Monday 2 March 2020

जंगल में अमंगल

सांकेतिक तस्वीर

मध्य प्रदेश के देवास के जंगलों में 15-16 हट्टे-कट्टे बंदरों ने एक तकरीबन सूखते जल स्रोत पर कब्जा जमा लिया था। हम समझते थे कि मनुष्यों में ही कब्जा जमाने की प्रवृत्ति होती है लेकिन यह मनुष्यों के पूर्वजों में भी है। हो सकता है हमने उन्हीं से यह कला सीखी हो। तो देवास के बंदरों ने पानी के स्रोत पर कब्जा इसलिए जमाया था ताकि वह भीषण गर्मी में किसी और को वहां से पानी न पीने दें और उनके लिए पर्याप्त पानी बचा रहे।

उनकी इस कब्जा नीति की भेंट 15 बंदर चढ़ गए। लू और प्यास से उनकी मौत हो गई। ऐसे ही एक अन्य मामले में बंदरों की पानी को लेकर लड़ाई हुई तो एक दर्जन से ज्यादा बंदर आपस में ही लड़ मरे। दोनों ही मामले पिछले साल जून और उसके आसपास की तारीखों के हैं। जंगलों में जंगलवासियों की ये स्थिति है। जाहिर है ये घटनाएं बताती हैं कि प्राकृतिक संसाधनों के मूर्खतापूर्ण तरीके से इस्तेमाल से केवल मनुष्य प्रभावित नहीं हो रहे हैं बल्कि धरती पर रहने वाली अन्य प्रजातियों के अस्तित्व पर भी संकट आन पड़ा है।

सिर्फ इतना ही नहीं, एक और अजीबोगरीब मामला गिर के जंगल में सामने आया। एक शोध हुआ, जिसमें बताया गया कि शेरों के नन्हें शावकों में शिकार के कौशल की कमी दिखने लगी है।मतलब कि शिकार के लिए ही जाने जाने वाले शेरों की नई नस्लें शिकार करना भूल रही हैं। ऐसा इसलिए क्योंकि पर्यटकों को शेर देखना होता है और शेरों को पर्यटन क्षेत्र में लाने के लिए वन विभाग की ओर से मांस के टुकड़े जंगल के टूरिज्म रीजन में रख दिए जाते हैं। इनके लिए शेर वहां आते हैं और लोग मनोरंजित होते हैं।

इस वजह से आसानी से मिले शिकार के आदी होते जा रहे नन्हें शावक शिकार की जरूरत नहीं समझ रहे। वह शिकारी होने की बजाय अब मुर्दाखोर अपमार्जक की तरह होते जा रहे हैं। वन्य जीवों के पर्यावास में मानवीय हस्तक्षेप से जानवरों की प्राकृतिक जीवनचर्या पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। हम अपनी समस्याएं तो नहीं ही सुलझा पा रहे हैं लेकिन अन्य सहचर प्राणियों-प्रजातियों की मुश्किलें बढ़ाते जा रहे हैं।

मध्य प्रदेश में बंदरों का आपसी युद्ध मनुष्यों के अनियोजित और गैर-इरादतन षड्यंत्र का फलीभूत संस्करण है। हो सकता है हम युद्ध न चाहते हों। मानवों-मानवों में भी। जानवरों-जानवरों में भी। वह भी प्राकृतिक संसाधनों के लिए। उन संसाधनों के लिए जिन पर सभी का बराबर अधिकार है लेकिन यह अब होने लगा है। अभी यह अंतर्प्रजातीय युद्ध है। मनुष्यों-मनुष्यों में हो रहा है। जानवरों-जानवरों में हो रहा है। आने वाले दिनों में इसके अंतरप्रजातीय युद्ध में बदलने की संभावना से इनकार कर सकते हैं क्या?

#वन्यजीवदिवस

No comments:

Post a Comment

बनारसः वहीं और उसी तरह

फोटोः शिवांक बनारस की चारों तरफ की सीमाएं गिनाकर अष्टभुजा शुक्ल अपनी एक कविता में कहते हैं कि चाहे जिस तरफ से आओ, लहरतारा, मडुआडीह, इलाहाबा...