Tuesday 29 December 2020

बुद्ध का 'अकथ' निर्वाण



निर्वाण ऐसे प्रयाण का नाम है जिसमें चीजें जहां से आईं, वहीं विलीन हो गई हैं। जैसे बूंद सागर में, ज्योति अनंत में और आत्मा कथित तौर पर परमात्मा में। यह वापस लौटना भी नहीं है। प्रत्यागम नहीं है, उत्तरागम है। चलते-चलते एक यात्रा पूर्ण चक्र में वहीं समाहित हो जाए, जहां से शुरू हुई। दिया जलते-जलते अचानक बुझ जाए। अज्ञात से आती है ज्योति और अज्ञात में ही विलीन हो जाती है। निर्वाण यही है। मनुष्य जीवन एक विराट अनंत का हिस्सा है। 

सिद्धार्थ मृत्यु के भय का इलाज ढूंढने घर से भागे और जब गौतम बुद्ध हो गए तो मृत्यु के सामने इतिहास के समस्त धर्म संस्थापकों में सबसे ज्यादा निर्भीक होकर सामने आए। अपने निर्वाण का दिन निर्धारित कर लिया। सदियों पहले किसी बैसाख की पूर्णिमा से बुद्ध कुशीनारा में ऐसे ही चिर ध्यानस्थ लेटे हुए हैं। ऐसा लगता है कि ध्यान की ऐसी गहराई में उतर गए हैं कि शरीर का सारा भौतिक चैतन्य किसी गहरे तालाब की तरह शांत हो गया है। वैज्ञानिक अध्यात्म के इस महान नेता की सदेह अंतिम लीला का यह पाषाणवत् दृश्य दुःखी नहीं करता बल्कि निर्वाण-लब्ध अरिहंत के सामने आशादीप के प्रकाश में गहरे अंतर का दिव्य आनन्द मुस्कान बनकर फूट पड़ना चाहता है।

अच्छा, निर्वाण का यह तो अनुमानित अर्थ है। बौद्ध धर्म दर्शन में जाएंगे तो इसकी व्याख्या मिलेगी। असल में बुध्द ने तो निर्वाण का अर्थ ही नहीं बताना चाहा है। वह तो अप्प दीप होने के प्रेरक थे। दुनिया के सभी धर्मों ने निष्कर्ष को महत्ता दी है। जीसस, पैगम्बर से लेकर कृष्ण तक ने कहा कि आत्मा के लिए परमात्मा की शरण ही श्रेष्ठ प्राप्य है। सभी पंथों में तो परमात्मा की बकायदा परिभाषा भी है। बुद्ध ने इस परिभाषा के स्थान पर एक रिक्ति छोड़ दी है। यह रिक्ति दरअसल बुद्धत्व की ही रिक्ति है, जो गेरुआ चोंगा पहनने से तो नहीं ही भरने वाली है।


बौद्ध धर्म वैज्ञानिक अध्यात्मवाद का पंथ है। वैज्ञानिक यूं कि यहां परमात्मा कोई मानवीकृत ईश्वर जैसा विश्व संचालक नहीं बल्कि एक व्यवस्था, बल या चेतना है, जिससे संसार चल रहा है। जिसमें चीजें जनम रही हैं और फिर मृत हो रही हैं। यहां नष्ट कुछ नहीं हो रहा है। सब ट्रांसफॉर्म हो रहा है। अनंत से कहीं से ज्योति आती है। फूंक मारने पर वह गायब हो जाती है। कहां जाती है? समाप्त नहीं हो जाती। जिस अज्ञात से आती है, उसी अज्ञात में लय होना ही उसकी नियति है। यही व्यापार ही तो संसार है। इन सबकी जो केंद्रीय संचालक ताकत है, वहीं तक तो पहुंचना वैज्ञानिक अध्यात्मवाद का उद्देश्य है। 

बुद्ध शायद वहां तक पहुंचे थे। ऐसा भी हो सकता है कि बुद्ध के बाद भी कई लोग वहां तक पहुंचे हों लेकिन बुद्धत्व उस पहुंच का अनुभव बता देने का निषेध करता है। वह उसे अन-बताया छोड़ देता है कि लोग स्वयं वहां पहुंचने की कोशिश करें। स्वतः अनुभूति से तय करें कि वह क्या है? उन्होंने उसे कोई नाम नहीं देना चाहा। बाद में उसे शून्य से संबोधित किया कि कुछ शून्य सा है, जहां अगर जाना है तो अपना दीपक खुद होना पड़ेगा। यही धम्म भी है। यहां तक पहुंचने के लिए गुरु के सहारे को भी गैर-जरूरी बताया गया है। कहते हैं कि गुरु परम्परा से 'अंधविश्वास' जन्मता है। अर्थात इस परम्परा में बिना अनुभव-ज्ञान के निष्कर्ष को मान लेने की बाध्यता-सी होती है, जिससे कुछ खास हासिल नहीं होना है। 

बुद्ध के धर्म में इसीलिए एकांत का महत्व है। एकांत, मौन और ध्यान। एकांत अनुभूति-ज्ञान के मार्ग की आवश्यक शर्त है। मौन एकांत के लिए आवश्यक है, ताकि वाणी के सेतु-भंजन से एकांत घटित हो सके। ध्यान से मौन और एकांत का अभ्यास हासिल किया जा सकता है। यह सब ही निर्वाण के मार्ग हैं। यह सब ही बुद्धत्व के मार्ग हैं। परम् संतोष का मार्ग, परमानंद का मार्ग, जहां पहुंचने वालों ने बताया है कि वहां पहुंचकर कुछ भी पाना शेष नहीं रहता।

(29 दिसंबर 2020 (मंगलवार) को कुशीनगर की यात्रा के बाद)

बनारसः वहीं और उसी तरह

फोटोः शिवांक बनारस की चारों तरफ की सीमाएं गिनाकर अष्टभुजा शुक्ल अपनी एक कविता में कहते हैं कि चाहे जिस तरफ से आओ, लहरतारा, मडुआडीह, इलाहाबा...