी ही नहीं खेल-शक्ति भी बन सकें। बनने के लिए कितना कुछ सोचा गया था। लेकिन हम क्या बन पाए? हालत यह है कि सब कुछ छोड़कर हम आदमखोर बनते जा रहे हैं।

शांति, सद्भाव, प्रेम, बंधुता डरपोक लोगों की ढाल नहीं है। ये मानव-मूल्य हैं। विचारों की लड़ाई में विचारों को कटने की बजाय ये कट रहे हैं। दिमाग और दिल अलग-अलग जगहों पर होते हैं। इनके संवाद भी अलग-अलग ही होने चाहिए। मतभेद और मनभेद को एक होने देना आपके व्यवहारकुशलता और नागरिक जिम्मेदारी की सबसे बड़ी हार है। कुछ घंटों बाद हम आजादी की 72वीं सालगिरह मनाएंगे। हर साल की तरह आजादी के शूर याद किए जाएंगे। अपने देश को सबसे आगे ले जाने की बातें होंगी। प्रेम, अमन को बढ़ावा देने की जिम्मेदारियों के पालन का वादा किया जाएगा। तिरंगे के आगे राष्ट्रगान गाया जाएगा - भारत भाग्य विधाता - जय हे, जय हे। हर साल करते हैं ये सब हम। 15 अगस्त 1948 से लेकर आज तक हर साल।

ये अलग बात है कि आजाद भारत की सुबह ही आजादी की मूल भावना की हत्या से होती है। हमने आजादी के लिए अहिंसा को हथियार बनाया। आजादी मिलते ही सबसे पहले अहिंसा के साथ हिंसा की और लगातार करते आ रहे हैं। क्या अर्थ है आजादी का? हमें इसकी परिभाषाओं में एक बार फिर उतरने की जरूरत है। हम तरह की विचारधारा, हर तरह के धर्म, हर तरह की संस्कृति, हर तरह के त्योहार, हर तरह के लोग सबको आजाद करने की जरूरत है। आखिर, आजादी सबको मिली थी न। फिर, वर्चस्व की लड़ाई के जरिए हम फिर गुलामी को पोषण देने पर क्यों तुले हैं? इस 15 अगस्त इसी पर सोचिए। एकांत में बैठकर। आंखें मूंदकर। एक नागरिक की तरह। एक भारतीय की तरह। एक बटा एक सौ पच्चीस करोड़ भारत की तरह।

(15 अगस्त 2018 को लिखित)

Thursday 30 August 2018

यह सरकार प्रतिरोध और सवालों की संस्कृति को गूंगा बना देना चाहती है!

Image result for modi cartoon

तरकशः 'अराजक' कानून के प्रति आस्थावान प्रधानमंत्री की संवैधानिक सजा क्या है?

लोकतंत्र में किसी पार्टी का समर्थक होना बुरा नहीं है। दलीय जनतंत्र में जब हम एक दल से निराश होते हैं तो दूसरी की ओर उम्मीद भरी नजरों से देखते हैं। उम्मीदों का यही विस्थापन जनतंत्र को जीवित रखता है। दलों में एक दूसरे से बेहतर होने की होड़ इसी से लगती है। ताकि, वह उम्मीदें खरीद सकें अपने सुचरित्र से। जनतंत्र में जनता की शक्ति भी यही है। इसीलिए, किसी पार्टी का समर्थक होना उससे उम्मीद करना बुरा नहीं है। एक के बदले दूसरे के समर्थन में निश्चित रूप से हम उसका इतिहास नहीं देखते। हम उसके दावे देखते हैं। उसके वादे देखते हैं। उसकी सच्चाई परखते हैं। उसके बाद अपने समर्थन का रंग उसके झंडे में मिला देते हैं।

लेकिन तब क्या करें जब दावे धोखेबाज हो जाएं। जब वादे खोखले हो जाएं। जब झूठ बोलना ही बेहतर वक्तव्य और कुशल 'राज'नीति का मापदंड माना जाने लगे। क्या करेंगे? अगर ऐसा हो रहा है तो मान लीजिए कि अब आपकी उम्मीदें 'काले धन' से खरीदी जा रही हैं। ऐसा होने लगे तो समझ जाइए कि प्रतिस्पर्धाओं ने 'अवैध हथियारों' का इस्तेमाल शुरू कर दिया है। ऐसा होने लगे तो थोड़ा सशंकित हो जाइए कि आपकी मासूमियत और आपके विश्वास को मूर्खता की उपाधि से अलंकृत करके जनतंत्र की आड़ में एकतंत्र या तानाशाही का घिनौना खेल खेला जा रहा है। थोड़ा भयभीत हो जाइए कि दूसरों को शहीद होता देखते-देखते कभी भी कोई तीर आपकी छाती से भी पार हो सकता है।

प्रधानमंत्री ने दिसंबर 2017 में कहा कि 50 दिन में अगर कोई खास उपलब्धि नहीं रही तो मैं चौराहे पर खड़ा हो जाऊंगा और आप जो सजा देना चाहें मुझे दे सकते हैं। जनता लाइनों में खड़ी हो गई कि इतने बड़े पद पर रहते हुए इतना लोकप्रिय नेता झूठ थोड़े बोलेगा। देश के लिए देशवासी 'विपदा' झेलने को तैयार हो गए। देशभक्ति की राह में न जाने कितने अघोषित शहीद हुए, न जाने कितनों के व्यापार बर्बाद हो गए। न जाने कितनों की शादियों में दिक्कतें आईं, घर अधूरे रह गए, सपने अधूरे रह गए। कितनों के घर में कई दिनों तक चूल्हा नहीं जला। पकवान छोड़िए, नियमित भोजन नहीं बने। ये सब किसलिए झेला गया। इसलिए कि अनैतिक और अवैध तरीके से जुटाए गए तमाम भ्रष्ट और तथाकथित बड़े लोगों के खाते में जो काला धन है उसका हिसाब हो सके। उनको सजा दिया जा सके। सरकार ने कहा कि काला धन तो बाहर होगा ही आतंकवादियों के आर्थिक रास्ते बंद हो जाएंगे।

सब कुछ देश के लिए सहन किया गया कि एक दिन खबर आएगी कि भ्रष्टाचार को करारा तमाचा मारा गया है। इससे कम से कम कुछ सालों तक भ्रष्टाचार की तीव्रता में कमी तो आती ही। सच में जानकर खुशी होती कि देश पर हमला करने वाले आतंकियों के आय के स्रोत बंद हो गए और वो बर्बाद होकर घूम रहे हैं। ये सब हुआ नोटबंदी की वजह से। हम भी एक आर्टिकल लिखते कि इस सरकार ने चाहे 5 साल में कुछ भी न किया हो लेकिन नोटबंदी के लिए इसे एक बार वोट देना जरूरी है। लेकिन, खबर क्या आई। खबर आई कि विदेशों में जमा काला धन दोगुना हो गया। खबर आई कि आरबीआई ने एक रिपोर्ट जारी की है। जिसमें कहा गया है कि तकरीबन 99.3 प्रतिशत 500-1000 के नोट वापस आ गए हैं। सिर्फ 0.7 प्रतिशत नोट अर्थव्यवस्था से बाहर हुए।

नोटबंदी के पहले जो दावे किए जा रहे थे उसमें तो ये आंकड़ा तकरीबन 25 फीसदी के आस-पास बताया जा रहा था। तकरीबन 6-7 लाख करोड़ रुपए के इकानॉमी से बाहर होने की बात की जा रही थी। आखिर ऐसा क्या हुआ। क्या दिक्कत आई कि आपके अनुमान ध्वस्त हो गए। क्या इसका जवाब गुजरात में अमित शाह की अध्यक्षता वाले बैंक में सबसे ज्यादा नोट बदले जाने वाली रिपोर्ट जैसी घटनाओं की तह में है? नक्सलियों का हमला, सीमा पार से आतंकियों का हमला कुछ भी तो प्रभावित नहीं हुआ। डिजिटल कैश तक के माहौल तक की बातें झूठी साबित हो गईं। क्या वजह रही? कौन जिम्मेदार है? किसकी जवाबदेही है?

यह सवाल सरकार से नहीं है। आप जो कोई भी हैं और इसे पढ़ रहे हैं उनसे ये सवाल है। आप इस देश की सरकार हैं। आप भी जवाबदेह हैं। जवाब दीजिए इसका कि कौन जिम्मेदार है? नोटबंदी की लाइन में खड़े रामसुवन की मौत का जिम्मेदार कौन है? दिसंबर 2016 में नुकसान की वजह से बर्बादी की कगार पर आ गए व्यापारियों की हालत के जिम्मेदार कौन हैं? छोटे व्यापारियों, बुनकरों, कुटीर उद्योगपतियों के भयानक नुकसान का जिम्मेदार कौन है? देश में क्या कुछ हो रहा है उस पर कुछ बोलने का आपके पास वक्त है? उस पर सवाल उठाने का आपके पास वक्त है? जय शाह पुत्र अमित शाह की संपत्ति अचानक लाख गुनी कैसे बढ़ जाती है इसका जवाब ढूंढने की आपने कोशिश की? विजय माल्या, नीरव मोदी, मेहुल चौकसी जैसे लोग जनता की गाढ़ी कमाई लूटपाटकर विदेश कैसे भाग गए? मजाक बनाने के अलावा इससे जुड़ा कोई सवाल सरकार तक आपने पहुंचाया। ऐसे कई सवाल आपके पास से गुजरे होंगे, उस पर कभी ध्यान दिया?

नहीं दिया तो कम से कम अब ध्यान देने की कोशिश कीजिए। चौराहे पर खड़े होने और लोगों से सजा देने की बात कहने वाले प्रधानमंत्री को ऐसी अराजक सजाएं देने की जरूरत नहीं है। हम तो कम से कम सभ्य बनें। संवैधानिक बनें। संविधान के मुताबिक उनकी जो सजा है हम उतनी ही सजा दें। इसके लिए फिर से समर्थन और उम्मीद के विस्थापन पर आइए। देवताओं की तरह पूजना बंद कीजिए। अंध समर्थन के चक्र से बाहर आइए। आपको अपने मूल्य बचाने हैं तो। आपको अपना खुद का पक्ष बचाना है तो। दिल्ली से दूर बैठे गांवों में अपने आप को महत्वहीन समझना बंद करना होगा। 5 साल के बाद अगले साल फिर से चुनाव होगा। दावों और वादों का खेल एक बार फिर खेला जाएगा। लाखों-करोड़ों रूपए पानी की तरह बहा दिए जाएंगे। आपको जबर्दस्ती बताया जाएगा कि उन्होंने आपकी बेहतरी के लिए बहुत कुछ किया। आप सुनेंगे। नारे लगाएंगे लेकिन वोट देने से पहले आप उनसे सवाल नहीं कर पाएंगे। आपको सवाल करने का मौका नहीं दिया जाएगा। आपको सवाल करने ही नहीं दिया जाएगा। क्यों!!!

क्योंकि, ऊंचे मंचों और ऊंची कुर्सियों को सवाल सुनने की आदत नहीं है। वो सवाल नहीं सुनना चाहते। वो केवल झूठ बोलना चाहते हैं। उन्होंने झूठ बोला कि हमने एसआईटी काला धन वालों को पकड़ने के लिए बनाई है। पांच साल में काला धन वालों के खिलाफ उन्होंने क्या किया, यह सवाल आप उनसे नहीं पूछ सकते। उन्होंने झूठ बोला कि हम स्मार्ट सिटी बनाएंगे। पांच साल में कितने शहर स्मार्ट बने ये सवाल उनसे नहीं पूछ सकते आप। उन्होंने झूठ कहा कि भ्रष्टाचारियों को संसद में नहीं घुसने देंगे। 5 साल में कितने भ्रष्टाचारी संसद से बाहर निकाले गए ये सवाल आपको नहीं पूछने दिया जाएगा। भ्रष्टाचार के आरोपसिद्ध लोगों को पार्टी में शामिल करने और पद देने संबंधी आपके सवाल आपकी जबान से बाहर भी नही निकलने दिए जाएंगे। किसानों की आय दोगुनी करने का झूठ देश की अधिसंख्य किसान जनता से छिपा नहीं है। किसानों को फसल की उचित कीमत पाने भर के लिए क्या-क्या नहीं करना पड़ा। किसानों के प्रदर्शन की अनदेखी से इस सरकार ने देश के अन्नदाताओं का सीधा अपमान किया है। किसानों का अपमान देश के उन समस्त आर्थिक मध्यवर्ग और निम्नवर्ग परिवारों का अपमान है जिनकी जिंदगी खेत के भरोसे चल रही है। क्या आपको यह अपमान नहीं लगता? अपने आत्मसम्मान को इतना सहिष्णु न बनाइए।

किसानों और गरीबों की सरकार होने का दावा करके सत्ता में आए ये लोग पूरे पांच साल जाने कैसे-कैसे मुद्दों पर राजनीति करते रहे। अपनी नाकामियां छिपाने के लिए इन्होंने राष्ट्रवाद, हिंदुत्व, मां, सैनिक जैसे पावन शब्दों को राजनैतिक खिलौना बना दिया। आतंक और भ्रष्टाचार से छुटकारा दिलाने के वादे के बरअक्स इन्होंने भय और भ्रष्टाचार का नया व्यापार खड़ा किया। इन्होंने 'स्वदेशी आतंकवादी' बनाए। मॉब लिंचर्स पैदा किए गए। सवाल करने वाले लोग अलग-अलग तरह से किनारे लगा दिए गए। अभिव्यक्ति के मंचों पर डंडा चलता रहा। रचनात्मकता या तो सहमी रही या किनारे लगा दी गई या फिर राग दरबारी हो गई। राग दरबारी लोग फले-फूले। जो खिलाफ रहे उन्हें शहरी नक्सली बोलकर जेल भेज दिया गया। उन्हें इस्तीफा देने को मजबूर कर दिया गया। उन्हें तरह-तरह से परेशान किया गया। यह सरकार प्रतिरोध और सवालों की संस्कृति को गूंगा बना देना चाहती है। यह सरकार जनतंत्र को फनतंत्र बनाकर खेल रही है। लगातार उसका मजाक उड़ा रही है। सत्ता पाने के लिए हर तरह की जोड़-तोड़, संविधान के साथ खिलवाड़ को सामान्य बनाने की कोशिश कर रही है। यह बड़ी गहरी राजनीति है। कुछ दिनों बाद इस तरह की राजनीति में हर किसी का दम घुटने लगेगा।

Tuesday 28 August 2018

देश में बराबरी का 'प्रधानसेवक' चल रहा है

कम्युनिस्टों से लाख दिक्कत हो लेकिन साम्यवाद तो हमें चाहिए ही। लेकिन चूंकि दिक्कत है, इसलिए हमारा 'साम्यवाद' दूसरे किस्म का होगा। कांवड़िए गाड़ी तोड़ें या हड्डी, उन लोगों को तो बिल्कुल दिक्कत नहीं होना चाहिए जो दलित आंदोलन, मराठा आंदोलन, जाट आंदोलन, करणी सेना धूर्तता के वक्त चुप रहे थे या समर्थक थे। अगर उन लोगों को हड्डी तोड़ने, गाड़ी तोड़ने का अधिकार प्राप्त है तो हमारे 'साम्यवाद' के हवाले से हमको भी अधिकार मिलने चाहिए। हम भी हड्डी इत्यादि तोड़ें। तभी तो बराबरी आएगी न भाई।

हम बहुत जमीन से जुड़े लोग हैं। धरती माता की जय। इसलिए, बराबरी हासिल करने में भी हम ऊपर नहीं देखते। कौन उठे? हां, गिरकर बराबरी करनी हो तो बताओ। देर नहीं लगेगी। गिरने में तो हमारा कोई सानी ही नहीं है। सिरमन कई दफा छज्जन ठाकुर से कह चुके थे, अपनी भैंस को संभालो। रोज हमारे दरवाजे पर गोबर कर जाती है। छज्जन नहीं माने। अगले दिन सवेरे-सवेरे सिरजन छज्जन के दरवाजे को पवित्र कर आए। इस तरह से उन्होंने कर्म में साम्यवाद का परचम बुलंद किया। आदमी तो छोड़िए, उन्होंने जानवर तक के साथ साम्यवाद स्थापित कर दिया। इसे कहते हैं बराबरी।

देश में बराबरी का 'प्रधानसेवक' चल रहा है। प्रधानसेवक तूफान का नया पर्यायवाची है भक्तजनों के मुताबिक। वहीं विपक्ष के मुताबिक झूठ का भी है। खैर, दोनों अपने-अपने हिसाब से समझें। हमें तो अपनी जान बचानी है। दोनों से। लेकिन हां, बराबरी का प्रधानसेवक तो चल ही रहा है। बल्कि इस मामले में वैश्विक प्रतिस्पर्धा है। अमेरिका ने, पाकिस्तान ने भारत का अनुसरण करते हुए यही मार्ग अपनाया था। साम्यवाद का यह नया मार्ग है। गृहमंत्री बोले, 84 से बड़ी मॉब लिंचिंग नहीं कर पाए हम। लेकिन कोशिश कर रहे हैं न। आपने 60 सालों में जो किया हम पांच साल में तो कर ही देंगे। हम समानता लाने के प्रति प्रतिबद्ध हैं।

कांग्रेस ने कहा- कैसे? हमने आजादी की लड़ाई लड़ी। आप ये कैसे कर पाएंगे। भाजपाई बोले - करेंगे, वो भी करेंगे। कार्य प्रगति पर है। पहले पराधीन तो कर दें। फिर हम अपने तरीके से लड़ाई लड़ेंगे। आजादी की। तब आएगी बराबरी। पिछले 60 सालों में देश में बराबरी के तराजू ने हिंदुओं को काफी ऊपर उठा दिया था। उसे ज्यादा से ज्यादा नीचे गिराना है। जनेऊ के धागे के माध्यम से इस अभियान में विपक्ष भी जुड़ गया।

बराबरी का वैभव पूरी तरह से उसके प्रतिद्वंदी में है। कि हम किससे बराबरी हासिल करना चाहते हैं। पाकिस्तान कहता है हम अपनी अर्थव्यवस्था को भारत से आगे ले जाएंगे। भारत कहता है कि पाकिस्तान में फलां लोगों का जीना दूभर है। बांग्लादेश में फलां लोग मारे जा रहे हैं। हम सब बराबर कर देंगे। अपनी श्रेष्ठता या बराबरी दिखाने के लिए हमें दो-चार ही देश याद आते हैं। हमारी समानता की प्रतिस्पर्था उन्हीं से है।

समस्त मीडिया भी आजकल 'अवकरिका' से भरपूर है। नौकरी जाने का खतरा है नहीं तो बता देते कि अवकरिका माने कचरा होता है। लेकिन कुछ लोग लगे थे प्रसून खिलाने में। बार-बार सफाई देना पड़ रहा था। ये कहां की बराबरी है भाई। असमानता तो छोड़िए, आप तो 'भक्ति-भावना' आहत करने लगे थे। बराबरी ऐसे नहीं आती है। आप बराबर में नहीं चलेंगे तो काट के फेंक दिए जाएंगे।

श्रेष्ठता खास लोगों की पैतृक संपत्ति थोड़ी है (बपौती कहना थोड़ा अशिष्ट लग रहा था।) इसलिए, साम्यवाद के प्रति प्रतिबद्ध हम लोगों ने 'अनुसूचित' संस्थानों को भी एमिनेन्स का दर्जा दिया। जनता को हमारी तरह कैमरे पर 'सत्य' बोलने का मौका दिया। उदाहरण के रूप में छत्तीसगढ़ की किसान महिला को देख लीजिए। उसके दोगुनी आय के 'सत्योद्घाटन' से विपक्ष की शक्ल का 'मार्गदर्शक मंडल' हो गया था।

यह अलग तरह के साम्यवाद का दौर है। उन्होंने किया था तो हम कर रहे हैं। वो कर रहे हैं इसलिए हम भी कर रहे हैं। 'तब कहां थे' इस साम्यवाद का ध्येय वाक्य है और तथाकथित 'रक्षा' मूल भाव। इस साम्यवाद से आप इतना गिर सकते हैं कि भूमिगल जल की जगह पर आप स्थापित हो सकते हैं। फिर, बिना 'पानी' वाली दुनिया में उम्मीद के अंकुर कैसे फूटेंगे, पता नहीं।

स्मृतिशेषः सार्थक वक्तव्यों का मर्यादित नेता अटल बिहारी

नफरत के खिलाफ बिगुल फूंक देने से कोई प्रेम का पैरोकार नहीं हो जाता। प्रेम का पैरोकार होने के लिए प्रेम करना भी तो जरूरी है। प्रेम होना भी तो जरूरी है। नफरत के खिलाफ नफरत से खड़े होने वाले नफरत के खिलाफ कैसे और प्रेम के साथ कैसे? यह सच है कि हालिया इतिहास में हिंदू पंथ के लोगों की प्रेम की परिभाषा थोड़ी दूषित हुई है। आप उसे सांप्रदायिकता कह सकते हैं लेकिन आस्था और सांप्रदायिकता में अंतर करने के बाद। आप किसी आस्थावान को सांप्रदायिक कैसे कह सकते हैं। आप जिनके खिलाफ हैं उनकी भाषा कैसे बोल सकते हैं? आज की दुनिया में विद्वानों की टोली में शामिल होने की बजाय प्रेम करने वालों की टोली में शामिल होना ज्यादा बेहतर है।

विश्लेषण किया जाए तो एकदम आदर्श इंसानों का समुच्चय रिक्त ही दिखेगा। गलतियां चाभी की तरह होती हैं जो सही रास्ते का ताला खोलती चलती हैं। तो क्या आलोचना गलतियों पर होगी या उसके आगे के सुधारगत कदमों की होगी? यहां हर एक बात मैं अटल बिहारी के वाजपेयी के निधन से जुड़ी लोगों की प्रतिक्रियाओं के संदर्भ में कह रहा हूं। लेकिन इसका मतलब ये नहीं है कि मैं ऐसा कह रहा हूं कि अटल जी ने बहुत सी गलतियां की और उन पर आलोचना होनी चाहिए। पता नहीं, जिन गलतियों को हम गलतियां कह रहे हैं वह गलतियां हैं भी कि नहीं। अटल को सांप्रदायिक घोषित किया जा रहा है। कुछ ने उन्हें बेकार कवि कहा। कुछ ने कहा कि आज भाजपा का जो स्वरूप है वह उन्हीं की वजह से है। यह सब तब कहा जा रहा है जब तकरीबन 13 9 सालों से बोलना बंद कर चुके अटल इहलोक छोड़कर चले गए। लोग ऐसे लोगों को संस्कारों की दुहाई देकर चुप करा रहे हैं। लेकिन, उन्हें तो अपनी विद्वत्ता, निष्पक्षता, पंथ-निरपेक्षता और उंगली काट शहादत पर इतराना है। उन्हें आप किसी भी विधि से चुप नहीं करा सकते।

राजनीति को आप काजल की कोठरी कहते हैं। यह सभी को पता है कि राजनीति की गाड़ी कैसे चलती है। मजबूरियों, उसूलों, चरित्र और जनहित में सामंजस्य बिठाकर राजनीति चलती है। आज के दौर की राजनीति में कोई ऐसा राजनेता ढूंढकर दिखाइए जिसने अटल जी की तरह इन चीजों से सामंजस्य बिठाया हो। राजनैतिक आदर्श और मर्यादा की अनुपालना के जितने सर्वश्रेष्ठ उदाहरण अटल जी के साथ जुड़े हैं उतने हिंदुस्तान के किसी एक हथेली की उंगलियों पर गिने जा सकने वाले नेताओं से जुड़े दिखाई पड़ते हैं। अटल को इसलिए दोष दिया जाता है कि वह आरएसएस और भाजपा के कार्यकर्ता थे। क्या यह उनका ऐब है? क्या हम गांधी, नानक और कबीर की उसी परंपरा से हैं जिसमें कहा जाता है कि घृणा पाप से करो पापी से नहीं? अटल को अपनी संस्कृति को लेकर अभिमान था। अपने हिंदू होने पर गर्व था। यह उनकी विचारधाराई संस्कार का अभिन्न हिस्सा था तो क्या यह उनका ऐब हुआ। उन्होंने अपने धर्म के नाम पर हिंसा करने को तो कभी नहीं कहा और न किया। उल्टा जिन लोगों ने किया वह भले ही उनकी पार्टी के क्यों न थे, उनका विरोध ही किया। वो भी सार्वजनिक रूप से। पार्टी के अंतर्विरोध का प्रतिनिधि होना क्या आसान है? हिंदू तन-मन हिंदू जीवन रग-रग हिंदू मेरा परिचय। कविता में कहां गलती है। कांवड़ियों के उपद्रव, योगी आदित्यनाथ के घटिया बयान और नरेंद्र मोदी के गोधरा वाले नीच कृत्य को ही आप हिंदुत्व समझते हैं क्या? अगर हां, तो यह आपके अल्पज्ञान की समस्या है।

जगती का रच करके विनाश कब चाहा है निज का विकास
भू-भाग नहीं, शत-शत मानव के हृदय जीतने का निश्चय।
मैं तो समष्टि के लिए व्यष्टि का कर सकता बलिदान अभय।

इन पंक्तियों में अटल के हिंदुत्व का अर्थ है। कविता वीररस की है। अतिशयोक्ति अलंकार है। अगर साहित्यिक सौंदर्य से उनके राजनीतिक चरित्र और व्यक्तिगत संस्कार का मूल्यांकन करेंगे तो कथित विद्वत्ता का अलंकार जरूर पा लेंगे लेकिन यह न्याय तो कतई नहीं होगा। किसी ने लिखा आज की पीढ़ी जब पैदा हुई तब अटल अपनी छवि बदल चुके थे। कौन सी छवि बदला उन्होंने? उनसे पूछने की जरूरत है। राजनीति में लंबे समय तक विपक्ष की भूमिका में रहने वाले बल्कि सशक्त विपक्ष की भूमिका में रहने वाले अटल राजनीति में तब उतरे थे जब देश में नेहरू युग चल रहा था। क्या उम्र रही होगी उनकी। लेकिन उनकी राजनीतिक समज और छवि का अंदाजा इसी से लगाइए कि नेहरू ने ब्रिटिश प्रधानमंत्री से जब उनका परिचय कराया तब कहा कि विपक्ष के बड़े प्रतिभाशाली नेता हैं और मैं इनमें देश के भावी राजनेता की छवि देखता हूं। क्या आप इसी छवि की बात करते हैं? एक विदेशी पदाधिकारी से बात करते हुए नेहरू ने अटल को देश का भावी प्रधानमंत्री तक बता दिया था। अगर तब उनकी छवि ये थी और हमारे जन्म के बाद उन्होंने छवि बदल ली तो ये छवि कितनी शानदार हो गई, आप इसका अंदाजा लगाइए।

नरेंद्र मोदी को उन्होंने गुजरात का मुख्यमंत्री बनाया। 2001 की बात है। 2002 में गोधरा कांड हुआ तो उन्हें पद से हटाने को भी तैयार हो गए। सभी जानते हैं कि पार्टी में इस मामले को लेकर अटल बिल्कुल अकेले पड़ गए थे। लेकिन इस विषय पर उन्होंने अपना स्टैंड तो रखा। उन्होंने मोदी को राजधर्म की सीख दी। उन्होंने कहा कि राजा के लिए प्रजा-प्रजा में भेद करना सही नहीं है। धर्म के आधार पर, जाति के आधार पर या संप्रदाय के आधार पर। यह उनकी राजनीति का राजधर्म था। उन्होंने खुद के लिए भी यह दावा नहीं किया कि वह अपने राजधर्म का पूरी तरह पालन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मैं प्रयास कर रहा हूं अपने राजधर्म की पालना का। इस सत्यनिष्ठा की आज की राजनीति में उम्मीद की जा सकती है क्या? यह सबको पता है कि अटल वही बोलते थे जो कर पाते थे। एक-एक शब्द सार्थक।

अटल के वक्तव्यों में एक गैप हुआ करता था। पॉज। इस पॉज में राजनीतिक जिम्मेदारी, लोकतांत्रिक मर्यादा, सत्यनिष्ठा, भाषायी शिष्टता और मानुषिक शालीनता का शब्दकोश था। इतने लंबे राजनीतिक करियर में लगातार सक्रिय रहते आप किसी के खिलाफ अशालीन टिप्पणी, व्यवहार से बचे रहते हैं यह क्या किसी बड़ी उपलब्धि से कम है। बिना किसी ठोस मर्यादित चरित्र के क्या ऐसा हो पाना संभव है। यह सच है कि अटल आजादी की ओस में सद्यस्नात संस्कारों, विचारों, चरित्र और आचरणगत मूल्यों के आखिरी वट- वृक्ष थे। उनके बाद से ही भारतीय राजनीति ने मर्यादाओं के पर्दे फाड़ दिए। अब संसद में क्या होता है? राजनीति में क्या होता है, हम सभी देख-सुन रहे हैं।

(17 अगस्त को लिखित)

Sunday 26 August 2018

रक्षाबंधन प्रेम, सहायता और रक्षा का पर्व है

रक्षाबंधन प्रेम, सहायता और रक्षा का पर्व है। इससे जुड़े अनेक किस्सों से रक्षाबंधन का यही चरित्र उजागर होता है। सिकंदर की पत्नी के भेजे रक्षासूत्र की वजह से पुरू ने सिकंदर की जान बख्श दी और बंदी बना लिए गए। रक्षासूत्र बांधकर लक्ष्मी ने बलि से विष्णु को मांग लिया। रक्षासूत्र भेजकर रानी कर्मावती ने बहादुरशाह के आक्रमण से रक्षा के लिए हुमायूं से सहायता मांगी।

रक्षासूत्र का सबसे अद्भुत प्रसंग महाभारत से है। शिशुपाल वध के दौरान सुदर्शन चक्र के इस्तेमाल से भगवान की अंगुली से खून निकलता देखकर द्रौपदी तुरंत अपने दुकूल का एक किनारा फाड़कर कृष्ण की उंगली पर लपेट देती हैं। इसे भी रक्षासूत्र ही कहा गया। वह दिन भी सावन की पूर्णिमा का दिन था। द्रौपदी कृष्ण की बहन नहीं थीं। सखी थीं। कृष्ण से उन्हें शर्तहीन प्रेम था।

कहा जाता है कि इंद्र की पत्नी ने भी इंद्र की रक्षा के लिए उन्हें तपोबल से उत्पन्न राखी बांधी थी। किसी युद्ध में जाने से पहले। राखी सिर्फ प्रेम का त्योहार है। सिर्फ भाई-बहन के प्रेम का नहीं। किसी से भी प्रेम का। जिसके आभार तले आप दबे हों आप उसे भी राखी बांधकर उऋण होने की कोशिश कर सकते हैं। जिस पर भी आप विश्वास जताना चाहते हों उसकी कलाई पर रक्षासूत्र का बंधन आरोपित कर सकते हैं। जिससे भी सप्रेम सहायता चाहते हों उसे बांध दीजिए राखी। जिसे रक्षा का वचन देना है उसके हाथ पर सूत्र से आश्वासन का हस्ताक्षर कर दीजिए।

पेड़-पौधों को, दोस्तों को, गुरू को, किताबों को, महापुरुषों की मूर्तियों को, ईश्वर की मूर्तियों को, मां-पिता को। जिसको चाहें, रक्षासूत्र बांध दीजिए और प्रतीकों से मुक्त होकर बंध जाइए बंधन में। रक्षाबंधन में। प्रेमबंधन में। आभारबंधन में। आदरबंधन में। सिर्फ प्रतीकों से नहीं, दिल से। 😊

Saturday 11 August 2018

परंपरागत धार्मिकता पर राजनीति-प्रेरित धार्मिकता हावी होने लगी है

फोटोः इंटरनेट से साभार

समर्थन-विरोध की बाइनरी से हटकर लिखना आसान तो है लेकिन समझा पाना बड़ा मुश्किल है। कांवड़ यात्रा को लेकर दो तरह के पक्ष दिख रहे हैं। एक तो सम्पूर्ण कांवड़िया समुदाय को हिंसक, उग्र और बद्तमीज़ लिख रहा है। दूसरा धार्मिक स्वतंत्रता के नजरिये से तथा कुछ कु-अपवादों से परे होकर कांवड़िया शब्द के सम्मान की बात कर रहा है। यह सच है कि जजमेन्ट देने के लिए आपको दोनों पक्षों पर निष्पक्ष विचार करना चाहिए। पिछले कुछ दिनों से जारी धार्मिक आवरण वाले उपद्रव की कुंठाओं से बाहर निकलकर।

धार्मिक आस्थाएं बेहद ही शालीन, पवित्र और भली होती हैं। नरम भाव। कल्याण की शुभेच्छा। किसी भी प्राणी को तकलीफ न पहुँचाना। हर समुदाय की धार्मिक आस्था की परिभाषा इन दो-चार बिंदुओं के साथ ही पूरी होती है। हमारे समाज का एक वक्त ऐसा भी था जब अधिकांश युवा वर्ग दिवा स्वप्नों, 'पथभ्रष्ट' गतिविधियों और नास्तिक विचारधाराओं के लिए लगातार कोसा जाता रहा था। भगवान से दूरी, धार्मिक मान्यताओं, विधि-विधानों को ख़ारिज कर देने की उसकी प्रवृत्ति की वजह से घर के बुज़ुर्ग उन्हें हिकारत से देखते थे। हमारे परिवार में भगवद्भजन या धर्म से जुड़े कामों में संलग्न कोई भी बच्चा बहुत ही संस्कारी, शिष्ट और सभ्य माना जाता था। लेकिन फिर आखिर ऐसा क्या हुआ कि जो युवा वर्ग बढ़ती उम्र के साथ 'नास्तिकता' की दहलीज पर बढ़ता था वही धर्म ध्वजा उठाकर हिन्दू सुरक्षा और राष्ट्र बचाने के अभियान में शामिल हो गया?

अभियान भी यूं कि दुर्गा पूजा, जन्माष्टमी, दीवाली से लेकर कांवर यात्रा जैसे उत्सवों की शालीनता सड़कों पर गुंडागर्दी का तांडव करने लगी। दुर्गा पूजा में अराजकता और फूहड़ता का जो प्रदर्शन होता है कि दुर्गा-काल के राक्षस भी शर्मा जाएं। कांवर यात्रा में जो कुछ भी हो रहा है उसे हम देख ही रहे हैं। भक्तों से कौन डरता था? लेकिन आज हम डर रहे हैं। पहले भक्तों का समूह निकलता था तो सारा समाज धार्मिक और जातिगत बाधाओं के पार आकर उनकी सेवा में लग जाता था। क्या कि, यही धर्म है। पुण्य मिलता है। भगतजन भी सेवा करवाने को हमेशा तैयार नहीं रहते थे। क्या कि, हमारे समस्त अर्जित पुण्य कहीं सेवा करके ये न ले जाएं। ऐसे भक्त अब नहीं दिखते। कारण यही नए भक्त हैं।

पूजा-पाठ निहायत व्यक्तिगत मामला है। प्रदर्शन की इसमें कोई जगह नहीं है। दादी बताती हैं कि पूजा-पाठ, दया-दान-पुण्य आदि का प्रदर्शन करने पर उसका फल नहीं मिलता। गुप्त-दान को इसीलिए महत्वपूर्ण माना गया है। दादी का कहना है कि धर्म का पालन करना बहुत कठिन है। जो धर्म का पालन नहीं करता वह धर्म की रक्षा क्या करेगा? लेकिन, हमारे देश के युवाओं ने धर्म की रक्षा का भार अपने ऊपर ले लिया है। उन्होंने चोला तो पहन लिया धर्म का लेकिन धर्म को धारण नहीं कर पाए। इसलिए, धार्यते इति धर्म: की परिभाषा से बाहर हो गए। आजकल अधार्मिकों ने धर्म की रक्षा का ठेका ले लिया है। हम चुप होकर उन्हें अपनी सहमति भी प्रदान कर रहे हैं।

फोटोः इंटरनेट से साभार
धर्म के राजनीतिकरण ने धार्मिक कृत्यों का चरित्र बदला है। राम मंदिर आंदोलन का इसमें उल्लेखनीय योगदान है। धर्म जब मंदिरों से बाहर आया तब युवाओं ने उसे हाथों हाथ लेना शुरु कर दिया। धार्मिक अभिवादन जब राजनीतिक नारों में तब्दील हुए तब भगवान और धार्मिक कार्यों से हमेशा विमुख रहने वाला युवा वर्ग अलग तरह की आस्तिकता की ओर बढ़ने लगा। इस आस्तिकता में धर्मग्रंथों का अध्ययन कितना है यह रिसर्च का विषय है। इस आस्तिकता में शालीनता और समावेशी भाव के साथ एक घृणाभाव, एक अलगाव, उग्रता और आक्रामकता भी शामिल हो गई है। राजनीतिक रैलियों और धार्मिक यात्राओं के नारे लगभग एक होने लगे हैं। राजनीति के साथ धर्म में भी रोमांच मिलने के साथ ही युवाओं का आकर्षण इस ओर तेजी से बढ़ने लगा है। फलस्वरूप, दशहरे में जागरण के मंच और मूर्ति स्थापना समितियों की संख्या बढ़ने लगी है। मूर्ति स्थापना तथा विसर्जन के दौरान डीजे पर बजते कनफोड़ू संगीत के बीच की अराजकता सामान्य घटना होने लगी है। कांवड़ यात्रा में भी इसी तरह के दृश्य दिखने लगे हैं। धर्म उन्माद हो गया है। राजनीति प्रेरित धार्मिकता परंपरागत धार्मिकता पर हावी होने लगी है।

राजनैतिक धर्मवाद के साथ एक और चीज का जन्म हुआ है। हिन्दू राष्ट्रवाद का। मतलब हिन्दवी संस्कृति ही असल राष्ट्रवाद का चरित्र है। इतिहास के शब्दकोष में हिन्दू के कई अर्थ हैं। हिन्दू धर्म भी है, संस्कृति भी, पंथ भी और भौगोलिक पहचान भी। हम सबको एक ही अर्थ में समेटकर राष्ट्रीयता का प्रमाणपत्र तैयार करने पर तुले हैं। हिन्दू धर्म का प्रसार भारत से बाहर भी है। क्या संसार भर के हिन्दू भारतीय हैं? हिंदुत्व को राष्ट्रवाद में सम्मिलित कर उसके दायरे को 32 लाख वर्गकिलोमीटर के इस देश की सरहदों में समेट नहीं रहे क्या हम! इस देश में कोई बाहरी नहीं है इस सत्य को कब स्वीकार किया जाएगा। हज़ारों साल पहले कौन कहाँ से आया था इस आधार पर लड़ाई झगड़े कब ख़त्म होंगे। आदिकाल में यायावरी सभ्यता थी। सब कहीं न कहीं से आए-गए हैं। अब स्थायी सभ्यता है। सब स्थिर हैं। पलायन नहीं होता। वक़्त बदला, सभ्यता बदली तो सोच भी बदलनी चाहिए कि नहीं?

खैर, हम युवाओं की आधुनिक धार्मिक सहभागिता पर बात कर रहे थे। धर्म के साथ जुड़ने, पूजा-पाठ करने से कोई नुकसान नहीं है। हां, आप विज्ञान से थोड़े दूर होते जाते हैं। लेकिन उसका भी संतुलन बना हुआ है। वैज्ञानिक सोच जिनमें विकसित हो जाती है फिर वो किसी की नहीं  सुनते। आप आस्तिक बनिए। पूजा कीजिये। नमाज कीजिये। शिव को पूजिए। राम को पूजिए। अल्लाह, बुद्ध, जीसस, महावीर का पूजन कीजिये। कांवर यात्रा पर जाइये। बद्रीनाथ केदारनाथ, हज यात्रा। यात्राओं से आपकी सोच का विस्तार होगा। तमाम जीवनशैलियों और अनुभवों से गुजरेंगे। भगवद भजन से मानसिक शांति भी मिलेगी। लेकिन, धर्म रक्षा की ध्वजा न उठाइये। इसके बदले आप अपने अन्तर्धर्म की रक्षा कीजिये।

कांवड़ यात्रा आज की नहीं है। बहुत पुरानी है। तबकी जब कार नहीं होते थे और प्लास्टिक की कांवड़ भी नहीं होती थी। हॉकी और बेसबॉल स्टिक भी नहीं होती थी। गुंडे खद्दर पहन लें या भगवा ड्रेस। वे गुंडे ही रहेंगे। बद्तमीज़ और आवारा ही रहेंगे। धूर्त और दुष्ट ही रहेंगे। कपड़े बदलकर वह कांवड़िए या जननेता नहीं बन जाएंगे। धर्म अगर व्यक्तिगत है तो अधर्म भी व्यक्तिगत ही है। आपके जजमेन्ट और प्रतिक्रियाओं में शिव के असल भक्तों के साथ न्याय भी दिखना चाहिए। समस्त कांवड़ियों को गुंडा कहा जाना एक बचकाने फैसले जैसा है। जो उपद्रव कर रहे हैं वो भक्त नहीं अपराधी हैं। धर्म और कानून दोनों इसकी इजाजत नहीं देते। इनका समर्थन करने वाले न तो देश के साथ हैं और न ही धर्म के। इनका बहिष्कार ही धर्म है। इनका समर्थन ही अधर्म। इसलिए, कांवड़ियों से होने वाली दिक्कतों पर आपकी कानून और धर्म व्यवस्था जिम्मेदार है। सवाल उन पर उठाइये। कि अगर वो इन्हें नहीं रोक पा रहे हैं तो इनका समर्थन कर रहे हैं। अपनी जिम्मेदारी भी तय कीजिए।

धर्म और धार्मिक मान्यताएं आधुनिक युग में कितनी आवश्यक हैं यह अलग विमर्श का विषय है। लेकिन फिलहाल, सोशल मीडिया के त्वरित फैसले एक बड़े समूह की धार्मिक भावनाओं का अपराधीकरण करने पर आमादा हैं। इसे रोका जाना चाहिए। सामाजिक सौहार्द के लिए भी यह जरूरी है और धर्म और राष्ट्रवाद जैसी पावन और निश्छल भावनाओं के उद्दंडों द्वारा इस्तेमाल पर रोक लगाने के लिए भी यह बहुत जरूरी है।

Monday 18 June 2018

व्यंग्यः यह प्रतीकात्मक राजनीति का दौर है

प्रतीकात्मक चित्र (इंटरनेट से साभार)

आजकल देश में प्रतीकात्मक राजनीति का दौर है। मतलब झगड़ा ठीक से नहीं हो पा रहा है तो प्रतीकात्मक कर लें। केजरीवाल एलजी साहब के यहां, कपिल मिश्रा और भाजपा वाले केजरीवाल के यहां रजाई गद्दे और सोफे पर गिरे पड़े हैं। वो एक प्रतीकात्मक लड़ाई लड़ रहे हैं। ऐसी ही प्रतीकात्मक लड़ाई कांग्रेस ने कथित भूख हड़ताल की मदद से लड़ी थी और भाजपा ने संसदीय गतिरोध के खिलाफ देशव्यापी भूख हड़ताल के माध्यम से इस परंपरा को और मजबूत किया था। अमित शाह प्रतीकात्मक संपर्क अभियान पर हैं। देश भर की महान हस्तियों को अपनी उपलब्धियां गिना रहे हैं, जैसे किसी को पता नहीं है। लेकिन प्रतीकात्मक राजनीति को मजबूत करने के लिए ऐसा करना जरूरी है।

हम प्रतीकों के लिए लड़-कट-मरने वाले लोग हैं। प्रतीक हमें आकर्षित करते हैं। प्रतीकों से हमारी बहुत आस्था है। 'अप्रतीकीय संस्कृति' वाले लोगों ने भी प्रतीकों की महिमा को भलीभांति समझ लिया है। वह भी अपने प्रतीकों पर होने वाले प्रहार पर प्रतीकात्मक प्रतिक्रिया देने लगे हैं। भारतीय जनता के इस प्रतीक प्रेम को 'भारतीय जनता पार्टियों' ने अपनी रणनीति का अहम हिस्सा बना लिया है। अब वह प्रतीकों को लेकर गंभीर हो गए हैं। ऊना से लेकर सहारनपुर तक की घटना पर विरोधियों को क्या जबर्दस्त उत्तर दिया था हमारी सरकार ने। उन्होंने प्रतीकात्मक उत्तर का सहारा लिया। यह बहुविकल्पीय और विस्तृत उत्तरीय प्रश्नों के बीच का रास्ता था। प्रतीकात्मकीय उत्तर। उन्होंने सर्वोच्च संवैधानिक प्रतीकात्मक पद के लिए प्रतीकात्मक व्यक्ति की तलाश की और विपक्ष को प्रतीकात्मक जवाब दे डाला।
Image result for rahul gandhi in hindi shikanji cartoon
फोटो सोर्सः वन इंडिया 

काम तो काम, राजनीतिज्ञों ने अपने बयानों तक में प्रतीकात्मकता को पर्याप्त जगह दी है। हम लोग खामख्वाह मजाक बनाते हैं। प्रधानमंत्री ने प्रतीकात्मक रूप से अपनी भारी जीत को भारी महसूस कराने के लिए 600 करोड़ मतदाताओं की कल्पना की थी और प्रतीकात्मक राजनीति के प्रति उनकी श्रद्धा देखिए कि वह भूल गए कि प्रतीकों के देश भारत में नहीं विदेश की किसी धरती पर हैं। प्रेम और जुनून ऐसा होना चाहिए। देश के राजनीति शास्त्र के राष्ट्रीय शिष्य राहुल गांधी भी इसी दृष्टिकोण से आजकल भाषण देते हैं। उन्होंने कहा कि कोका कोला कंपनी के मालिक पहले शिकंजी बेचते थे। आपको इसे प्रतीक के तौर पर स्वीकार कर लेना चाहिए था। वैसे भी महान हस्तियों के संघर्षों की कहानियों में जो वो बताते हैं क्या सब सही ही होता है? हां, मगरमच्छ वाली बात और है। उसके सही होने में कोई संदेह नहीं है। राष्ट्रीय अध्यक्ष जी ने सोचा होगा सारे महापुरुषों ने बचपन में अखबार, चाय इत्यादि बेचा ही होता है। ये सारे प्रतीक तो अब पुराने हो गए हैं। मार्केट में कुछ नए प्रतीक लाने की जरूरत है। प्रतीकात्मक राजनीति के लिए यह उनकी प्रतिबद्धता तो ही थी।

वैसे, हम प्रतीकात्मक राजनीति के एक महान पुरोधा के युग में जी रहे हैं। इसका हमें गर्व होना चाहिए। बदलाव के वादे के रास्ते सत्ता में आई सरकार ने ढाई साल बाद भी कोई बदलाव नहीं देखा तो प्रतीकात्मक बदलाव के तौर पर नोट बदल दिए। प्रतीकात्मक झाड़ू लेकर घूमने से लेकर प्रतीकात्मक योगा तक क्या कुछ नहीं किया प्रतीकों की राजनीति के लिए। हां, प्रतीकात्मक योगा ही तो है। इससे पहले फिटनेस के लिए ऐसा योगा कभी नहीं देखा था। और तो और पार्टी के बुजुर्ग लोगों की प्रतिष्ठा में कोई कमी न हो इसके लिए उन्हें भी प्रतीक बनाना जरूरी था। इसलिए एक अलग से प्रतीकात्मक (सॉरी) मार्गदर्शक मंडल बना दिया। प्रधानमंत्री के पास विपक्ष के हर सवालों का प्रतीकात्मक जवाब था। लोगों ने कहा कि इंटरव्यू नहीं देते सो एक नहीं, तीन-तीन प्रतीकात्मक इंटरव्यू दे डाले। पुरोधा को छोड़िए, उनके मंत्री भी क्या कम हैं! झोपड़ी में रहने वाले लोगों को फाइव स्टार होटल में बुलाकर और उनके साथ खाना खाकर दलित-उत्थान और समतामय समाज की दिशा में उनके प्रतीकात्मक योगदान को कौन भूल सकता है! प्रतीकात्मक राजनीति के जनक का जीवन ऐसे अनेक उदाहरणों से भरा पड़ा है। और पिक्चर तो अभी बाकी ही है, भाइयो भैणों।
Image result for modi in hindi cartoon

खैर, लोकतंत्र के नाम पर अब इस देश में प्रतीकात्मक लोकतंत्र ही तो बचा है। राजशाही, भाई-भतीजावाद, पुत्रवाद, मित्रवाद, गुरूवाद को संवैधानिक पद-प्रतीकों के खांचे में घुसाकर मनमानी की ही जा रही है। सोशल मीडिया से लेकर सड़क तक प्रतीकात्मक प्रतिरोध की संस्कृति पनप रही है। संसद में प्रतीकात्मक कार्यवाही हो रही है। लोग प्रतीकों को लेकर पागल हैं। मार-काट मचा रहे हैं। प्रतीकों को सत्य मान लिया गया है, यह भूलकर कि प्रतीक तो प्रतीक ही हैं, यथार्थ नहीं। कहीं ऐसा न हो जाए कि इस प्रतीकवादी युग में यथार्थवाद भी एक प्रतीक बनकर रह जाए।

जनसत्ता वेव में प्रकाशित

Friday 8 June 2018

पक्षपात आज के डिबेट का नया नैतिक चरित्र है

स्वर्गीय अनुपम मिश्र ने अच्छे विचारों के अकाल की कल्पना की थी। विचारों के सन्दर्भ में कुछ और संकट हैं। विचारों के अच्छे विमर्श के अकाल का। असल मुद्दों को छिटकने न देने के कौशल के अकाल का। आज के दौर में हर दूसरी राजनितिक घटना ऐतिहासिक है। ज़ारी है उन पर विमर्श पर विमर्श। वो भी ऐसा, जैसे बांस के कईन से गन्ने का रस निकाल देंगे।

स्वस्थ प्रतिरोध का जिम्मा सँभालते-सँभालते हम कब सवालों की जिम्मेदारी से फैसले देने पर उतारू हो गए, कब विपक्ष से न्यायाधीश बन गए, पता ही नहीं चला। अब हम सब भविष्यवक्ता हैं। अब हम आंकलन नहीं करते, भविष्य बकते हैं। आलम ये है कि दीनानाथ के भैंस के रंभाने की आवाज सुनकर ही लोग बता सकते हैं कि उनका बिटवा इस बरस 12वीं में पास होगा कि नहीं। यह अद्भुत कला है।

बड़े बारीक तर्क होते हैं जो जनरलाइज्ड नहीं होते। ये तर्क हर बार अलग-अलग विमर्शों में अलग-अलग होते हैं। बहुत सारे अपवादों से भरे इस विमर्श को बुद्धिजीविता का उत्कर्ष माना जाता है। बाकी इस पर कोई भी सवालिया टिप्पणी मूर्खता, देशद्रोह और एंटी-फलां वाद का प्रमाण पत्र भी होती है। 'पक्षपात' आज के डिबेट का नया नैतिक चरित्र है। आप खोपड़ी फोड़कर भी इसे नहीं समझ सकते।

Tuesday 5 June 2018

पर्यावरण मंथन: 'प्रकृति' की नाराजगी के आगे घुटने टेकती 'संस्कृति'


आर्कटिक के बर्फीले देश की सफ़ेद लोमड़ी अपने रंग का फायदा उठाकर शिकार करती है। वह सफ़ेद बर्फ में छिप जाती है और सच में लगभग अदृश्य हो जाती है। ऐसा वह तब भी करती है जब बाज़ उसका शिकार करने की कोशिश करते हैं। ग्लोबल वार्मिंग की वजह से आर्कटिक पिघल रहा है। लोमड़ी का सफ़ेद रंग अब काम नहीं आ रहा। उसकी समूची प्रजाति पर खत्म होने का संकट आन पड़ा है। रंग सिर्फ लोमड़ी की धरती का नहीं बदल रहा है। आपकी अपनी धरती का भी बदल रहा है। बहुत तेजी से। पर्यावरण संकट का शोक गीत गाते आज 43 साल बीत गए। वैश्विक तापमान में वृद्धि लगातार जारी है। ऐसे में आर्कटिक लोमड़ी केवल एक उदहारण है। हमारी तथाकथित विकास-धारा में धरती के विभिन्न कोनों में ऐसी न जाने कितनी प्रजातियां अपने अस्तित्व की समाप्ति के संकट के मुहाने पर खड़ी हैं। और किसी की क्या बात करें, हमारी अपनी प्रजाति क्या इस संकट से अछूती है!

वैज्ञानिकों का अनुमान है कि कार्बन उत्सर्जन में तत्काल कमी नहीं लायी गयी तो सदी के अंत तक वैश्विक तापमान में भयानक स्तर की वृद्धि होगी। ये वृद्धि हम अभी ही नहीं झेल पा रझे हैं। सोचिए, आने वाली पीढ़ियां इसे कैसे झेलेंगी। इसके दुष्प्रभाव देश के अनेक हिस्सों में दिखाई देने लगे हैं। शिमला के लोगों ने अपने पर्यटकों से अपील की है कि हमारे यहाँ हमारे लिए ही पानी नहीं है, आपको क्या पिलाएंगे। इसलिए यहाँ न ही आइये। हमारे यहाँ आगंतुकों का पानी और मीठा से स्वागत करने की परंपरा रही है। लेकिन वहां अब मीठा बचा है। पानी नहीं है। देख लीजिए, स्वाद और रंग से हीन एक पदार्थ आपके जीवन के सारे रंग कैसे छीन लेता है। इतनी सुंदर जगह शिमला। लोगों ने किसी बाहरी को वहां आने से मना कर दिया है। होटलों ने बुकिंग बंद कर दी है। अतिथि देवो भवः की संस्कृति ने प्रकृति की एक नाराजगी के आगे घुटने टेक दिए हैं। अब ये आपको सोचना है कि आप प्रकृति को बचाएंगे या संस्कृति को।

यह केवल शिमला की हालत नहीं है। बुंदेलखंड और मराठावाड़ा के बारे में हम अक्सर समाचारों में सुनते रहते हैं। सूखा और अकाल का नाम सुनते ही इन दो क्षेत्रों के नाम बरबस होठों पर आ जाते हैं। जल का दोहन, जंगलों का खात्मा और बढ़ता वैश्विक तापमान अगर नहीं रुका तो न सिर्फ सारे देश का बल्कि समूची दुनिया का 'बुन्देलखण्डीकरण' होना तय है। पानी है तो सब कुछ है। गर्मियों में देश की नदियों की हालत नालों की तरह हो जाती है। नाले फिर भी अपने स्तर पर पानी से भरे होते हैं। नदियों के टापुओं पर लोग गाड़ी चलाना सीख रहे हैं। बच्चे क्रिकेट खेल रहे हैं। समुद्र का जलस्तर लगातार बढ़ता जा रहा है। ऐसा माना जा रहा है कि 22वीं सदी तक समुद्री जलस्तर में तकरीबन 1 मीटर का इज़ाफ़ा हो जाएगा और लगभग साढ़े 5 हजार वर्गकिमी की जमीन समुद्र में समा जाएगी। इससे करीब 70 लाख लोग अपनी जमीन से विस्थापित होंगे। इतना ही नहीं क्लाइमेट चेंज की वजह से मौसम का वो हाल होगा कि सूखा और बाढ़ की ऐसी भयावह स्थिति पैदा होगी जिसका सानी इतिहास में ढूंढना मुश्किल होगा। इससे खाद्य संकट की भयानक स्थिति हमारे समक्ष उपस्थित होगी।

किसानों का आंदोलन आजकल चर्चा में है। उन्हें अपनी फसल का उचित दाम नहीं मिल रहा है। ऐसे भी किसान हैं जिनकी फसल मौसम की वजह से ख़राब हो जाती है। फसल के लिए जब बारिश होनी चाहिए तब होती नहीं। जब नहीं होनी चाहिए तब होती है। दोनों ही परिस्थितियों में उन्हें नुकसान उठाना पड़ता है। कुछ झेल नहीं पाते तो आत्महत्या कर लेते हैं। मौसम की मार से हमारी भोजन की थाली पर असर पड़ना तो तय है। थाली के साथ पानी के गिलास पर भी संकट है। बारिश न होने की वजह से किसान सिंचाई के अन्य विकल्पों की ओर बढ़ते हैं। इनमें नदियों-नहरों से फसल सींचने का विकल्प है। इनकी व्यवस्था न होने पर किसान बोरिंग से भूमिगत जल सिंचाई के लिए निकालते हैं। भूमिगत जल स्तर पहले ही गिरता जा रहा है। ऐसे में आपके पीने के हिस्से के पानी से सिंचाई हो रही है। भोजन के लिए की जाने वाली यह कवायद आपके लिए भयंकर जल संकट की भूमिका तैयार कर रही है।

पॉलीथीन हमारे पर्यावरण के लिए एक नए दानव की तरह उभर रहा है। इसे नष्ट होने में हजारों साल लगते हैं। इसे नष्ट करने की दूसरी विधि है कि इसे जला दिया जाए लेकिन ऐसा करना भी बड़ी मूर्खता होगी। इसके धुएं से निकलने वाले हानिकारक रसायन हमारा सांस लेना दूभर कर देंगे। पिछले दो दशकों में पॉलिथीन के इस्तेमाल में काफी वृद्धि देखने को मिली है। केवल भारत की ही बात करें तो आज की तारीख में देश में प्लास्टिक की उत्पादन क्षमता तकरीबन 50 लाख टन से भी ज्यादा है। 2001 तक भारत में हर दिन 5400 टन के हिसाब से साल भर में 20 लाख तन प्लास्टिक कचरा पैदा होने लगा था। अब तो 2018 है। आज की स्थिति का आप अंदाज़ा लगा सकते हैं। पॉलीथीन गैर- जैव विघटित पदार्थ है। मतलब कि यह सड़ता-गलता नहीं है। ऐसे में यह मिट्टी की उर्वरा शक्ति को प्रभावित करता है। भूमिगत जल के पुनर्संचयन में दिक्कतें पैदा करता है। नालियों में पहुंचकर जाम की स्थिति बनाता है। इससे तमाम तरह की बीमारियां फैलती हैं। अक्सर पशु इनमें अपने लिए भोजन तलाशते इन्हें निगल जाते हैं। जिससे उनकी मौत तक हो जाती है।

प्लास्टिक से पर्यावरण को बचाने का एक ही उपाय है कि इसके इस्तेमाल में कमी लाई जाए। इसके लिए कठोर संकल्प की जरूरत होगी। प्लास्टिक थैलियों के उपयोग के हम इतने आदी हो चुके हैं कि इसे छोड़ पाना बेहद मुश्किल है। लेकिन यह असंभव नहीं है। तमाम प्रदेशों की सरकारों ने इनके इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगाया है लेकिन फिर भी यह चोरी-छिपे दुकानों पर मिल ही जाती हैं। हम इनसे होने वाले नुकसानों को इग्नोर कर धड़ल्ले से इसके इस्तेमाल में जुट जाते हैं। यह जानते हुए भी कि पॉलिथीन पर्यावरण को बाद में नुकसान पहुंचाता है, उससे पहले यह आपकी सेहत पर हमला बोलता है। कई शोधों में यह बताया गया है कि पॉलिथीन में रखे गर्म भोजन, चाय आदि का सेवन करने से कैंसर जैसी घातक बीमारी हो सकती है। गर्म खाद्य पदार्थों की वजह से पॉलिथीन के केमिकल्स टूटते हैं और खाने वाली चीजों में घुल जाते हैं। यही चीजें जब आप खाते हैं तो बीमारी की चपेट में आते हैं।

इस साल पर्यावरण दिवस की थीम बीट प्लास्टिक पॉल्यूशन रखी गई है। पॉलीथीन पॉल्यूशन दूर करने का एक ही तरीका है कि इसके इस्तेमाल में कमी लाई जाए। इसके लिए खुद के प्रति जवाबदेही रखते हुए ईमानदारी से पॉलीथीन को अपने जीवन से रिमूव करना होगा। सामान रखने के अन्य विकल्प जैसे- जूट या कपड़ों की थैली का इस्तेमाल इसमें आपकी मदद कर सकते हैं।  ध्यान रखें, धरती आने वाली पीढ़ियों के लिए आपके पास रखी विरासत की तरह है। इसे जब आप अपनी अगली नस्लों को सौंपेंगे तो यह आपकी जिम्मेदारी है कि इसका माहौल जीवनानुकूल हो। यह धरती जैसी आपको मिली थी आप उससे बेहतर रूप में आने वाले वक़्त को सौंपे, आज के दिन आपका यही संकल्प होना चाहिए।

(5 जून 2018 को जनसत्ता वेब में प्रकाशित)

व्यंग्यः देश 'अंकल' का वायरल डांस देखने में बिजी है और तुम कर्ज माफी का रोना रो रहे हो!


वायरल अंकल का डांस वीडियो वायरल होते ही पेट्रोल की महंगाई का प्रतिरोध पार कर भी हमारे मीडिया के जांबाज़ अंकल के घर पहुँच गए। उनका इंटरव्यू लिया गया जो अखिल भारतीय नृत्यकला प्रशिक्षण और प्रेरणा के लिए ऐतिहासिक जरूरत है। ऐसे ही कुछ दिन पहले कोई प्रिया प्रकाश वारियर भी वायरल हुई थीं। तब हिंदुस्तान का आखिरी किनारा भी दिल्ली से काफी नज़दीक हो गया था। सभी के माइक के पीछे वारियर थीं और कैमरे पर उनका मुस्कुराता चेहरा। रातोरात प्रसिद्धि के उड़नखटोले पर विराजमान उस दिव्य महिला के सौंदर्य और उसकी खुशी पर समूचा देश मोहित था। हमें उसकी खुशी करीब से महसूस हो इसलिए समाचार वालों ने दिन भर उसके हंसते चेहरे के प्रसारण की पुनरावृत्ति की हद कर डाली थी।

वायरल चीजें हैं भाई। जो देश देखना चाहता है हम तो वही दिखाते हैं। लेकिन मैं नहीं मान सकता कि देश गुज्जू पहलवान का डांस नहीं देखना चाहता होगा। हाँ, थोड़ा बोरिंग है पर डांस तो डांस है। नृत्य कला। एकदम नए जमाने की नृत्य कला। पहले कभी नहीं देखी गयी। गुज्जू पहलवान कोई प्रोफेशनल डांसर नहीं थे। किसान थे। डांस तो उनसे देश की कला-प्रेमी सरकार ने जबर्दस्ती करवाया। खेत के लिए बैंक से लगायत खाद-बीज-विक्रय केंद्र तक नाचने के बाद गुज्जू ने आखिरी नाच में तो कमाल कर दिया। बिना प्राण के नाचना तो कमाल ही है न। पहलवान आखिरी बार नाचे अपने दुआर पर खुद ही के लगाए नीम के पेड़ पर। गले में फंदा था। टांगें जमीन से कुछ ऊपर थीं और शरीर एक शांत, स्थिर डांस में मग्न। वीडियो तो नहीं, फोटो वायरल हुआ। बहुत वायरल हुआ। ट्वीट भी हुआ। लोग रोए, धिक्कारे सब किए। एमपी वाले मामा तब मुंह में पान चबाकर भोपाल की सड़क (बेटर दैन अमेरिका) रंग रहे थे। नहीं तो बोलते जरूर कि पसन्द आया डांस।

टीवी का असर बहुत दूर तक है। मामला वहां पहुँच जाए तो नदियापार वाले जेबकतरा भक्कू की चोरी हुई साइकिल के बदले नयी मोटरसाइकिल सरकार घर आकर दे जाती है। बस नाटक मज़ेदार होना चाहिए कि टीवी पर चले तो लोगों का अच्छा खासा मनोरंजन हो। मनोरंजन से कोई समझौता नहीं। मनोरंजन के लिए हम किसी के मौत का भी तमाशा बना सकते हैं। बस, एंटरटेनमेंट-एंटरटेनमेंट-एंटरटेनमेंट। खैर, यही सोचकर मद्रास वाली मंडली ने पहली बार स्क्रिप्ट लिखी। तैयार होकर आए। लेकिन क्या करें। 'प्रचारक' तो नहीं थे। किसान ही तो थे। उन्होंने सोचा जब यही सब करने से लोग 'ट्वीट' करेंगे तो यह भी कर लें। लेकिन कोई फायदा नहीं। ट्वीट तो छोड़िए किसी 'सफेद कबूतर' ने 'बीट' तक करने की जरूरत नहीं समझी।

इसलिए, खेत वालों को अभी और मेहनत करना चाहिए। थोड़ा डांस-वांस सीखें। गाना-वाना गाएं तब तो लोग देखना पसंद करने के बारे में सोचें भी। क्या हर बार वही रोना रोते रहें कि 'कर्ज माफ कर दो' - 'कर्ज माफ कर दो'। कर्ज क्या पेड़ पर उगते हैं! वो 'पेड' पर उगते हैं। जिसने 'पेड' किया उसको कर्ज भी अदा किया और उसके प्रति फ़र्ज़ भी अदा किया। तुम रोना रोओ। देते भी क्या हो! चावल-दाल-रोटी। कुछ इनोवेटिव करो यार। जिससे मज़ा आए। नहीं कुछ तो गेंहू-चावल का नाम ही बदलो। जैसे, चावल का नाम बदलकर 'वंदे मातरम अन्न' और गेहूं का नाम 'जय हिंद दाना' करो। देशभक्ति झलके। तब तो लोग इमोशनली जुड़ेंगे। यू नो! देश ही सबकुछ है। तुम्हारे खेत से देशभक्ति वाली फीलिंग ही नहीं आती। एक तो फसल भी तुम्हारी हरी-हरी होती है। उगाओगे भारत की जमीन पर पाकिस्तान का झंडा। तुम्हारे देशद्रोह पर बुलेटिन नहीं चलवा रहे, ये क्या कम है!

देखिए! वायरल अंकल के डांस के परम आनन्द के बीच किसान की याद दिलाने का अपराध मैं बिल्कुल नहीं करना चाहता था। लेकिन उन्हें भी समझाना जरूरी हो गया था कि हर बार का नाटक बंद करें। सारा देश अंकल का वायरल डांस देखने में बिजी है। किसानों ने अपनी सब्जियां सड़क पर फेंक दी तो क्या हुआ। इससे हमारे (अ)धर्म को, हमारी देश(भक्ति) को तो कोई नुकसान नहीं पहुंचा। किसानों ने दूध ही तो सड़क पर बहाया है। अब ये तो कन्फर्म नहीं ही है कि दूध गाय का है। एक बार हो जाए तो हड्डी पसली एक करने में देर थोड़े लगेगी। ऐसे नाटक चलते रहते हैं। सब मीडिया में आने की ललक है। मैले-कुचैले कपड़ों के साथ देश को रुलाने के लिए टीवी पर आना है इनको। अरे, देश को हंसने दीजिए भाई। वैसे ही कितने सारे रोने के संसाधन जनता के पास उपलब्ध हैं। जिस टीवी पर तुम रोने जा रहे हो वहां देश के जिम्मेदार प्रतिनिधि लाखों रुपए की सैलरी लेकर जनता को हंसाने का काम करते हैं। वे मेहनत करके ऐसे वाहियात बयान देते हैं जिस पर जनता हंसे और आलू-टमाटर-दाल-पेट्रोल के दर्द को भुलाए रखे। मंत्री जी ने भी इस बात की पुष्टि कर दी कि तुम लोग मीडिया में आने के लिए ही ये सब करते हो। मंत्री जी को डर है कि अगर तुम मीडिया में आ जाओगे तो उनका क्या होगा। महीने में दो-तीन बार जब तक मंत्री जी को फुटेज नहीं मिलता है तब तक उनका दस्त ठीक नहीं रहता। उनकी भी तो सोचो।

सोशल मीडिया पर लिखने वाले धुरंधरों की भी अपनी मजबूरी है। वह अपने सभी करुण शब्दों को विभिन्न घटनाओं पर खर्च कर चुके हैं। वे अब कुछ भी लिखते हैं तो बहुत बोरिंग लगता है। वो क्या ही करें। इतनी बार उन्हें भावुक पोस्ट लिखना पड़ता है कि शब्दों और आंसू का स्टॉक ही खत्म हो जाता है। वैसे, जनता का दुख-दर्द दूर करने की यह सरकारी नीति भी हो सकती है। इससे आप सुख में और दुख दोनों में एकदम सामान्य रहने लगेंगे। सरकार ने वह स्टेटस पढ़ा है जो एक बार द्वापर में श्रीकृष्ण ने अपने वाट्स एप पर लगाया था। जिसमें उन्होंने कहा था कि सुख-दुख में समान रहने वाला ही योगी है। सरकार सबको योगी बना रही है तो इसमें क्या हर्ज है। क्या पता, कब मुख्यमंत्री या राज्यमंत्री का दर्जा मिल जाए। हम सबको वहीं तो पहुंचना है। जब तक तुम्हारी बात करेंगे लात खाएंगे। कुर्सी मिलने के बाद कहां तुम-कहां हम।

वायरल होना है तो रोना छोड़ो। कुछ नया करो। बिना वायरल हुए कौन पूछेगा तुम्हें? वैसे भी वायरल के नाम पर तुम्हारे हिस्से सिर्फ वायरल वाला बुखार ही आता है। ये दूध फेंकने, सब्जियां फेंकने से काम नहीं बनेगा। लोग इतनी बार ये 'नाटक' देख चुके हैं कि अब भावुक होने भर की भावुकता उनके जेहन में बची ही नहीं है। लोगों का दिल भी तो अब सरकार-सरकार हो गया है, कुछ भी करो वह क्या ही पिघलेगा!

(5 जून 2018 को जनसत्ता वेब में प्रकाशित)

बनारसः वहीं और उसी तरह

फोटोः शिवांक बनारस की चारों तरफ की सीमाएं गिनाकर अष्टभुजा शुक्ल अपनी एक कविता में कहते हैं कि चाहे जिस तरफ से आओ, लहरतारा, मडुआडीह, इलाहाबा...