Thursday, 15 November 2018

पुराणों से आधुनिक निष्कर्ष लाने वाले प्रसाद


जयशंकर प्रसाद: ऐतिहासिक-पौराणिक आख्यानों से आधुनिक निष्कर्ष निकालने वाले रचयिता

धुनिक हिंदी साहित्य जब किशोर हो रहा था उस समय जयशंकर प्रसाद का जन्म साल 1890 में काशी में हुआ था। आर्थिक संपन्नता के वातावरण में पले-बढ़े प्रसाद का विषाद और करुण भावनाओं के तट पर आना तब होता है जब 12 साल की उम्र में पिता का साया उनके सर से उठ जाता है। कुछ ही साल बाद माता की भी मृत्यु से काशी के समृद्ध सुंघनी साहू परिवार का यह वंशज घोर आर्थिक संकट के झंझावातों के फेर में पड़ता है। कहते हैं कविता व्यथा की पुत्री है। महज 9 साल की अवस्था से ही लेखन में रमे जयशंकर प्रसाद ने भी अपनी जीवन-पीड़ा का आलम्ब लेकर तमाम दार्शनिक और मनोवैज्ञानिक काव्य रचे। हालांकि, प्रसाद के परिवार को उनका लिखना पसंद नहीं आता था इसलिए जयशंकर कलाधर हो जाते हैं और इसी नाम से लेखन जारी रहता है। बड़े भाई का भी असमय निधन होने के बाद जयशंकर प्रसाद संन्यास की ओर भी प्रेरित होते हैं लेकिन कहते हैं कि विधवा भाभी के अनुनय-विनय पर वह सांसारिक जीवन में वापस लौट आते हैं। हालांकि, यह लौटना समूचा नहीं हो पाता है क्योंकि प्रसाद की रचनाएं और उनका शेष जीवन बताता है कि वह केवल देह से वापस आए हैं। उनका मन तो कहीं संन्यासी ही हो गया है।

साल 1918 में प्रसाद की पहली रचना 'चित्राधार' प्रकाशित हुई। इसमें उनकी ब्रज कविताएं शामिल हैं। हिंदी साहित्य में उनके पूर्ववर्ती भारतेंदु हरिश्चंद ने हिंदी गद्य को खड़ी बोली से समृद्ध तो किया लेकिन पद्य में वह ब्रज भाषा लेखन के रथ से नहीं उतर पाए थे। बहुत लंबे समय तक हिंदी खड़ी बोली का हिंदी काव्य से साक्षात्कार नहीं हुआ था। हिंदी का यह इंतजार तब खत्म हुआ जब जयशंकर प्रसाद ने 'आंसू' लिखी। इसे हिंदी पद्य साहित्य का पहला ऐसा काव्य संग्रह माना जाता है जो खड़ी बोली हिंदी में लिखी गई है। लेकिन, जयशंकर प्रसाद को हिंदी साहित्य के इतिहास में इस युगांतकारी परिवर्तन के अलावा भी कई कारणों से याद किया जाता रहा है। इन्हीं में से एक मजबूत कारण है ‘कामायनी’।

'कामायनी' तकरीबन 47 साल जीने वाले जयशंकर प्रसाद का आखिरी महाकाव्य है। इसे जयशंकर प्रसाद की उपलब्धि से ज्यादा हिंदी साहित्य की उपलब्धि के लिए जाना-बताया जाए तो इसमें किसी को भी कोई आपत्ति नहीं होगी। 'कामायनी' मानवता के मनोविज्ञान का अद्भुत शास्त्र है। ज्ञान, भाव और कर्म की बुनियाद पर लिखे इस महाकाव्य में मानव के देवत्व पर श्रेष्ठता की उद्घोषणा का भी संकेत मिलता है। 'कामायनी' के पहले सर्ग चिंता में ही यह बात स्पष्ट रूप से दिखाई देती है।

हिमगिरि के उत्तुंग शिखर पर बैठ शिला की शीतल छांह,
एक पुरु, भीगे नयनों से देख रहा था प्रलय प्रवाह।

नंददुलारे वाजपेयी प्रसाद पर लिखे अपने लेख में बताते हैं कि कामायनी की शुरुआत ही आदर्शवादी देवसृष्टि के विध्वंस के साथ होती है। इस विध्वंस में देव-सृष्टि विनष्ट हो जाती है और मानव सृष्टि का आरंभ होता है। प्रथम मानव मनु है जो उन अमर देवों का वंशज है जो प्रलय में मर गए हैं। प्रसाद कामायनी के शब्दों से कहना चाहते हैं कि जब देव-सृष्टि विनष्ट होती है तब मानव-सृष्टि आकार लेती है। साल 1936 में प्रकाशित हुए इस महाकाव्य में प्रसाद ने प्रथम मानव मनु के माध्यम से तकरीबन संपूर्ण मानवीय संवेदनाओं का विस्तृत व्याख्यान लिखा है। कुल 15 सर्गों वाली कामायनी का हर सर्ग किसी स्थान, घटना या पात्र के नाम के शीर्षक के साथ आरंभ होने की बजाय मानव मन की वृत्तियों के आधार पर होता है।

छायावाद की समस्त प्रवृत्तियां प्रसाद की कामायनी में सम्पूर्ण रूप से विद्यमान हैं। वहीं, अगर आप निराला में छायावाद के प्रतीक-चित्रों की खोज करेंगे तब आपको उनका समूचा साहित्य उलटना पड़ेगा। यही छायावाद के अन्य स्तंभ-लेखकों के साथ भी है। तमाम विद्वान जयशंकर प्रसाद में बुद्ध का अंश देखते हैं। जीवन में इतने प्रिय लोगों का अकाल दुनिया छोड़कर चले जाना प्रसाद को मृत्यु-व्यथा के प्रश्नों की ओर लेकर जाता है। इन्हीं सवालों के जवाब में 'आंसू' और 'झरना' की सृष्टि होती है।

इस करुणा कलित ह्रदय में एक विकल रागिनी बजती।
क्यों हाहाकार स्वरों में वेदना असीम गरजती।

प्रसाद घोर आधुनिक कवि हैं। उनकी रचनाओं में आधुनिक प्रश्नों के जवाब तलाशने और सामाजिक वैषम्य पर सवाल उठाने की घटनाएं विशेष रूप से मिलेंगी। बौद्ध दर्शन की ओर झुके प्रसाद ने बुद्धकालीन चरित्रों से दो चीज़ें सीखीं। पहली तो अहिंसा और करुणा भाव। दूसरा स्त्री-सम्मान। प्रसाद ने तात्कालिक सामाजिक परिस्थितियों को आधार मानकर स्त्री-विषयक आधुनिक सवाल उठाकर स्वयं की दूरदर्शिता का परिचय भी दिया है।

नारी तुम केवल श्रद्धा हो

श्रद्धा के बिना जीवन निर्वाह असंभव है। कामायनी यही बताती है। आप कामायनी के सर्गों पर जाएंगे तो पहला सर्ग है चिंता। सृष्टि की चिंता कि पुनर्निर्माण कैसे हो? चिंता के बाद उपजती है आशा। उसके बाद श्रद्धा। श्रद्धा के बिना आशा की कल्पना नहीं हो सकती। श्रद्धा कामायनी की महिला पात्र है, जो कामायनी है। श्रद्धा से अलग हो जब कामायनी का नायक मनु इड़ा यानि की बुद्धि की ओर प्रयाण करता है तभी उसे दुखों से दो-चार होना पड़ता है। बुद्धि की अति होने से महत्वकांक्षाओं में भी बढ़ोतरी होती है। मनु पहले तो इड़ा के साम्राज्य में मंत्री होता है लेकिन फिर वह सम्राट बनने का दुःसाहस करता है। यही उसके पतन की वजह बनने लगती है। अंत में उसे कामायनी के संसर्ग से ही राहत मिलती है। यह स्पष्ट करता है कि प्रसाद अति-बुद्धिवाद यानि कि बुद्धि के एकांगी विकास पर सहमत नहीं थे। वह जीवन में सुख-दुख की समरसता का दर्शन कामायनी में स्थापित करने के प्रयास में लगे दिखाई देते हैं।

प्रसाद की रचनाओं में घोर दार्शनिक तत्वों का समावेश है लेकिन इससे वह अपने युग की प्रगतिशील चेतना से दूर नहीं हुए। उनकी कहानियों में उत्थानमूलक प्रसंगों की प्रचुरता है। उनके द्वारा स्थापित आदर्शों में यथार्थ का मिश्रण है। उनकी कहानियों, कविताओं, नाटकों के केंद्र में अधिकांशतः सामाजिक पृष्ठ पर हाशिये पर स्थित लोगों की चर्चा है। कामायनी में जहां नायिका श्रद्धा की अतिरिक्त महत्ता है वहीं कंकाल में उन्होंने रुढ़िबद्ध जाति-प्रतिष्ठा के विरुद्ध कलम चलाई है। उनका एक अन्य उपन्यास तितली मजदूरों और किसानों के जीवन-चित्र से सज्जित है। उपन्यास की नायिका तितली एक किसान पुत्री है जिसके माध्यम से प्रसाद ने ग्राम्य-नवनिर्माण संबंधी अपने विचार रखे हैं। हिंदी साहित्य में आधुनिक चेतना के प्रभात काल में नारी-स्थिति पर प्रसाद काफी मुखर हैं। प्रसाद के तत्कालीन सवाल आधुनिक नारी-विमर्श की धुरी हैं तो इससे जयशंकर प्रसाद की दूरदर्शी सर्जनात्मक क्षमता और अपने युग से आगे की सामाजिक और सांस्कृतिक चेतना का संकेत मिलता है।

तुम भूल गए पुरुषत्व मोह में कुछ सत्ता है नारी की।
समरसता है संबंध बनी अधिकार और अधिकारों की।

या

मैं जभी तौलने का करती उपचार, स्वयं तुल जाती हूं।
भुज लता फंसाकर नर-तरू से झूले-सी झोंके खाती हूं।

उनकी ज्यादातर रचनाओं में पौराणिक या ऐतिहासिक आख्यानों का सहारा लिया गया है लेकिन इससे प्रसाद ने पुरातनपंथ और रुढ़िवाद को पोषण देने की बजाय आधुनिक निष्कर्ष निकालकर सही अर्थों में प्रगतिशील, पुष्ट और प्रतिभाशाली लेखन का परिचय दिया है। प्रसाद की गैर-पौराणिक या गैर-ऐतिहासिक रचनाओं में भी कल्पना की अंध उड़ान नहीं है। उनकी समस्त कृतियों में जीवनानुभवों के निष्कर्षों का दस्तावेज है।

साहित्यिक जीवन से इतर प्रसाद का व्यक्तिगत जीवन बड़ा ही सरल था। पुत्र, पत्नी और भाभी के सम्मिलन से उनका परिवार बनता था। प्रसाद बड़े ही सामाजिक थे लेकिन गोष्ठियों, समारोहों इत्यादि में भाग लेने से कतराते थे। साहित्य की लगभग हर विधा नाटक, उपन्यास, कविता, निबंध, ग़जल इत्यादि में हाथ आजमाने वाले प्रसाद किसी की भी पुस्तक की भूमिका लिखने में बिल्कुल रूचि नहीं रखते थे। इस संबंध में तो उन्होंने उपन्यास सम्राट प्रेमचंद तक की पैरवी ठुकरा दी थी। नाटकों में प्रसाद की प्रतिभा खुलकर सामने आई है। जैसे मुंशी प्रेमचंद 'उपन्यास सम्राट' कहे जाते हैं वैसे ही प्रसाद को भी 'नाटक सम्राट' कहा जा सकता है। उनके तमाम नाटक ऐतिहासिक आख्यानों पर आधारित हैं। अंग्रेजों की गुलामी के दौर में जब राष्ट्रीय भावनाओं से ओत-प्रोत और राष्ट्रीय स्वाभिमान और आजादी की चेतना के जागरण वाली रचनाओं पर सरकारी निगरानी और दंड-विधान का अत्याचार चरम पर था तब प्रसाद इस काम के लिए ऐतिहासिक आख्यानों का ही सहारा लेते हैं। नाटक 'चंद्रगुप्त' एक हिस्से में यवन आक्रमणकारी सेल्यूकस भारत की ओर कूच करता है। इसी कथा का आधार लेकर प्रसाद तक्षशिला की राजकुमारी अलका के शब्दों में भारतवासियों का आह्वान करते हैं –

हिमाद्रि तुंग श्रृंग से प्रबुद्ध शुद्ध भारती।
स्वयं प्रभा समुज्ज्वला स्वतंत्रता पुकारती।
अमर्त्य वीर पुत्र हो, दृढ़ प्रतिज्ञ सोच लो।
प्रशस्त पुण्य पंथ है बढ़े चलो, बढ़े चलो।

जीवन-दर्शन, आध्यात्मिकता के अलावा राष्ट्रीय भावनाएं भी प्रसाद साहित्य का श्रृंगार हैं। उन्हें अपने देश से प्रेम है। इसी प्रेम के अधीन प्रसाद भारत को अनजान क्षितिज को प्राप्त किनारा और लघु सुरधनु-से पंख पसारे खगों का नीड़ घोषित करते हैं।

लघु सुरधनु से पंख पसारे, शीतल-मलय समीर सहारे।
उड़ते खग जिस ओर मुंह किए समझ नीड़ निज प्यारा।

अरुण यह मधुमय देश हमारा।

जहां पहुंच अनजान क्षितिज को मिलता एक किनारा।

प्रसाद का जीवन बहुत संक्षिप्त रहा है। उनका अंतिम उपन्यास इरावती उनके असामयिक निधन के चलते अधूरा रह गया। साल 1937 के नवंबर की 15 तारीख को प्रसाद सदेह इहलोक से प्रयाण कर गए। इस समय तक उनकी उम्र महज 47 साल रही थी। लेकिन, अल्प जीवनकाल में ही जयशंकर प्रसाद ने जो कुछ भी हिंदी साहित्य को सौंपा वह उनकी अखंड, अजर और अमर कीर्ति का प्रमाणपत्र है। उनकी कृति 'कामायनी' को विश्व साहित्य की सदी की सर्वश्रेष्ठ कृतियों में गिना जाता है। श्यामनारायण ने इसे विश्व साहित्य का 8वां महाकाव्य घोषित किया है। वहीं, प्रकृति के सुकुमार कवि सुमित्रानंदन पंत ने कामायनी को 'हिंदी के ताजमहल' की संज्ञा दी है।

Wednesday, 31 October 2018

प्रधानमंत्री जी! देश बांटने की गतिविधियों के साथ 'एकता की मूर्ति' के फीते नहीं काटे जा सकते

हम अपने 'राष्ट्रवाद' को पूंजीपति होने से नहीं रोक पाए। हमारा राष्ट्रवाद अब 182 मीटर ऊँची प्रतिमा पर चढ़कर उन लोगों पर थूकेगा जो आज कहेंगे कि 3000 करोड़ रूपए की सरदार की मूर्ती बनाने से अच्छा था कि लाखों नर्मदा पुत्र किसानों के फसलों की सिंचाई की व्यवस्था कर दी जाती। उन्हें पानी उपलब्ध कराया गया होता। उनके खेतों में अगर हमारा शस्य श्यामल राष्ट्रवाद लहराता तो सरदार कितना खुश होते! सरदार का जब निधन हुआ था तब उनके खाते में महज़ 260 रुपए थे। अहमदाबाद में कहीं किराए पर कमरा लेकर वह रहते थे। सरदार से हम राष्ट्रीय सम्पत्तियों की अहमियत भी सीख नहीं पाए।

हमारी अंतरराष्ट्रीय स्पर्धा है किस चीज़ से? हंगर इंडेक्स में हम 103वें नम्बर पर हैं। इसे गम्भीर संकट के बतौर चिन्हित किया गया है। स्वास्थ्य के मामले में भी हम दुनिया में फिसड्डी ही हैं। शिक्षालयों की तो बात करना ही बेकार है। खुद को विश्वगुरू बताने के अलावा हमने शिक्षा के क्षेत्र में क्या काम किये हैं? लेकिन, फिर भी। हमने चुनौती स्वीकारी तो यह कि हम दुनिया की सबसे ऊंची मूर्ति बनाकर दिखाएंगे। पता नहीं इससे महापुरुषों का सम्मान होता है या अपमान? लौह पुरुष सरदार पटेल की सबसे ऊंची प्रतिमा बनने पर लहालोट होने वालों से इतर भी भारत का एक ऐसा कोना है जहाँ से स्टेचू ऑफ़ यूनिटी देखें तो सरदार लज्जित दिखाई देंगे। प्रतिमा के लिए आस-पास के गांवों के लोगों की जमीन ली गई। उन्हें विस्थापित किया गया।

बताते हैं कि सरदार सरोवर बांध बनाने के लिए ही जिन लोगों को विस्थापित किया गया था वह लोग आज तक अपने मुआवजे की प्रतीक्षा में हैं। सरकार की घोषणा और फिर उसका क्रियान्वन, दो अलग चीजें हैं। सबको केवल घोषणाओं की मुनादी सुनाई जाती है। उसके क्रियान्वन की हकीकत जानने और बताने की जरूरत किसी को नहीं लगती। हम राष्ट्रवाद का पानी पी पीकर आलोचकों को कोसते हैं। बाकी, जो लोग भूखे-प्यासे, जमीन से महरूम हैं, उनसे पूछिए तो बताएंगे कि मूर्ति कितनी भव्य है और कितनी सुंदर है? मूर्तिस्थल के समीप रहने वाले आदिवासियों ने प्रधानमंत्री के नाम खुला खत लिखा था। उन्होंने लिखा था कि जब आप मूर्ति के लोकार्पण के लिए आएंगे तो हम आपका स्वागत नहीं करेंगे। लेकिन प्रधानमंत्री को आदिवासियों के स्वागत की क्या पड़ी है? उनके स्वागत के लिए तो तमाम लोग तैयार और इंतजार में बैठे हैं।

सरदार को सरदार की उपाधि किसान पत्नियों ने दिया था। वह सबसे पहले किसान नेता ही थे। ऐसे में उनकी मूर्ति स्थापित होने से किसानों को सबसे ज्यादा खुश होना चाहिए। लेकिन ऐसा है नहीं। किसान नाराज हैं। आदिवासी किसानों ने विरोध स्वरूप भूख हड़ताल की घोषणा की है। आदिवासियों के एक नेता ने कहा है कि हम मूर्तिस्थल पर विरोध के लिए जाएंगे लेकिन उम्मीद है कि हमें वहां घुसने नहीं दिया जाएगा। इसलिए, हमारे समुदाय के बच्चे, जवान, महिलाएं और बुजुर्ग विरोध स्वरूप उपवास रखेंगे। किसानों का यह भी कहना है कि सरदार की मूर्ति के चारों ओर जो पानी इकट्ठा किया गया है, अगर वही किसानों को मिल जाता तो उनकी फसल नहीं सूखती। लेकिन, यह सौंदर्य का मामला है। अंतरराष्ट्रीय ईगो का मामला है। हमने संसार की सबसे ऊंची मूर्ति स्थापित की है। कांग्रेस के नेता रहे सरदार पटेल की। उनके निधन के कई साल बाद उनका राजनैतिक नहीं बल्कि वैचारिक दल परिवर्तन कराने की कोशिश की जा रही है। भाजपा और मोदी के इस सरदार प्रेम के कई सारे कारण हैं।

मोदी का दावा है कि सरदार के साथ कांग्रेस ने न्याय नहीं किया। नेहरू परिवार को आगे बढ़ाने के चक्कर नें उन्होंने सरदार को कम महत्व दिया। कांग्रेस में नेहरू-गांधी परिवार के वर्चस्व के बारे में हर कोई जानता है। यह कुछ बिंदुओं पर आलोच्य भी है। इंदिरा गांधी के बाद का कांग्रेस देखें तो मोदी की बात पर आसानी से भरोसा किया जा सकता है। नेहरू परिवार के बरअक्स सरदार को कम याद किया गया है लेकिन उन्हें भुला दिया गया या फिर उनका अपमान कर दिया गया, इस बात पर न सिर्फ यकीन करना मुश्किल है बल्कि यह अल्पज्ञान और इतिहास के अज्ञान का उद्घोषक बयान ही ज्यादा लगता है। सभी को पता है कि बीजेपी या नरेंद्र मोदी सरदार के साथ हुए अन्याय से दुखी नहीं हैं। बार बार आरएसएस और बीजेपी नेताओं की स्वतंत्रता संग्राम से जुड़ी विरासत को लेकर उठने वाले सवाल से वह काफी समय से परेशान थी। उसे किसी ऐसे लोकप्रिय नेता की तलाश थी जिससे वह अपनी विरासत जोड़ सके और अपने आपको जिसका राजनैतिक न सही कम से कम वैचारिक वारिस सिद्ध कर सके।

आजादी के संग्राम के लोकप्रिय नेताओं में गांधी और सरदार आरएसएस के लिए विकल्प हो सकते थे। नेहरू प्रगतिशील तथा धर्मनिरपेक्ष राजनीति के लिए जाने जाते थे। हिंदुत्व के प्रति उनका कोई नरम रुख नहीं था। गांधी शुद्ध आस्तिक थे। हिंदुत्व के तमाम प्रतीकों पर उनकी गहरी आस्था थी। लेकिन, वह आरएसएस या हिंदू महासभा के हिंदुत्व के कभी समर्थक नहीं रहे। उनका मानना था कि हिंदुस्तान में हिंदू-मुस्लिम दंगों को रोकने के लिए हिंदुओं को पूरी तरह से अहिंसा के साथ हो लेना चाहिए। इसके लिए अगर उन्हें मर मिटना पड़ता है तो भी मुसलमानों के अंदर सुरक्षा का विश्वास पैदा करने के लिए उन्हें ऐसा करना चाहिए।

संघ महात्मा गांधी के इस सिद्धांत से असहमत था। सरदार पटेल भी गांधीजी की इस विचारधारा के समर्थन में नहीं थे। यहीं बीजेपी को सरदार अपने वैचारिक गोत्र के लगते हैं। इसके अलावा सोमनाथ मंदिर के लिए वल्लभ भाई पटेल के प्रयास को भी दक्षिपंथी खेमा काफी सराहता रहा है। सिर्फ इतना ही नहीं, गांधी जी की हत्या के बाद जब कई जगहों पर हिंदू महासभा और आरएसएस के लोगों पर हमले बढ़ने लगे थे तब सरदार ने जिम्मेदार अधिकारियों को इसके लिए फटकार लगाई थी। इन सब चीजों की वजह से हिंदुत्व की तथाकथित झंडाबरदार आरएसएस और भाजपा के लोगों के मन में सरदार पटेल को लेकर सॉफ्ट कॉर्नर है। सरदार पटेल की मूर्ति भाजपा और मोदी द्वारा अपनी विरासत आजादी के एक बड़े नेता से जोड़ने की कवायद भर है। मोदी के सरदार प्रेम में पटेल का गुजराती और पाटीदार होना भी शामिल है। उन्हें लगता है कि गुजरात में प्रभावी वोटबैंक के रूप में मौजूद पाटीदार समूहों की नाराजगी आगामी चुनावों में इस मूर्ति अनावरण के साथ दूर हो जाएगी।

यह सच है कि स्टैच्यू ऑफ यूनिटी गहरे राजनीतिक मंथन का फल है। इसके पीछे केवल सरदार का कथित खोया सम्मान लौटाना ही उद्देश्य नहीं है। सरदार पटेल को लेकर कांग्रेस के गांधी परिवार के प्रति देश की जनता में घृणा भाव भरने की दुर्भावना की गंध भी भाजपा से आती दिखाई देती है। यह आजादी के अब तक के पढ़े गए इतिहास में भावनात्मक परिवर्तन लाने का अभियान है। सरदार की प्रतिमा से दिक्कत नहीं है। यह महापुरुषों को उनकी विचारधारा के प्रतीक के तौर पर स्थापित करने सबसे सुदृढ़ और प्रभावी विकल्पों में से एक है। लेकिन, हमें इसे स्थापित करने के योग्य पहले हो लेना चाहिए था। भारत जैसे देश के लिए 3हजार करोड़ रुपए बहुत मायने रखते हैं। और फिर सरदार स्वयं सादगी और किफायतशारी के प्रतीक पुरुष थे।

 ऐसे में उनकी प्रतिमा की स्थापना में इतनी धनराशि खर्च करना एक गरीब विकासशील देश के लिए फिजूलखर्ची से ज्यादा कुछ नहीं है। वो भी ऐसा देश जहाँ आज भी राजधानी इलाके में 3 बच्चे भूख से मर जाते हों। राष्ट्र की मूलभूत समस्याएं सुलझाकर और राष्ट्रवादी महापुरुषों के सपनो का भारत निर्मित कर भी हम उन्हें अंतरराष्ट्रीय सम्मान दिला सकते हैं। एक ओर पंथ-जाति में देश को बांटने की प्रक्रिया में मशगूल होकर दूसरी ओर एकता की मूर्ति के फीते नहीं काटे जा सकते। प्रधानमंत्री ने आज कहा कि हम महापुरुषों का सम्मान करते हैं तो हमारी आलोचना होती है। प्रधानमंत्री जी का सम्मान बहुत महंगा है। इसलिए, आलोचना से कैसे बचेंगे। वो अपनी जिम्मेदारियों से महापुरुषों को सम्मानित नहीं करते बल्कि उसके लिए विशेष भव्य आयोजन होते हैं। प्रचार होता है। लोगों को दर्शाया जाता है कि देखिये हम सम्मान कर रहे हैं। पहले वालों ने केवल अपमान किया। जैसे ये सुभाष चंद्र बोस और सरदार पटेल का सम्मान न करते तो वे लोग सदैव अपमानित रहते। पता नहीं नैतिक दृष्टि से यह सम्मान ही है या परोक्ष अपमान। क्योंकि, आज तक देश में कोई सुभाष बोस और पटेल के अपमान की चर्चा नहीं करता था। प्रधानमंत्री की सवालिया ऊँगली केवल कांग्रेस पर नहीं उठी है। यह स्वतंत्रता संग्राम के बाद के हमारे पुरखों और इस देश की जनता पर भी उठायी गई है।

प्रधानमंत्री को सोचने की जरूरत है कि महापुरुषों का सम्मान कैसे करना है। किसी ने कहा है कि किसी भी महापुरुष की प्रतिमा स्थापित करना उसकी विचारधारा और सिद्धांतों की हत्या का बहाना ढूंढ लेना है। हम देश में गोरक्षा के नाम पर हो रही हत्याओं पर चुप रहेंगे। हम मॉब लिंचिंग पर चुप रहेंगे। मुम्बई और गुजरात से यूपी-बिहार के लोगों के साथ हिंसा कर खदेड़े जाने की घटना पर मौन साध लेंगे। हम अपने मंत्रियों को द्वेष फैलाने वाले बयानों पर कुछ नहीं कहेंगे। हम पूर्वोत्तर के लोगों के लिए दिल्ली रहने लायक न होने पर भी कोई प्रतिक्रिया नहीं देंगे। जातिगत हिंसा पर मुंह नहीं खोलेंगे। और फिर 3000 करोड़ की स्टेचू ऑफ़ यूनिटी बनाकर कहेंगे कि देश की एकता और अखंडता हमारी प्राथमिकता है। यह छलावा क्यों है? यह धोखा किसे है? यह झूठ आप किससे बोलते हैं?

देश के लोगों को यह सच्चाई भांपनी होगी। उन्हें सतर्क होना होगा। क्योंकि, राज्य का मूल अर्थ है। आपके अर्थ का सही इस्तेमाल नहीं होगा तो आपकी राजनीति बेपटरी हो जाएगी। आपका राज्य, आपका देश भ्रष्टाचार की ओर जाने लगेगा। इसलिए, जरुरी है कि वक़्त से साथ बदली देशभक्ति की परिभाषा को समझें। अपने महापुरुषों से प्यार करें। उनके विचारों का सम्मान करें लेकिन प्रतीकात्मक राष्ट्रवाद से बाहर आएं। राष्ट्र के लिए जिस तरह की लड़ाई हमारे हिस्से आई है उसके लिए जी जान से लड़ें। भ्रष्टाचार से लड़ें। गरीबी-भुखमरी से लड़ें। अशिक्षा से लड़ें। साम्प्रदायिकता से लड़ें। यही सच्ची देशभक्ति है। आज हमें देशभक्ति के नए प्रतीकों की जरूरत है। हमें देशभक्ति की नई परिभाषा चाहिए। हमें केवल महापुरुषों की मूर्तियां नहीं बनानी हैं। हमें नए महापुरुष भी तो चाहिए। वो भी जीवंत, सक्रिय और अमूर्त।

Tuesday, 25 September 2018

यात्राएं रुकी नदी की तरह ठहरी जिंदगी को गतिशील करती हैं

मानक के हिसाब से स्थिर हो जाने की अलग-अलग परिभाषा होती है। साइकिल के पहिए घूमते रहें लेकिन साइकिल अगर स्टैंड पर खड़ी हो तो पहिए की इस गतिशीलता को भी स्थिर होना ही कहेंगे। काफी दिनों से कुछ ऐसी ही अनुभूति के दलदल से ऊबकर प्रतापगढ़ जाने का कार्यक्रम बना। प्रतापगढ़ ननिहाल है। पिछले साल 3 सितंबर को नाना का देहांत हो गया था। तब जाना नहीं हो पाया था। एक साल होने के बाद 1 सितंबर को उनकी पहली बरसी का कार्यक्रम था। हर लिहाज से जाना उचित लगा। यात्रागत असुविधाएं जो अब आदत में शामिल हो जाना चाहिए, हुईं। ट्रेन कैंसिल होने से लेकर सीट न मिलने और ट्रेन लेट होने तक की सारी दिक्कतें साथ चलीं। लेकिन, 3 साल बाद ननिहाल जाने का उत्साह था, सो ये दिक्कतें झेलने में दिक्कत नहीं हुई। पारिवारिक सम्मेलन के अलावा भी यह टूर कई मायनों में दिलचस्प रहा। इनमें वापसी के रास्ते में मधुबन गोष्ठी, बनारस हिंदू विश्वविद्यालय और उसके कुछ उत्साही, सशक्त और निर्भीक छात्र तथा लखनऊ यात्रा ने यात्रा को सफलता से एक कदम आगे तक पहुंचा दिया।

शुभम, सत्यम, पुरू और किरन मौसी – प्रतापगढ़ में नानी से मिलना सबसे आवश्यक प्रयोजन था। उनकी हमेशा की नानी से मिलने न आने की शिकायतों के निस्तारण के लिए तथा इस मामले में सफाई देने के लिए स्वतः निर्धारित समय सीमा भी कबकी पूरी हो चुकी थी। इसलिए जाना तो था ही। लेकिन, नानी से अपेक्षाकृत कम मुलाकात-बातचीत रही। ज्यादा समय बीता शुभम, सत्यम और पुरू के साथ। ये समय कितने अमूल्य और मजेदार होते हैं इस बारे में बता पाना संभव नहीं होगा। पुरू के साथ काफी देर तक राजनीति, समाजनीति की बहसें चलतीं। राफेल डील से लेकर आर्यन थ्योरी तक। कई पूर्वाग्रह उसकी डिबेट के साथ चलते रहे। शाखा अर्जित ज्ञान का संदर्भ भी देता। लेकिन, उसमें डिबेट करने की स्किल है, इस बात को मानने से कोई इनकार नहीं कर सकता। पढ़ता भी खूब है। जिस बारे में पढ़ता है उस विषय की ठीक याद्दाश्त होती है उसकी। उसके ऐसा मानने पर कि आर्य भारत के मूल निवासी हैं, दलितों का लंबे समय तक ब्राह्मणों ने शोषण किया था और राफेल डील भ्रष्टाचार नहीं है मेरे गहरे मतभेद हैं लेकिन इसे साबित करने के लिए मेरे जो भी संदर्भ थे उसके बारे में मेरी आशंका थी कि वह उसे खारिज कर देगा। इसलिए, हमने दलित विमर्श पर डॉ. तुलसीराम और ओमप्रकाश वाल्मीकि का संदर्भ देना उचित नहीं समझा। वह पुराणों के संदर्भ देता जिसका मैंने उसके मुकाबले कम अध्ययन किया है। खैर, जो भी हो, उसकी अपने तर्कों को मनाने के लिए तैयारी अच्छी थी। पुरू के साथ बहस में अच्छा-खासा समय बीत जाता।

शुभम सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहने वाला व्यक्ति है। वन लाइनर हास्य-व्यंग्य में उसकी काफी रूचि है। उससे इस बारे में काफी चर्चा होती। सोशल मीडिया पर कीर्तीश भट्ट से लेकर आशुतोष उज्ज्वल तक के लोगों की पोस्ट पर चर्चा होती। बाहर जाने पर तस्वीरें खींचने का काम भी शुभम का था। तस्वीरें वह अच्छी खींचता है। उसकी पुरानी कई तस्वीरें वाकई बेहतरीन थीं। सत्यम के साथ इनडोर गेम्स में समय बीतता, वहीं सुंदरम के पास अपने गांव-घर और स्काउट टीम को लेकर ढेर सारी कहानियां होतीं। जो वह समय-समय पर सुनाता रहता था। किरन मौसी मां की सबसे छोटी बहन हैं। उस पूरे परिवार में सबसे ज्यादा प्रगतिशील सोच रखने वाली महिला। हालांकि, वह एक ऐसे परिवार का भी हिस्सा हैं जहां अभी भी रूढ़िवादी जड़ें मजबूत हैं। उनसे महिला अधिकारों और बच्चों की पसंद-नापसंद संबंधी आजादी को लेकर काफी देर तक बहस हुई। इस मामले में उनका कहना यही है कि बच्चों को उनकी पसंद के मुताबिक शादी इत्यादि का अधिकार है। यह अरैंज्ड मैरिज से ज्यादा बेहतर होता है। इस मुद्दे पर उन्हें मां की ओर से कड़ा प्रतिरोध मिल रहा था। पर्दा प्रथा, पितृसत्तात्मक व्यवस्थाओं पर उनका स्पष्ट मत था। वह इन सबकी विरोधी थीं। लेकिन, धारा 377 पर शायद सहमत नहीं दिखीं। हालांकि, इस पर हमारी बहुत कम बात हुई।

वापसी और बनारस – 23 सितंबर को वापसी थी। प्रतापगढ़ से इलाहाबाद जाने का प्रोग्राम था। लेकिन, 23 को रविवार होने के नाते बनारस जाने का कार्यक्रम तय कर लिया। रविवार को बनारस इसलिए कि इस दिन वहां मधुबन गोष्ठी आयोजित होती है। बनारस के छात्रों और पूर्व छात्रों द्वारा किए जाने वाले इस आयोजन से परिचय आर्य भारत ने करवाया था। इस गोष्ठी में नए रचनाकारों को कविता पाठ का मौका दिया जाता है और उस पर वरिष्ठ कवियों द्वारा टिप्पणी की जाती है। यह शानदार था। इसमें शामिल होने को लेकर जो उत्साह था उसका वर्णन करना मुश्किल है। आर्य भारत का मुझ पर विश्वास कभी-कभी चकित कर देता है। मेरे लिए अपनी कविता पर आर्य भारत की ही प्रतिक्रिया का मिल जाना बहुत उत्साहित करता है। लेकिन, वहां सुशांत शर्मा भी मौजूद थे। आर्य की हमेशा की तरह दिल हिरोशिमा नागासाकी कविता की मांग वहां भी रही लेकिन, मेरे पास यह कविता उस समय मौजूद नहीं थी। इसलिए, गीत गाना चाहता हूं और तब जागता है कविता सुनानी पड़ी। पहली कविता पर टिप्पणी करते हुए सुशांत भइया ने मुझे भवानी प्रसाद मिश्र की परंपरा-सूची में रख दिया। यह बिल्कुल ही आशातीत प्रतिक्रिया थी। दूसरी कविता चूंकि कादंबिनी पत्रिका में प्रकाशित हो चुकी थी, इसलिए उस पर बोलते हुए उन्होंने कादंबिनी के प्रति आशान्वित नजरिया प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि अगर कादंबिनी इस तरह की भाषा वाली कविताएं प्रकाशित कर रहा है तो यह सुखद संकेत है। मेरे लिए दोनों तरह की प्रतिक्रियाएं अनमोल थीं। यह भाव-विभोर होने के लिए काफी था।

बनारस की साहसी छात्राएं – मधुबन गोष्ठी से हम सभी को वहां जाना था जहां एक सफल आंदोलन के एक साल पूरा होने पर छात्राओं ने कार्यक्रम आयोजित किया था। वहां बारी-बारी से छात्राएं विश्वविद्यालय में छात्राओं की स्वतंत्रता और उस पर प्रशासनिक हस्तक्षेप संबंधी भाषणों से लोगों को संबोधित कर रही थीं। वहां पहुंचने पर देखा कि महिला महाविद्यालय के सामने एक ओर छात्राओं का कार्यक्रम चल रहा है, जिसमें छात्र भी शामिल हैं। वहीं उससे सटे हुए ही एबीवीपी के कार्यकर्ता नारेबाजी कर रहे हैं। कार्यकर्ताओं के धैर्य और सूझबूझ की वजह से न सिर्फ कार्यक्रम प्रभावित नहीं होता बल्कि झगड़े की नौबत भी बार-बार टलती रहती थी।

देश में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, धर्म के प्रचार-प्रसार की स्वतंत्रता और सभा करने की स्वतंत्रता का संवैधानिक अधिकार सभी को प्राप्त है। इस दृष्टि से यह कार्यक्रम किसी तरह की कोई गलती नहीं थी। न ही ये राष्ट्र अहित का ही कोई कार्य था। यह महज अपनी स्वतंत्रता के लिए संघर्ष की सफलता का एक तरह से जश्न था। नारेबाजी कर रहे एबीवीपी के कार्यकर्ता कार्यक्रम कराने वालों को वामपंथी बोलते और धमकाते कि महामना की बगिया को जेएनयू नहीं बनने देंगे। उनका मतलब होता कि यहां वामपंथी विचारधारा को फलने-फूलने नहीं देंगे। और ऐसा करते हुए वह भूल जाते हैं कि यह खुलेआम संवैधानिक अधिकारों का अतिक्रमण है। अपने इस अपराध पर वह लज्जित नहीं हैं। इसके परिणामों से वह भयभीत नहीं हैं। उलटे, उनके नारों में ऐसी बद्तमीजी और अभद्रता है कि सामने से गुजरने वाला कोई भी सभ्य नागरिक शरमा जाए। वह केवल कानूनन अपराधी नहीं लगते बल्कि वह नैतिक और सांस्कृतिक अपराध के लिए भी दंडित किए जाने योग्य हैं। कार्यक्रम के दौरान उनका साहस यहां तक बढ़ आया कि आर्य भारत की कविता के बाद वे सभी हाथापई पर उतर आए।

भारत माता की जय और वामपंथ का एक ही मोटो, खाओ, पीओ, साथ में लोटो जैसे नारे एक साथ लगाने वाले महामना की बगिया के वे तथाकथित संरक्षक मानवीय चरित्र के सबसे अधम स्तर पर पहुंच गए। उन्होंने साउंड सिस्टम को लात से मारकर सड़क पर फेंक दिया। कार्यकर्ताओं के बाल खींचे। छात्राओं को पीटा। आर्य भारत के कंधे पर किसी ने जोर से मार दिया। वह काफी देर तक दर्द से परेशान रहे। वह सब कुछ भयावह था। महाविद्यालय प्रशासन की महिला प्राधिकारियों ने छात्राओं को जबर्दस्ती अंदर जाने को कहा। छात्राएं प्रतिरोध करती रहीं लेकिन उन्हें जबर्दस्ती अंदर भेजकर गेट बंद कर दिया गया। बाहर लड़कों के बीच हाथापाई जारी रही। कुछ देर बाद लड़कियां समूह में जबर्दस्ती बाहर आ गईं। वह चीख रही थीं कि हमारे साथियों को एबीवीपी के गुंडे पीट रहे हैं और हमें अंदर क्यों बंद किया जा रहा है। प्रशासन के ये लोग हमें अंदर भेजने की बजाय कुछ कर क्यों नहीं रहे। अपने छात्र साथियों के लिए लड़ने की हिम्मत करने वाली इन लड़कियों का मैं मुरीद हो गया। अपनी इस हिम्मत से उन्होंने पितृसत्तात्मक व्यवस्था के संरक्षक सेनापतित्व के किले को भी भेद दिया। उन्होंने बताया कि वह अब न सिर्फ अपनी रक्षा करने में समर्थ हैं बल्कि अपने साथियों को बचाने के लिए भी वह कुछ भी कर सकती हैं।

अस्सी घाट और लाल साफे वाले कार्यकर्ता – कार्यक्रम तो था कि वहां से अस्सी घाट जाएंगे। और काफी देर वहां बैठेंगे। लेकिन आर्य भारत को कंधे पर चोट लगी थी। इस वजह से वह कमरे पर जाना चाहते थे। कार्यक्रम के सभी कार्यकर्ता जिनमें अधिकतर काले कपड़ों और लाल गमछों से लैस थे, अस्सी घाट के पास एक चाय की टपरी पर एकत्रित थे। वहीं पर शाश्वत उपाध्याय से ठीक तरीके से मुलाकात हुई। और भी लोगों से परिचय हुआ। आर्य ने परिचय कराया कि मैं जनसत्ता में सब-एडिटर हूं। ऐसे में सभी इस घटना को मीडिया में लाने के प्रति मुझसे आशान्वित थे। चाय पीने के बाद हम अस्सी घाट की ओर बढ़े। वहां कत्थक नृत्य और संगीत का कोई कार्यक्रम चल रहा था। काफी देर तक हम वही देखते रहे। टीम दो हिस्सों में बंट चुकी थी। एक में हम, आर्य भार, गरिमा और माधुरी थे। दूसरी में कार्यक्रम के सभी साथी जो चाय की दुकान पर थे, शामिल थे। वो लोग गंगा किनारे की ओर चले गए। हम घाट से ही आशुतोष के कमरे की ओर चल पड़े। रास्ते में गरिमा ने पूरे प्रकरण पर बहुत सी बातें बताईं। उन्होंने बताया कि पिछले साल लड़कियों के संघर्ष में जब पुलिस ने लाठी चार्ज किया तब एक छात्र को बचाने के लिए उसकी छात्रा दोस्त उसके ऊपर लेट गई थी। यह सच में भावुक कर देने वाला किस्सा था।

मां का फोन और पापा से बात – कार्यक्रम में मारपीट शुरू होने के बाद मैंने आर्य भारत को फोन किया। वह अस्सी पहुंच चुके थे। हमसे रिक्शा करके वहां आने को कहा। जैसे ही हम रिक्शे पर सवार हुए, मां का फोन आया। हाल-चाल देने के बाद फोन रखने ही वाले थे कि मां ने बताया कि पापा के मकान मालिक ने उनके कमरे का ताला तोड़कर अपना ताला लगा दिया है और उसकी चाभी नहीं दे रहा। पापा उसी दिन सुबह प्रतापगढ़ से दो दिन की छुट्टी के बाद वापस आए थे। मेरा क्रोध से भर उठना लाजिमी था। मां को बोला कि पापा से बात करें और मकान मालिक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराएं। और तो और चोरी की धारा भी लगा दें। उन्होंने बात करके बताने को कहकर फोन रख दिया। यह दोहरा तनाव था। एक ओर एबीवीपी की गुंडागर्दी से दिमाग तनाव में था। अब उस मकानमालिक पर गुस्सा आ रहा था। समझ में नहीं आ रहा था कि क्या करें। भदोही जाने का मन बना लिया। कुछ देर बाद मां का फोन आया। उन्होंने बताया कि पापा का फोन नहीं लग रहा है। फिर मैंने खुद फोन लगाया। पापा ने बताया कि उसने चाभी दे दी है। मैंने एफआइआर कराने की बात कही तो बोले कि करा दिया है। सामाजिक धूर्तता के इस नमूने से बहुत देर तक मन दुखी रहा। ऐसी घटनाएं आत्मविश्वास को और गिरा देने का काम करती हैं और दुनिया से और भरोसा उठता जाता है।

बनारस से रवानगी और अपरिचित ‘दोस्त’ – रात में थकान ज्यादा होने की वजह से जल्दी नींद आ गई। माधुरी, गरिमा और आशुतोष ने मिलकर शानदार खाना बनाया था। खिलाने के लिए हमें जगाना पड़ा। खाना खाने के बाद माधुरी और गरिमा हॉस्टल चली गईं। हम भी सो गए। सुबह उठे तो साढ़े 4 बज रहे थे। 5 बजकर 10 मिनट पर इंटरसिटी एक्सप्रेस से लखनऊ जाना था। वहीं शताक्षी और नीलेश हमारा इंतजार कर रहे थे। आशुतोष ने कहा रुक जाइए, दूसरी ट्रेन से जाइएगा लेकिन मैंने हार नहीं मानी। संयोग से 5:10 बजे स्टेशन पहुंच गए। ट्रेन में सीट भी मिल गई लेकिन टिकट नहीं ले पाए। मेरे सामने एक लड़की बैठी थी। उसे भी लखनऊ जाना था। टिकट उसने भी नहीं लिया था। इसलिए, हमसे पूछा कि कौन से स्टेशन पर ट्रेन ज्यादा देर तक रुकेगी। मैंने इंटरनेट से चेक किया तो सभी स्टेशनों पर 5 मिनट का स्टॉपेज था। इतनी देर में टिकट कहीं से भी नहीं लिया जा सकता था। हम इसी बारे में चर्चा कर रहे थे कि टीटीई को क्या जवाब देना है। बात आगे बढ़ी तो और भी बहुत सी बातें हुईं। नीलम या लवली नाम था उसका। बनारस की ही रहने वाली थी। काशी विश्वनाथ की गलियों में कहीं उसका घर था। वहीं उसका बचपन बीता था। खेलते, साइकिल चलाते, शरारतें करते।

अपने परिवार से उसे काफी लगाव था। बुआ की कोई लड़की उसकी अच्छी सहेली भी थी। यात्रा के दौरान उसका फोन भी आया था। खुद के अंतर्मुखी होने को खारिज करते हुए उसने बताया कि वह अपनी तकलीफों के बारे में किसी को बताना नहीं चाहती। चाहे कोई उसका कितना ही करीबी क्यों न हो। नए दोस्त बनाने से शायद परहेज था उसे। बचपन के कुछ दोस्त ही उसके आज तक खासम-खास दोस्तों में शामिल थे। वह बताती कि कैसे लखनऊ के उस कॉलेज में जहां से वह एमबीए कर रही है, उसका कोई दोस्त नहीं है। या कहें कि उसने किसी को न तो दोस्त बनने दिया और न ही बनाया। उसका मानना है कि मेरे दोस्त पहले से ही हैं और मैं उनकी जगह किसी और को नहीं दे सकती। बनारस की बहुत तारीफ करती। बीएचयू का एग्जाम इसलिए दिया कि लोग उससे कहते कि वहां सेलेक्शन होना आसान नहीं है। फिर वहां पढ़ाई छोड़ दी और बीबीए कर लिया। अब लखनऊ से एमबीए कर रही है और एक नौकरी छोड़ चुकी है।

उसने बनारस की कई सारी तस्वीरें दिखाईं। अपने बारे में इतना सब कुछ बता दिया कि मुझे सोचना पड़ा कि यह सब कुछ मुझे क्यों बता रही है। खैर, यह तो वही जाने। उसने मुझे सर्दियों में बनारस आने का निमंत्रण दिया। बोला कि बनारस घुमाने की जिम्मेदारी मेरी। लेकिन ट्रेन से उतरते ही सोशल मीडिया और संपर्क के तमाम संसाधनों के इस दौर में भी वह भीड़ में कहीं गुम हो गई। या उसके लिए शायद मैं गुम हो गया। क्योंकि, ट्रेन से उतरने के बाद हमने एक-दूसरे को देखा ही नहीं। एक अपरिचित दोस्त, जिससे मैंने उसका नाम भी नहीं पूछा और जिसने मेरा नाम नहीं जाना मेरे लिए फिर उसी तरह अपरिचित हो गई जैसे 7 घंटे पहले ट्रेन के मिलने के पहले हम एक-दूसरे के लिए थे। बात-बात में उसने खुद ही अपना नाम बता दिया था। बनारस शायद सर्दियों में जाना हो भी लेकिन उस जिम्मेदारी का क्या जो उसके भीड़ में खो जाते ही अधूरेपन की अनिवार्यता को प्राप्त हो गई।

लखनऊ की एनबीटी यात्रा – इस यात्रा में एनबीटी के ऑफिस में बीते वक्त का हिस्सा काफी ज्यादा था। चारबाग स्टेशन से नीलेश के रूम तक और फिर एनबीटी के ऑफिस पहुंचने तक कुल 2-3 घंटे लगे थे। नीलेश को ऑफिस जाना था। ऐसे में यह एक मुलाकाती यात्रा से ज्यादा कुछ नहीं था। यात्रा के इस पड़ाव में दो सबसे अच्छे दोस्तों से मुलाकात हुई। दोनों स्टेशन तक लेने आए। जाम से लड़कर जब दोनों चारबाग मेट्रो स्टेशन के नीचे हमारे साथ बैठे तो एक बार फिर लखनऊ को कोसना शुरू कर दिया। खैर, यह यात्रा का अंतिम पड़ाव था और इसके बाद नोएडा के लिए रवाना होना था। इसलिए इसमें थोड़ा सा उदासीपन भी था।

अच्छे दोस्त आपसे कभी दूर नहीं होते। वो आपकी चर्चाओं में, बातों में, यादों में, दिमाग में स्थापित से हो गए होते हैं। आप जहां कहीं भी रहें उनकी उपस्थिति रहती है। बशर्ते दोस्ती अच्छी और गहरी हो। शताक्षी के ऑफिस में उसके एक सहकर्मी से परिचय के दौरान जब वह बोल पड़ा कि "वही, जिन्हें तुम शुक्ला-शुक्ला करती रहती हो?" तब लगा जैसे इस ऑफिस में मैं अपने सबसे अच्छे दोस्त के साथ अपनी चर्चाओं के रूप में हमेशा मौजूद रहता हूं। यह मेरी वहां हमेशा ही उपस्थिति को प्रमाणित करने वाला वाक्य था। इस उपस्थिति ने हमारी दोस्ती के प्रमाण-पत्र को और भी ज्यादा विश्वसनीय बना दिया। इससे मिलने वाला सुकून भी अवर्णनीय है। चर्चाएं चाहे जैसी होती रही हों, मैं इस बारे में सोचकर इस पावन भावना का अनादर नहीं करना चाहता।

हालांकि, इतने अच्छे दोस्तों के साथ होने पर भी लखनऊ में काफी बोर हुए। एक तो अपना मूड भी सही नहीं रह गया था। प्रतापगढ़ छोड़ने, बनारस और भदोही वाले मसले की वजह से मन खराब हो चला था। इसके अलावा अगले दिन से फिर जिंदगी के उसी ढर्रे पर चलने की कल्पना भी बार-बार मन को निराश कर रही थी। रात तकरीबन साढ़े 9 बजे लखनऊ से नोएडा की ओर रवाना हो गए।

यात्राओं से नदी के रुके हुए पानी की तरह ठहरा जीवन फिर से चलने लगता है। स्थिर मनस को गतिमान करने का यह शानदार तरीका है। इसलिए, यात्राओं को जारी रखने की दिशा में कोशिश करना उन सभी निराशाओं और उदासीनता से पीछा छुड़ाना है जो जीवन में प्रकृति के परिवर्तन सिद्धांत का रास्ता रोकती हैं। न जाने कितनी बार छुट्टियों पर यात्राएं करने का मन बना। अलग-अलग कारणों से यह कार्यक्रम टलता रहा। अब इसे टालने की कोशिश को विराम देकर जीवन गतिशील करना होगा। वरना, निराशाओं के जानलेवा होने में वक्त नहीं लगेगा।

Wednesday, 5 September 2018

सब कुछ छोड़कर हम आदमखोर बनते जा रहे हैं

तरकशः बीते साल पर साल, आजादी का क्या हाल!

निर्दोष और वैचारिक भिन्नताओं के खिलाफ हिंसा किसी भी सूरत में गलत है। अगर आप उसे जस्टिफाइ कर रहे हैं तो एक आजाद और शांतिप्रिय देश के लिए आपसे बड़ा दुर्भाग्य कुछ नहीं हो सकता। सालों, युगों और कल्पांतरों पहले क्या हुआ था या सालों, युगों और कल्पांतरों से क्या हो रहा है जैसे वाहियात और गैर-जरूरी कुतर्क भी किसी की हत्या को जायज नहीं ठहरा सकते। हिंदू, मुसलमान, सिख - की धार्मिक भावना, के अस्तित्व पर खतरा या के संरक्षण के लिए भी किसी की हत्या नहीं की जानी चाहिए। देशद्रोही को भी मारने का अधिकार हमें नहीं है।

कानून है। लाखों-करोड़ों खर्च करके हमने अपना संविधान बनाया है। और इस संविधान बनाने के लायक बनने के लिए बहुत खून बहाया है। यह खून इसलिए बहा है कि आगे निरर्थक खून बहने से रोका जा सके। लेकिन, क्या ऐसा हो पाया है। 70 साल भी ठीक से नहीं बीते और हमने आजादी के समस्त मूल्यों को लहूलुहान कर दिया है। अंग्रेजों को जिनकी बात पसंद नहीं आती थी उनके साथ वो हिंसक सुलूक से नहीं हिचकते थे। आजादी की नींव यहीं से पड़ी थी। शासन के चरित्र से हमें दिक्कत थी। शासन के उसी चरित्र की ओर हम क्या नहीं बढ़े जा रहे आजादी के 70 साल बाद।

बहुत से लोग कहेंगे कि इतना भी बुरा हाल नहीं है भाई। वो जान लें कि है। जितना वो सोचते हैं या हम सोचते हैं उससे भी बुरे हालात हैं। हम जब विचारधारा, देश और धर्म के नाम पर मनुष्यों की हिंसा को जस्टिफाइ करने लगें तो समझिए हालात बुरे ही नहीं अनियंत्रित भी हैं। आजादी के बाद हमें अपने कृषि क्षेत्र में काम करना था कि आत्मनिर्भर ही नहीं दुनिया में पोषक भी बन सकें। हमें अपनी शिक्षा पर काम करना था कि शिक्षित ही नहीं विश्व-शिक्षक भी बन सकें। हमें अपने स्वास्थ्य क्षेत्र में काम करना था कि निरोग ही नहीं विश्व-चिकित्सक भी बन सकें। उद्योग की दिशा में मेहनत करनी थी कि उद्यमी ही नहीं विश्व में पालक भी बन सकें। खेल की दिशा में आगे बढ़ना था कि खिलाड़ी ही नहीं खेल-शक्ति भी बन सकें। बनने के लिए कितना कुछ सोचा गया था। लेकिन हम क्या बन पाए? हालत यह है कि सब कुछ छोड़कर हम आदमखोर बनते जा रहे हैं।

शांति, सद्भाव, प्रेम, बंधुता डरपोक लोगों की ढाल नहीं है। ये मानव-मूल्य हैं। विचारों की लड़ाई में विचारों को कटने की बजाय ये कट रहे हैं। दिमाग और दिल अलग-अलग जगहों पर होते हैं। इनके संवाद भी अलग-अलग ही होने चाहिए। मतभेद और मनभेद को एक होने देना आपके व्यवहारकुशलता और नागरिक जिम्मेदारी की सबसे बड़ी हार है। कुछ घंटों बाद हम आजादी की 72वीं सालगिरह मनाएंगे। हर साल की तरह आजादी के शूर याद किए जाएंगे। अपने देश को सबसे आगे ले जाने की बातें होंगी। प्रेम, अमन को बढ़ावा देने की जिम्मेदारियों के पालन का वादा किया जाएगा। तिरंगे के आगे राष्ट्रगान गाया जाएगा - भारत भाग्य विधाता - जय हे, जय हे। हर साल करते हैं ये सब हम। 15 अगस्त 1948 से लेकर आज तक हर साल।

ये अलग बात है कि आजाद भारत की सुबह ही आजादी की मूल भावना की हत्या से होती है। हमने आजादी के लिए अहिंसा को हथियार बनाया। आजादी मिलते ही सबसे पहले अहिंसा के साथ हिंसा की और लगातार करते आ रहे हैं। क्या अर्थ है आजादी का? हमें इसकी परिभाषाओं में एक बार फिर उतरने की जरूरत है। हम तरह की विचारधारा, हर तरह के धर्म, हर तरह की संस्कृति, हर तरह के त्योहार, हर तरह के लोग सबको आजाद करने की जरूरत है। आखिर, आजादी सबको मिली थी न। फिर, वर्चस्व की लड़ाई के जरिए हम फिर गुलामी को पोषण देने पर क्यों तुले हैं? इस 15 अगस्त इसी पर सोचिए। एकांत में बैठकर। आंखें मूंदकर। एक नागरिक की तरह। एक भारतीय की तरह। एक बटा एक सौ पच्चीस करोड़ भारत की तरह।

(15 अगस्त 2018 को लिखित)

Thursday, 30 August 2018

यह सरकार प्रतिरोध और सवालों की संस्कृति को गूंगा बना देना चाहती है!

Image result for modi cartoon

तरकशः 'अराजक' कानून के प्रति आस्थावान प्रधानमंत्री की संवैधानिक सजा क्या है?

लोकतंत्र में किसी पार्टी का समर्थक होना बुरा नहीं है। दलीय जनतंत्र में जब हम एक दल से निराश होते हैं तो दूसरी की ओर उम्मीद भरी नजरों से देखते हैं। उम्मीदों का यही विस्थापन जनतंत्र को जीवित रखता है। दलों में एक दूसरे से बेहतर होने की होड़ इसी से लगती है। ताकि, वह उम्मीदें खरीद सकें अपने सुचरित्र से। जनतंत्र में जनता की शक्ति भी यही है। इसीलिए, किसी पार्टी का समर्थक होना उससे उम्मीद करना बुरा नहीं है। एक के बदले दूसरे के समर्थन में निश्चित रूप से हम उसका इतिहास नहीं देखते। हम उसके दावे देखते हैं। उसके वादे देखते हैं। उसकी सच्चाई परखते हैं। उसके बाद अपने समर्थन का रंग उसके झंडे में मिला देते हैं।

लेकिन तब क्या करें जब दावे धोखेबाज हो जाएं। जब वादे खोखले हो जाएं। जब झूठ बोलना ही बेहतर वक्तव्य और कुशल 'राज'नीति का मापदंड माना जाने लगे। क्या करेंगे? अगर ऐसा हो रहा है तो मान लीजिए कि अब आपकी उम्मीदें 'काले धन' से खरीदी जा रही हैं। ऐसा होने लगे तो समझ जाइए कि प्रतिस्पर्धाओं ने 'अवैध हथियारों' का इस्तेमाल शुरू कर दिया है। ऐसा होने लगे तो थोड़ा सशंकित हो जाइए कि आपकी मासूमियत और आपके विश्वास को मूर्खता की उपाधि से अलंकृत करके जनतंत्र की आड़ में एकतंत्र या तानाशाही का घिनौना खेल खेला जा रहा है। थोड़ा भयभीत हो जाइए कि दूसरों को शहीद होता देखते-देखते कभी भी कोई तीर आपकी छाती से भी पार हो सकता है।

प्रधानमंत्री ने दिसंबर 2017 में कहा कि 50 दिन में अगर कोई खास उपलब्धि नहीं रही तो मैं चौराहे पर खड़ा हो जाऊंगा और आप जो सजा देना चाहें मुझे दे सकते हैं। जनता लाइनों में खड़ी हो गई कि इतने बड़े पद पर रहते हुए इतना लोकप्रिय नेता झूठ थोड़े बोलेगा। देश के लिए देशवासी 'विपदा' झेलने को तैयार हो गए। देशभक्ति की राह में न जाने कितने अघोषित शहीद हुए, न जाने कितनों के व्यापार बर्बाद हो गए। न जाने कितनों की शादियों में दिक्कतें आईं, घर अधूरे रह गए, सपने अधूरे रह गए। कितनों के घर में कई दिनों तक चूल्हा नहीं जला। पकवान छोड़िए, नियमित भोजन नहीं बने। ये सब किसलिए झेला गया। इसलिए कि अनैतिक और अवैध तरीके से जुटाए गए तमाम भ्रष्ट और तथाकथित बड़े लोगों के खाते में जो काला धन है उसका हिसाब हो सके। उनको सजा दिया जा सके। सरकार ने कहा कि काला धन तो बाहर होगा ही आतंकवादियों के आर्थिक रास्ते बंद हो जाएंगे।

सब कुछ देश के लिए सहन किया गया कि एक दिन खबर आएगी कि भ्रष्टाचार को करारा तमाचा मारा गया है। इससे कम से कम कुछ सालों तक भ्रष्टाचार की तीव्रता में कमी तो आती ही। सच में जानकर खुशी होती कि देश पर हमला करने वाले आतंकियों के आय के स्रोत बंद हो गए और वो बर्बाद होकर घूम रहे हैं। ये सब हुआ नोटबंदी की वजह से। हम भी एक आर्टिकल लिखते कि इस सरकार ने चाहे 5 साल में कुछ भी न किया हो लेकिन नोटबंदी के लिए इसे एक बार वोट देना जरूरी है। लेकिन, खबर क्या आई। खबर आई कि विदेशों में जमा काला धन दोगुना हो गया। खबर आई कि आरबीआई ने एक रिपोर्ट जारी की है। जिसमें कहा गया है कि तकरीबन 99.3 प्रतिशत 500-1000 के नोट वापस आ गए हैं। सिर्फ 0.7 प्रतिशत नोट अर्थव्यवस्था से बाहर हुए।

नोटबंदी के पहले जो दावे किए जा रहे थे उसमें तो ये आंकड़ा तकरीबन 25 फीसदी के आस-पास बताया जा रहा था। तकरीबन 6-7 लाख करोड़ रुपए के इकानॉमी से बाहर होने की बात की जा रही थी। आखिर ऐसा क्या हुआ। क्या दिक्कत आई कि आपके अनुमान ध्वस्त हो गए। क्या इसका जवाब गुजरात में अमित शाह की अध्यक्षता वाले बैंक में सबसे ज्यादा नोट बदले जाने वाली रिपोर्ट जैसी घटनाओं की तह में है? नक्सलियों का हमला, सीमा पार से आतंकियों का हमला कुछ भी तो प्रभावित नहीं हुआ। डिजिटल कैश तक के माहौल तक की बातें झूठी साबित हो गईं। क्या वजह रही? कौन जिम्मेदार है? किसकी जवाबदेही है?

यह सवाल सरकार से नहीं है। आप जो कोई भी हैं और इसे पढ़ रहे हैं उनसे ये सवाल है। आप इस देश की सरकार हैं। आप भी जवाबदेह हैं। जवाब दीजिए इसका कि कौन जिम्मेदार है? नोटबंदी की लाइन में खड़े रामसुवन की मौत का जिम्मेदार कौन है? दिसंबर 2016 में नुकसान की वजह से बर्बादी की कगार पर आ गए व्यापारियों की हालत के जिम्मेदार कौन हैं? छोटे व्यापारियों, बुनकरों, कुटीर उद्योगपतियों के भयानक नुकसान का जिम्मेदार कौन है? देश में क्या कुछ हो रहा है उस पर कुछ बोलने का आपके पास वक्त है? उस पर सवाल उठाने का आपके पास वक्त है? जय शाह पुत्र अमित शाह की संपत्ति अचानक लाख गुनी कैसे बढ़ जाती है इसका जवाब ढूंढने की आपने कोशिश की? विजय माल्या, नीरव मोदी, मेहुल चौकसी जैसे लोग जनता की गाढ़ी कमाई लूटपाटकर विदेश कैसे भाग गए? मजाक बनाने के अलावा इससे जुड़ा कोई सवाल सरकार तक आपने पहुंचाया। ऐसे कई सवाल आपके पास से गुजरे होंगे, उस पर कभी ध्यान दिया?

नहीं दिया तो कम से कम अब ध्यान देने की कोशिश कीजिए। चौराहे पर खड़े होने और लोगों से सजा देने की बात कहने वाले प्रधानमंत्री को ऐसी अराजक सजाएं देने की जरूरत नहीं है। हम तो कम से कम सभ्य बनें। संवैधानिक बनें। संविधान के मुताबिक उनकी जो सजा है हम उतनी ही सजा दें। इसके लिए फिर से समर्थन और उम्मीद के विस्थापन पर आइए। देवताओं की तरह पूजना बंद कीजिए। अंध समर्थन के चक्र से बाहर आइए। आपको अपने मूल्य बचाने हैं तो। आपको अपना खुद का पक्ष बचाना है तो। दिल्ली से दूर बैठे गांवों में अपने आप को महत्वहीन समझना बंद करना होगा। 5 साल के बाद अगले साल फिर से चुनाव होगा। दावों और वादों का खेल एक बार फिर खेला जाएगा। लाखों-करोड़ों रूपए पानी की तरह बहा दिए जाएंगे। आपको जबर्दस्ती बताया जाएगा कि उन्होंने आपकी बेहतरी के लिए बहुत कुछ किया। आप सुनेंगे। नारे लगाएंगे लेकिन वोट देने से पहले आप उनसे सवाल नहीं कर पाएंगे। आपको सवाल करने का मौका नहीं दिया जाएगा। आपको सवाल करने ही नहीं दिया जाएगा। क्यों!!!

क्योंकि, ऊंचे मंचों और ऊंची कुर्सियों को सवाल सुनने की आदत नहीं है। वो सवाल नहीं सुनना चाहते। वो केवल झूठ बोलना चाहते हैं। उन्होंने झूठ बोला कि हमने एसआईटी काला धन वालों को पकड़ने के लिए बनाई है। पांच साल में काला धन वालों के खिलाफ उन्होंने क्या किया, यह सवाल आप उनसे नहीं पूछ सकते। उन्होंने झूठ बोला कि हम स्मार्ट सिटी बनाएंगे। पांच साल में कितने शहर स्मार्ट बने ये सवाल उनसे नहीं पूछ सकते आप। उन्होंने झूठ कहा कि भ्रष्टाचारियों को संसद में नहीं घुसने देंगे। 5 साल में कितने भ्रष्टाचारी संसद से बाहर निकाले गए ये सवाल आपको नहीं पूछने दिया जाएगा। भ्रष्टाचार के आरोपसिद्ध लोगों को पार्टी में शामिल करने और पद देने संबंधी आपके सवाल आपकी जबान से बाहर भी नही निकलने दिए जाएंगे। किसानों की आय दोगुनी करने का झूठ देश की अधिसंख्य किसान जनता से छिपा नहीं है। किसानों को फसल की उचित कीमत पाने भर के लिए क्या-क्या नहीं करना पड़ा। किसानों के प्रदर्शन की अनदेखी से इस सरकार ने देश के अन्नदाताओं का सीधा अपमान किया है। किसानों का अपमान देश के उन समस्त आर्थिक मध्यवर्ग और निम्नवर्ग परिवारों का अपमान है जिनकी जिंदगी खेत के भरोसे चल रही है। क्या आपको यह अपमान नहीं लगता? अपने आत्मसम्मान को इतना सहिष्णु न बनाइए।

किसानों और गरीबों की सरकार होने का दावा करके सत्ता में आए ये लोग पूरे पांच साल जाने कैसे-कैसे मुद्दों पर राजनीति करते रहे। अपनी नाकामियां छिपाने के लिए इन्होंने राष्ट्रवाद, हिंदुत्व, मां, सैनिक जैसे पावन शब्दों को राजनैतिक खिलौना बना दिया। आतंक और भ्रष्टाचार से छुटकारा दिलाने के वादे के बरअक्स इन्होंने भय और भ्रष्टाचार का नया व्यापार खड़ा किया। इन्होंने 'स्वदेशी आतंकवादी' बनाए। मॉब लिंचर्स पैदा किए गए। सवाल करने वाले लोग अलग-अलग तरह से किनारे लगा दिए गए। अभिव्यक्ति के मंचों पर डंडा चलता रहा। रचनात्मकता या तो सहमी रही या किनारे लगा दी गई या फिर राग दरबारी हो गई। राग दरबारी लोग फले-फूले। जो खिलाफ रहे उन्हें शहरी नक्सली बोलकर जेल भेज दिया गया। उन्हें इस्तीफा देने को मजबूर कर दिया गया। उन्हें तरह-तरह से परेशान किया गया। यह सरकार प्रतिरोध और सवालों की संस्कृति को गूंगा बना देना चाहती है। यह सरकार जनतंत्र को फनतंत्र बनाकर खेल रही है। लगातार उसका मजाक उड़ा रही है। सत्ता पाने के लिए हर तरह की जोड़-तोड़, संविधान के साथ खिलवाड़ को सामान्य बनाने की कोशिश कर रही है। यह बड़ी गहरी राजनीति है। कुछ दिनों बाद इस तरह की राजनीति में हर किसी का दम घुटने लगेगा।

Tuesday, 28 August 2018

देश में बराबरी का 'प्रधानसेवक' चल रहा है

कम्युनिस्टों से लाख दिक्कत हो लेकिन साम्यवाद तो हमें चाहिए ही। लेकिन चूंकि दिक्कत है, इसलिए हमारा 'साम्यवाद' दूसरे किस्म का होगा। कांवड़िए गाड़ी तोड़ें या हड्डी, उन लोगों को तो बिल्कुल दिक्कत नहीं होना चाहिए जो दलित आंदोलन, मराठा आंदोलन, जाट आंदोलन, करणी सेना धूर्तता के वक्त चुप रहे थे या समर्थक थे। अगर उन लोगों को हड्डी तोड़ने, गाड़ी तोड़ने का अधिकार प्राप्त है तो हमारे 'साम्यवाद' के हवाले से हमको भी अधिकार मिलने चाहिए। हम भी हड्डी इत्यादि तोड़ें। तभी तो बराबरी आएगी न भाई।

हम बहुत जमीन से जुड़े लोग हैं। धरती माता की जय। इसलिए, बराबरी हासिल करने में भी हम ऊपर नहीं देखते। कौन उठे? हां, गिरकर बराबरी करनी हो तो बताओ। देर नहीं लगेगी। गिरने में तो हमारा कोई सानी ही नहीं है। सिरमन कई दफा छज्जन ठाकुर से कह चुके थे, अपनी भैंस को संभालो। रोज हमारे दरवाजे पर गोबर कर जाती है। छज्जन नहीं माने। अगले दिन सवेरे-सवेरे सिरजन छज्जन के दरवाजे को पवित्र कर आए। इस तरह से उन्होंने कर्म में साम्यवाद का परचम बुलंद किया। आदमी तो छोड़िए, उन्होंने जानवर तक के साथ साम्यवाद स्थापित कर दिया। इसे कहते हैं बराबरी।

देश में बराबरी का 'प्रधानसेवक' चल रहा है। प्रधानसेवक तूफान का नया पर्यायवाची है भक्तजनों के मुताबिक। वहीं विपक्ष के मुताबिक झूठ का भी है। खैर, दोनों अपने-अपने हिसाब से समझें। हमें तो अपनी जान बचानी है। दोनों से। लेकिन हां, बराबरी का प्रधानसेवक तो चल ही रहा है। बल्कि इस मामले में वैश्विक प्रतिस्पर्धा है। अमेरिका ने, पाकिस्तान ने भारत का अनुसरण करते हुए यही मार्ग अपनाया था। साम्यवाद का यह नया मार्ग है। गृहमंत्री बोले, 84 से बड़ी मॉब लिंचिंग नहीं कर पाए हम। लेकिन कोशिश कर रहे हैं न। आपने 60 सालों में जो किया हम पांच साल में तो कर ही देंगे। हम समानता लाने के प्रति प्रतिबद्ध हैं।

कांग्रेस ने कहा- कैसे? हमने आजादी की लड़ाई लड़ी। आप ये कैसे कर पाएंगे। भाजपाई बोले - करेंगे, वो भी करेंगे। कार्य प्रगति पर है। पहले पराधीन तो कर दें। फिर हम अपने तरीके से लड़ाई लड़ेंगे। आजादी की। तब आएगी बराबरी। पिछले 60 सालों में देश में बराबरी के तराजू ने हिंदुओं को काफी ऊपर उठा दिया था। उसे ज्यादा से ज्यादा नीचे गिराना है। जनेऊ के धागे के माध्यम से इस अभियान में विपक्ष भी जुड़ गया।

बराबरी का वैभव पूरी तरह से उसके प्रतिद्वंदी में है। कि हम किससे बराबरी हासिल करना चाहते हैं। पाकिस्तान कहता है हम अपनी अर्थव्यवस्था को भारत से आगे ले जाएंगे। भारत कहता है कि पाकिस्तान में फलां लोगों का जीना दूभर है। बांग्लादेश में फलां लोग मारे जा रहे हैं। हम सब बराबर कर देंगे। अपनी श्रेष्ठता या बराबरी दिखाने के लिए हमें दो-चार ही देश याद आते हैं। हमारी समानता की प्रतिस्पर्था उन्हीं से है।

समस्त मीडिया भी आजकल 'अवकरिका' से भरपूर है। नौकरी जाने का खतरा है नहीं तो बता देते कि अवकरिका माने कचरा होता है। लेकिन कुछ लोग लगे थे प्रसून खिलाने में। बार-बार सफाई देना पड़ रहा था। ये कहां की बराबरी है भाई। असमानता तो छोड़िए, आप तो 'भक्ति-भावना' आहत करने लगे थे। बराबरी ऐसे नहीं आती है। आप बराबर में नहीं चलेंगे तो काट के फेंक दिए जाएंगे।

श्रेष्ठता खास लोगों की पैतृक संपत्ति थोड़ी है (बपौती कहना थोड़ा अशिष्ट लग रहा था।) इसलिए, साम्यवाद के प्रति प्रतिबद्ध हम लोगों ने 'अनुसूचित' संस्थानों को भी एमिनेन्स का दर्जा दिया। जनता को हमारी तरह कैमरे पर 'सत्य' बोलने का मौका दिया। उदाहरण के रूप में छत्तीसगढ़ की किसान महिला को देख लीजिए। उसके दोगुनी आय के 'सत्योद्घाटन' से विपक्ष की शक्ल का 'मार्गदर्शक मंडल' हो गया था।

यह अलग तरह के साम्यवाद का दौर है। उन्होंने किया था तो हम कर रहे हैं। वो कर रहे हैं इसलिए हम भी कर रहे हैं। 'तब कहां थे' इस साम्यवाद का ध्येय वाक्य है और तथाकथित 'रक्षा' मूल भाव। इस साम्यवाद से आप इतना गिर सकते हैं कि भूमिगल जल की जगह पर आप स्थापित हो सकते हैं। फिर, बिना 'पानी' वाली दुनिया में उम्मीद के अंकुर कैसे फूटेंगे, पता नहीं।

स्मृतिशेषः सार्थक वक्तव्यों का मर्यादित नेता अटल बिहारी

नफरत के खिलाफ बिगुल फूंक देने से कोई प्रेम का पैरोकार नहीं हो जाता। प्रेम का पैरोकार होने के लिए प्रेम करना भी तो जरूरी है। प्रेम होना भी तो जरूरी है। नफरत के खिलाफ नफरत से खड़े होने वाले नफरत के खिलाफ कैसे और प्रेम के साथ कैसे? यह सच है कि हालिया इतिहास में हिंदू पंथ के लोगों की प्रेम की परिभाषा थोड़ी दूषित हुई है। आप उसे सांप्रदायिकता कह सकते हैं लेकिन आस्था और सांप्रदायिकता में अंतर करने के बाद। आप किसी आस्थावान को सांप्रदायिक कैसे कह सकते हैं। आप जिनके खिलाफ हैं उनकी भाषा कैसे बोल सकते हैं? आज की दुनिया में विद्वानों की टोली में शामिल होने की बजाय प्रेम करने वालों की टोली में शामिल होना ज्यादा बेहतर है।

विश्लेषण किया जाए तो एकदम आदर्श इंसानों का समुच्चय रिक्त ही दिखेगा। गलतियां चाभी की तरह होती हैं जो सही रास्ते का ताला खोलती चलती हैं। तो क्या आलोचना गलतियों पर होगी या उसके आगे के सुधारगत कदमों की होगी? यहां हर एक बात मैं अटल बिहारी के वाजपेयी के निधन से जुड़ी लोगों की प्रतिक्रियाओं के संदर्भ में कह रहा हूं। लेकिन इसका मतलब ये नहीं है कि मैं ऐसा कह रहा हूं कि अटल जी ने बहुत सी गलतियां की और उन पर आलोचना होनी चाहिए। पता नहीं, जिन गलतियों को हम गलतियां कह रहे हैं वह गलतियां हैं भी कि नहीं। अटल को सांप्रदायिक घोषित किया जा रहा है। कुछ ने उन्हें बेकार कवि कहा। कुछ ने कहा कि आज भाजपा का जो स्वरूप है वह उन्हीं की वजह से है। यह सब तब कहा जा रहा है जब तकरीबन 13 9 सालों से बोलना बंद कर चुके अटल इहलोक छोड़कर चले गए। लोग ऐसे लोगों को संस्कारों की दुहाई देकर चुप करा रहे हैं। लेकिन, उन्हें तो अपनी विद्वत्ता, निष्पक्षता, पंथ-निरपेक्षता और उंगली काट शहादत पर इतराना है। उन्हें आप किसी भी विधि से चुप नहीं करा सकते।

राजनीति को आप काजल की कोठरी कहते हैं। यह सभी को पता है कि राजनीति की गाड़ी कैसे चलती है। मजबूरियों, उसूलों, चरित्र और जनहित में सामंजस्य बिठाकर राजनीति चलती है। आज के दौर की राजनीति में कोई ऐसा राजनेता ढूंढकर दिखाइए जिसने अटल जी की तरह इन चीजों से सामंजस्य बिठाया हो। राजनैतिक आदर्श और मर्यादा की अनुपालना के जितने सर्वश्रेष्ठ उदाहरण अटल जी के साथ जुड़े हैं उतने हिंदुस्तान के किसी एक हथेली की उंगलियों पर गिने जा सकने वाले नेताओं से जुड़े दिखाई पड़ते हैं। अटल को इसलिए दोष दिया जाता है कि वह आरएसएस और भाजपा के कार्यकर्ता थे। क्या यह उनका ऐब है? क्या हम गांधी, नानक और कबीर की उसी परंपरा से हैं जिसमें कहा जाता है कि घृणा पाप से करो पापी से नहीं? अटल को अपनी संस्कृति को लेकर अभिमान था। अपने हिंदू होने पर गर्व था। यह उनकी विचारधाराई संस्कार का अभिन्न हिस्सा था तो क्या यह उनका ऐब हुआ। उन्होंने अपने धर्म के नाम पर हिंसा करने को तो कभी नहीं कहा और न किया। उल्टा जिन लोगों ने किया वह भले ही उनकी पार्टी के क्यों न थे, उनका विरोध ही किया। वो भी सार्वजनिक रूप से। पार्टी के अंतर्विरोध का प्रतिनिधि होना क्या आसान है? हिंदू तन-मन हिंदू जीवन रग-रग हिंदू मेरा परिचय। कविता में कहां गलती है। कांवड़ियों के उपद्रव, योगी आदित्यनाथ के घटिया बयान और नरेंद्र मोदी के गोधरा वाले नीच कृत्य को ही आप हिंदुत्व समझते हैं क्या? अगर हां, तो यह आपके अल्पज्ञान की समस्या है।

जगती का रच करके विनाश कब चाहा है निज का विकास
भू-भाग नहीं, शत-शत मानव के हृदय जीतने का निश्चय।
मैं तो समष्टि के लिए व्यष्टि का कर सकता बलिदान अभय।

इन पंक्तियों में अटल के हिंदुत्व का अर्थ है। कविता वीररस की है। अतिशयोक्ति अलंकार है। अगर साहित्यिक सौंदर्य से उनके राजनीतिक चरित्र और व्यक्तिगत संस्कार का मूल्यांकन करेंगे तो कथित विद्वत्ता का अलंकार जरूर पा लेंगे लेकिन यह न्याय तो कतई नहीं होगा। किसी ने लिखा आज की पीढ़ी जब पैदा हुई तब अटल अपनी छवि बदल चुके थे। कौन सी छवि बदला उन्होंने? उनसे पूछने की जरूरत है। राजनीति में लंबे समय तक विपक्ष की भूमिका में रहने वाले बल्कि सशक्त विपक्ष की भूमिका में रहने वाले अटल राजनीति में तब उतरे थे जब देश में नेहरू युग चल रहा था। क्या उम्र रही होगी उनकी। लेकिन उनकी राजनीतिक समज और छवि का अंदाजा इसी से लगाइए कि नेहरू ने ब्रिटिश प्रधानमंत्री से जब उनका परिचय कराया तब कहा कि विपक्ष के बड़े प्रतिभाशाली नेता हैं और मैं इनमें देश के भावी राजनेता की छवि देखता हूं। क्या आप इसी छवि की बात करते हैं? एक विदेशी पदाधिकारी से बात करते हुए नेहरू ने अटल को देश का भावी प्रधानमंत्री तक बता दिया था। अगर तब उनकी छवि ये थी और हमारे जन्म के बाद उन्होंने छवि बदल ली तो ये छवि कितनी शानदार हो गई, आप इसका अंदाजा लगाइए।

नरेंद्र मोदी को उन्होंने गुजरात का मुख्यमंत्री बनाया। 2001 की बात है। 2002 में गोधरा कांड हुआ तो उन्हें पद से हटाने को भी तैयार हो गए। सभी जानते हैं कि पार्टी में इस मामले को लेकर अटल बिल्कुल अकेले पड़ गए थे। लेकिन इस विषय पर उन्होंने अपना स्टैंड तो रखा। उन्होंने मोदी को राजधर्म की सीख दी। उन्होंने कहा कि राजा के लिए प्रजा-प्रजा में भेद करना सही नहीं है। धर्म के आधार पर, जाति के आधार पर या संप्रदाय के आधार पर। यह उनकी राजनीति का राजधर्म था। उन्होंने खुद के लिए भी यह दावा नहीं किया कि वह अपने राजधर्म का पूरी तरह पालन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मैं प्रयास कर रहा हूं अपने राजधर्म की पालना का। इस सत्यनिष्ठा की आज की राजनीति में उम्मीद की जा सकती है क्या? यह सबको पता है कि अटल वही बोलते थे जो कर पाते थे। एक-एक शब्द सार्थक।

अटल के वक्तव्यों में एक गैप हुआ करता था। पॉज। इस पॉज में राजनीतिक जिम्मेदारी, लोकतांत्रिक मर्यादा, सत्यनिष्ठा, भाषायी शिष्टता और मानुषिक शालीनता का शब्दकोश था। इतने लंबे राजनीतिक करियर में लगातार सक्रिय रहते आप किसी के खिलाफ अशालीन टिप्पणी, व्यवहार से बचे रहते हैं यह क्या किसी बड़ी उपलब्धि से कम है। बिना किसी ठोस मर्यादित चरित्र के क्या ऐसा हो पाना संभव है। यह सच है कि अटल आजादी की ओस में सद्यस्नात संस्कारों, विचारों, चरित्र और आचरणगत मूल्यों के आखिरी वट- वृक्ष थे। उनके बाद से ही भारतीय राजनीति ने मर्यादाओं के पर्दे फाड़ दिए। अब संसद में क्या होता है? राजनीति में क्या होता है, हम सभी देख-सुन रहे हैं।

(17 अगस्त को लिखित)