Friday 14 August 2020

जन-गण-मन की आज़ादी


आज़ादी इज़ आल अबाउट आप कितना मनुष्य रह पाते हैं। मनुष्य रह पाने का मतलब यह कि मनुष्यता के आकाश में कितना उड़ पा रहे हैं। कहीं आपके पर तो नहीं कुतरे जा रहे है। पिंजरा धीरे-धीरे छोटा तो नहीं होता जा रहा है। पंखों की करवट भर की जगह से निश्चिंत हो जाने वाले लोग एक दिन अपनी स्वतंत्रता खो ही देते हैं। हमसे कहा जाता है कि हमने गुलामी देखी नहीं, सो स्वतंत्रता की कीमत भी क्या जान पाएंगे। स्वतंत्रता एक ऐसी चीज़ है, जिसकी कीमत महसूस करने के लिए ग़ुलामी ही की ज़रूरत नहीं। यह जन्मसिद्ध मानवीय अधिकार है। सो इसमें जब भी कतरब्योंत होगी, हम वैसे ही महसूस करने लगेंगे, जैसे सांस कम होने पर घुटन महसूस करने लगते हैं। अगर हम परिस्थितियों से समझौता न करें तो स्वतंत्रता की लड़ाई हमे हर पल लड़नी पड़े।

हर क्षण आज़ादी का संग्राम है। पराधीनता धीरे-धीरे ही आती है। ऐसी प्रक्रिया में अस्वतंत्रता की परिस्थिति बनती है। भ्रम बनाने वाले कई पहलू हैं। भौगोलिक रूप से हम संप्रभु हैं। सांस्कृतिक रूप से पहले से ज्यादा स्वतंत्र तो हैं ही। सामाजिक रूप से भी कथित स्वतंत्रता है। आर्थिक आज़ादी भी कही ही जाती है। पारिवारिक स्तर भी स्वतंत्रता की बात अब जोर पकड़ रही है। यह सब कहने की बाते हैं। इसको ऐसे देखें कि भौगोलिक स्वतंत्रता माने भूगोल से हम बंधे हुए रहने को आज़ाद हैं। सांस्कृतिक स्वतंत्रता भी अराजक तरीके से परतंत्रता का एक हंटर लिए दिखती है। स्वतंत्रता तो स्वतन्त्रताओं को बढ़ावा देने की प्रवृत्ति है। जिस आज़ादी की मनः-योजनाओं में औपनिवेशिक गुणधर्म हों, वह कैसी आज़ादी? वह तो पराधीनता का ही एक अन्य रूप है।

सामाजिक आज़ादी का तो कहना ही क्या! यहां एक श्रृंखला है ग़ुलामों की। समाज के विभाजन में कैसा विषम विभाजन है, यह किसी से क्या छिपा है। जातीय श्रेष्ठता का बोध अलग-अलग स्तरों पर साम्राज्यवादी सोच का आश्रयस्थल बना हुआ है। ऐसे में कोई स्वतंत्रता का पक्षधर कैसे हो सकता है। क्या आज़ाद होना आज़ादी की पक्षधरता से भी आज़ादी है। आर्थिक स्वतंत्रता का तो न ही पूछिये। अर्थ एक नए किस्म का साम्राज्य है और हम सब तेजी से इसके उपनिवेश बनते जा रहे हैं। यह सारे संसार की कहानी है। यह केवल हिंदुस्तान की बात ही नहीं। वर्ग का अंतराल खाई में बदलता चला जा रहा है। हमारी स्वतंत्रता के बरअक्स एक और बड़ी भव्य स्वतंत्रता है। यह भव्य स्वतन्त्रता हमें एक अलग तरह की ग़ुलामी की ओर धकेलती है। उधर आज़ादी नहीं होती।

इस माहौल में.. लगातार नीरस बनते मानव जीवन में जहां कथित अच्छे-अच्छों की जीवन प्रत्याशाएँ सबसे लड़ाकू उम्र में दम तोड़ दे रही हैं, स्वतन्त्रता पर बात करना ज़रूरी है। स्वतंत्रता वह नहीं जिसमें 'यह देश है वीर जवानों का' का मिथ्या अभिमान और कर्कश नाद हो बल्कि स्वतंत्रता वह जिसमें जीवन का आकाश थोड़ा और खुले। स्वछंद हवाओं से पाला पड़े। दिशाओं का विस्तार अनन्त हो और वह दिखे। क्योंकि स्वतंत्रता कभी किसी देश से सम्बंधित नहीं होती। स्वतंत्रता कभी भी संसार के मूल तत्वों का मौलिक विषय है। यह जीवन से जुड़ा है। जन-गण-मन से जुड़ा है। अधिनायक से नहीं। 

एक और 15 अगस्त मुबारक!

बनारसः वहीं और उसी तरह

फोटोः शिवांक बनारस की चारों तरफ की सीमाएं गिनाकर अष्टभुजा शुक्ल अपनी एक कविता में कहते हैं कि चाहे जिस तरफ से आओ, लहरतारा, मडुआडीह, इलाहाबा...